Home Blog Page 916

Latest World News :“युद्ध रोकना चाहते हैं, तो पुतिन-जेलेंस्की को साथ बैठना होगा” – रूस-यूक्रेन संघ पर बोले ट्रंप

रूस-यूक्रेन संघर्ष पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘ ब्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की को एक साथ आना होगा क्योंकि हम युद्ध को रोकना चाहते हैं। लाखों लोगों की हत्या को रोकना चाहते हैं। मैं युद्ध विराम देखना चाहता हूं। मैं इस युद्ध विराम के समझौते को पूरा करना चाहता हूं।’

यह अमेरिका को बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं करता

ट्रंप ने कहा कि यह अमेरिका को बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं करता है क्योंकि यह महासागर के दूसरी तरफ दोनों देशों के बीच संघर्ष हो रहा है। यह यूरोप को प्रभावित करता है। हमने बहुत ज्यादा पैसा लगाया है। हम 300 बिलियन डॉलर के लिए तैयार हैं और वे (यूरोप) 100 बिलियन डॉलर के लिए तैयार हैं।’

बाइडेन को हमें इस झंझट में कभी नहीं डालना चाहिए

रूस और यूक्रेन संघर्ष पर ट्रंप ने कहा, ‘जो बाइडेन ने उन्हें सिर्फ पैसे दिए, कोई ऋण या सुरक्षा नहीं थी। हमें सुरक्षा पाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर करना होगा। हम अपना खजाना एक ऐसे देश पर खर्च कर रहे हैं जो बहुत दूर है। हमारे साथ वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए, जैसा यूरोप के साथ किया जा रहा है। बाइडेन को हमें इस झंझट में कभी नहीं डालना चाहिए था। हमें मध्य पूर्व में भी कुछ अच्छी खबरें मिलने वाली हैं। कल उन बच्चों को देखना किसी को भी स्वीकार्य नहीं था।’

हम जल्द लगाएंगे पारस्परिक शुल्क- ट्रंप

इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘हम जल्द ही पारस्परिक शुल्क लगाएंगे। वे हमसे शुल्क लेंगे, हम उनसे शुल्क लेंगे। कोई भी कंपनी या देश, जैसे कि भारत या चीन जो भी शुल्क लगाए, हम निष्पक्ष होना चाहते हैं। इसलिए पारस्परिक शुल्क लगाना चाहते हैं। हमने ऐसा कभी नहीं किया। हम ऐसा करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कोविड आ गया।

Latest Bollywood News :सलमान खान के करीबी दोस्त हैं इस देश के प्रधानमंत्री, जन्मदिन पर दी खास बधाई

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की फैन फॉलोइंग भारत समेत दुनिया के कई देशों में है। सलमान खान को विदेशों में भी लोग पसंद करते हैं और कार्यक्रमों में बुलाते रहते हैं। सलमान खान खुद भी विदेशों की बड़ी हस्तियों के दोस्त हैं। सलमान ने शुक्रवार को अपने दोस्त और भूटान के प्रधानमंत्री किंग ‘जिग्मे खेसर नगामील’ को जन्मदिन की बधाई दी है। सलमान खान ने इस खास मौके पर भूटान के प्रधानमंत्री की फोटो शेयर करते हुए उन्हें बर्थडे विश किया है। साथ ही लिखा कि जल्द ही मुलाकात करते हैं।

सलमान खान ने फोटो शेयर कर दी बधाई

सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर भूटान के प्रधानमंत्री किंग ‘जिग्मे खेसर नगामील’ की फोटो शेयर कर बधाई दी है। सलमान खान ने पोस्ट के साथ लिखा, ‘सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘मेरे दोस्त और भाई भूटान के किंग जिग्मे खेसर नगामील को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका विशेष दिन खुशियों से भरा हो और आपके लोगों के प्यार से घिरा हो। मैं जल्द ही आने के लिए उत्सुक हूं।’ इस पोस्ट को देखकर सलमान खान के फैन्स भी खुश हो गए और इसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में अपने स्टार की तारीफ करने लगे। कई लोगों को सलमान खान का ये अंदाज बेहद पसंद आया है। सलमान खान के पोस्ट के कमेंट्स में फैन्स ने उनकी तारीफों के पुल बांधे हैं।

सिकंदर की तैयारी में व्यस्त हैं सलमान खान

बता दें कि सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म सिकंदर की तैयारी में व्यस्त हैं। साउथ फिल्मों के डायरेक्टर मुरुगुदास इस फिल्म के सूत्रधार हैं। फिल्म में सलमान खान के साथ रश्मिका मंदाना लीड रोल में नजर आने वाली हैं। फिल्म की तैयारी जोरों पर है। बीते दिनों फिल्म की शूटिंग सेट पर सलमान हैदराबाद पहुंचे थे। यहां कुछ दिनों की शूटिंग के बाद वापस मुंबई लौट आए थे। अब सलमान खान इस फिल्म की शूटिंग पूरी करने में जुटे हैं। जल्द ही इस फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन शुरू होने वाला है। साथ ही सलमान खान को स्क्रीन पर देखने का फैन्स का भी इंतजार समाप्त होने वाला है। सिकंदर 8 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

latest Sports News :मुंबई इंडियंस ने RCB के विजय रथ को रोका, हैट्रिक से किया दूर; इन खिलाड़ियों ने दिलाई जीत

मुंबई इंडियंस की टीम ने आरसीबी की टीम को चार विकेट से हरा दिया। इस के साथ आरसीबी का वुमेंस प्रीमियर लीग 2025 में पिछले दो मैचों से चला आ रहा विजय रथ रुका और आरसीबी की टीम जीत की हैट्रिक नहीं लगा पाई। मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद आरसीबी की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 167 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। लेकिन हरमनप्रीत कौर, नेट सेवियर ब्रंट और अमनजोत कौर की बदौलत मुंबई ने आसानी से टारगेट चेज कर लिया।

हरमनप्रीत कौर ने लगाया अर्धशतक 

मुंबई इंडियंस की शुरुआत मनमुताबिक नहीं रही। जब यास्तिक भाटिया और हेले मैथ्यूज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। इसके बाद नेट सेवियर ब्रंट और हरमनप्रीत कौर ने रन बनाने की जिम्मेदारी संभाली। ब्रंट ने 42 रन बनाए और कप्तान हरमनप्रीत ने 50 रनों की शानदार पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। अंत में अमनजोत कौर ने अहम 34 रन बनाए। हरमनप्रीत और अमनजोत ने पांचवें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। इन प्लेयर्स की वजह से ही मुंबई की टीम मैच जीतने में सफल रही।

मंधाना ने की थी आक्रामक शुरुआत 

आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 57 रन था। इसके बाद एलिसे पेरी ने केवल 43 गेंदों में 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। रिचा घोष (25 गेंदों पर 28) और कप्तान स्मृति मंधाना (13 गेंदों पर 26) ने भी आरसीबी की तरफ से उपयोगी योगदान दिया। शानदार फॉर्म में चल रही मंधाना ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। वह हालांकि अपनी पारी लंबी नहीं खींच पाई और उनके आउट होते ही आरसीबी का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया। मीडियम फास्ट बॉलर अमनजोत मुंबई की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 22 रन देकर तीन विकेट लिए।

पहले नंबर पर है आरसीबी की टीम

WPL 2025 की प्वाइंट्स टेबल में आरसीबी की टीम  ने तीन मुकाबले खेले हैं और उसके चार अंक हैं। उसका नेट रन रेट प्लस 0.835 है और वह पहले पायदान पर काबिज है। दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस दूसरे नंबर पर है। जबकि उसके भी चार अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट आरसीबी से कम है। मुंबई का नेट रन रेट प्लस 0.610 है।

जोहान्सबर्ग: G-20 का आया बड़ा ऐलान, UNSC समेत संयुक्त राष्ट्र में सुधार की उठाई मांग

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता में विदेश मंत्रियों की पहली बैठक में भाग ले रहे जी 20 के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान किया है। जी-20 प्रतिनिधियों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बदलाव सहित यूएन में सुधार की तत्काल जरूरत बताई है। बैठक में उपस्थित प्रमुख लोगों में विदेश मंत्री एस जयशंकर, उनके रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव और चीनी विदेश मंत्री वांग यी शामिल थे।

बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के अंतरराष्ट्रीय संबंध और सहयोग मंत्री रोनाल्ड लामोला ने यहां दो दिवसीय बैठक के समापन पर कहा, ‘‘(जी20) संयुक्त राष्ट्र को उद्देश्य के अनुकूल और वर्तमान अंतरराष्ट्रीय वास्तविकता के लिहाज से प्रासंगिक बनाने के लिए इसमें सुधार की आवश्यकता का समर्थन करता है। इसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद भी शामिल है।” उन्होंने पहले कहा था कि दक्षिण अफ्रीका का मानना ​​है कि संयुक्त राष्ट्र शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उपयुक्त मंच बना हुआ है, जिसे वैश्विक शासन की अन्य संस्थाओं का समर्थन प्राप्त है।

वैश्विक शासन प्रणालियों में सुधार की मांग

लामोला ने वैश्विक शासन प्रणालियों में सुधार की व्यापक आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, ‘‘(हम) वैश्विक शासन की अंतरराष्ट्रीय प्रणालियों में सुधार की आवश्यकता का समर्थन करते हैं, जिसमें अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संरचना, बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली और बहुपक्षीय विकास बैंक शामिल हैं।’’ अपने उद्घाटन भाषण में रामोला ने जी20 प्रतिनिधियों से भू-राजनीतिक मुद्दों का समाधान करने के लिए दक्षिण अफ्रीका के प्रस्तावित दृष्टिकोण का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शांति और मानव विकास के लिए आम राय पर आधारित रणनीति विकसित करने के वास्ते शेरपा, विदेश मंत्रियों और नेताओं के स्तर पर ऐसे मुद्दों पर चर्चा की जानी चाहिए। रामोला ने कहा, ‘‘इस तरह कार्य समूहों में भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा नहीं की जाएगी, जिससे ये बैठकें केवल तकनीकी चर्चाओं पर ही केंद्रित रहेंगी।

वैश्विक संघर्षों पर जाहिर की चिंता

लामोला ने कहा हम विशेष रूप से अफ्रीकी महाद्वीप पर दूसरों को छोड़कर केवल एक संघर्ष की स्थिति पर ध्यान केंद्रित करने के खिलाफ भी चेतावनी देना चाहते हैं, जैसा कि हाल के दिनों में चलन रहा है।’’ जी20 ने भू-राजनीतिक चर्चाओं के प्रबंधन के लिए दक्षिण अफ्रीका के प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक में संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को प्राप्त करने में धीमी प्रगति पर भी चर्चा हुई। लामोला ने कहा, ‘‘(जी 20 देशों ने) संयुक्त राष्ट्र एजेंडा 2030 के एसडीजी लक्ष्यों की प्राप्ति में धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की। इस उद्देश्य से, बैठक में प्रयासों में तेजी लाने के लिए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया गया और (इस बैठक के) विषय – एकजुटता, समानता और स्थिरता के अनुरूप एसडीजी के लिए जी 20 की मजबूत प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई।’’ जारी वैश्विक संघर्ष चर्चा का एक और केंद्र बिंदु थे।

सभी देश करें यूएन चार्टर का पालन

लामोला ने कहा, ‘‘ये संघर्ष आर्थिक विकास और सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए हानिकारक हैं। कुछ प्रतिभागियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य पर युद्धों के प्रभाव को एक प्रमुख चिंता के रूप में उजागर किया। संघर्ष की रोकथाम और शांति-निर्माण में सतत निवेश को प्राथमिकता के रूप में रेखांकित किया गया।’’ उन्होंने कहा कि जी-20 मंत्रियों ने दोहराया कि सभी राज्यों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। लामोला ने कहा, ‘‘संघर्ष में शामिल सभी पक्षों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून सहित अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रावधानों का पालन करना चाहिए। इन सिद्धांतों के आधार पर यूक्रेन, फलस्तीन, सूडान, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और दुनिया भर के अन्य प्रमुख संघर्षों में न्याय की दिशा में सभी प्रयासों का समर्थन करने पर सहमति बनी।’’

व्यापक भू-राजनीतिक विभाजन को मान्यता

बैठक में व्यापक भू-राजनीतिक विभाजन को भी मान्यता दी गई, जिसने अविश्वास के माहौल को बढ़ावा दिया है। लामोला ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका मंच के काम को आगे बढ़ाने के लिए जी20 के सभी सदस्यों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और अपनी अध्यक्षता के दौरान समूह की एकता को बनाए रखने के साथ एक सेतु बनाने की भूमिका निभाएगा। दक्षिण अफ्रीका 2025 के लिए जी20 की मेजबानी कर रहा है तथा यह बैठक पूरे वर्ष के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत है। जी20 के सदस्यों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका, अफ्रीकी संघ और यूरोपीय संघ शामिल हैं।

Latest Hindi News :पुनर्विकसित त्रिपुरेश्वरी मंदिर का PM मोदी करेंगे उद्घाटन, जानें इस शक्तिपीठ का महत्व

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 7 अप्रैल को त्रिपुरा के गोमती जिले में पुनर्विकसित त्रिपुरेश्वरी मंदिर का उद्घाटन कर सकते हैं। त्रिपुरा सरकार के एक मंत्री ने इस बारे में जानकारी दी है। बता दें कि त्रिपुरेश्वरी मंदिर भारत के 51 ‘शक्ति पीठों’ में से एक है। इस मंदिर को केंद्र सरकार की ‘प्रसाद’ (PRASAD) योजना के अंतर्गत 54 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया गया है। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से।

क्या है प्रसाद योजना?

त्रिपुरा के वित्त मंत्री प्राणजीत सिंह रॉय ने बताया है कि पीएम मोदी ने प्रसाद योजना के तहत त्रिपुरेश्वरी मंदिर के पुनर्विकास के लिए धनराशि को मंजूरी दी थी। राज्य के लोग चाहते हैं कि वह मंदिर का उद्घाटन करें। बता दें कि प्रसाद योजना केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय की एक योजना है। इस योजना का मकसद भारत में स्थित तीर्थ स्थलों को विकसित करना है।

सीएम माणिक साहा ने पीएम मोदी को दिया निमंत्रण

वित्त मंत्री प्राणजीत सिंह रॉय ने जानकारी दी है कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दिल्ली में पीएम मोदी से मिलकर उन्हें मंदिर का उद्घाटन करने का न्योता दिया था। पीएम मोदी ने सीएम को मंदिर के उद्घाटन के लिए एक संभावित तारीख तय करने को कहा था और वह इसकी पुष्टि करेंगे। वित्त मंत्री ने बताया है कि निर्माण एजेंसी 20 मार्च तक पुनर्विकसित मंदिर को सौंप देगी। मंदिर के उद्घाटन की संभावित तारीख 7 अप्रैल तय की गई है।

क्या है मंदिर की खासियत?

त्रिपुरा सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, महाराजा धन्य माणिक्य ने त्रिपुर सुंदरी मंदिर की स्थापना साल 1501 में की थी। वह बांग्लादेश के चटगांव से लाल काले रंग की कस्ती पत्थर से बनी माता त्रिपुर सुंदरी की मूर्ति लेकर आए थे और इस मंदिर में स्थापित किया। इस मंदिर को देश के 51 शक्ति पीठों में से एक माना जाता है। बता दें कि शक्ती पीठ उन स्थानों को कहा जाता है जहां जहां देवी सती के शरीर के अंग गिरे थे। ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव के तांडव के दौरान देवी सती का दाहिना पैर यहां गिरा था।