Home Blog Page 905

धार/इंदौर:यूनियन कार्बाइड कारखाने का कचरा अब होगा नष्ट, सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप से किया इनकार

 मध्य प्रदेश के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के एक ‘वेस्ट डिस्पोजल प्लांट’ में भोपाल के यूनियन कार्बाइड कारखाने के 337 टन कचरे में से 10 टन अपशिष्ट को परीक्षण के तौर पर जलाकर भस्म किए जाने के पहले दौर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को शुरू हुई इस प्रक्रिया के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 1984 की भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े अपशिष्ट को धार जिले के पीथमपुर में एक प्राइवेट कम्पनी के संचालित प्लांट में ट्रांसफर करने और उसका निपटान करने के मध्य प्रदेश हाई को्रट के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया।

SC ने परीक्षण पर रोक लगाने से किया इनकार

जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस एजी मसीह की बेंच ने ‘यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड’ के प्लांट से निकले कचरे के निपटान के गुरुवार को होने वाले परीक्षण पर रोक लगाने से भी इनकार कर दिया। प्रदेश सरकार के मुताबिक यूनियन कार्बाइड कारखाने के कचरे में इस बंद पड़ी यूनिट के परिसर की मिट्टी, रिएक्टर अवशेष, सेविन (कीटनाशक) अवशेष, नेफ्थाल अवशेष और ‘अर्द्ध प्रसंस्कृत’ अवशेष शामिल हैं। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कहना है कि वैज्ञानिक प्रमाणों के मुताबिक इस कचरे में सेविन और नेफ्थाल रसायनों का प्रभाव अब ‘लगभग नगण्य’ हो चुका है।

‘कचरे को जलाकर नष्ट करने में 72 घंटे लगेंगे’

बोर्ड के मुताबिक फिलहाल इस कचरे में मिथाइल आइसोसाइनेट (MIC) गैस का कोई अस्तित्व नहीं है और इसमें किसी तरह के रेडियोधर्मी कण भी नहीं हैं। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्रीनिवास द्विवेदी ने बताया,‘यूनियन कार्बाइड कारखाने के 5 तरह के कचरे को पीथमपुर के ‘वेस्ट डिस्पोजल प्लांट’ में मिक्सर से उचित अनुपात में मिलाकर इसके 10 टन हिस्से को भस्मक में डाला जाएगा। इससे पहले, भस्मक को खाली चलाकर इसका तापमान 850 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचाया जाएगा।’ उन्होंने बताया कि कचरे को दहकते भस्मक में डाले जाने की प्रक्रिया शुक्रवार सुबह 10-11 बजे से शुरू होने की उम्मीद है और इसमें 10 टन कचरे को परीक्षण के तौर पर जलाकर नष्ट करने में लगभग 72 घंटे लगेंगे।

‘पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है’

द्विवेदी ने बताया कि निपटान की पूरी प्रक्रिया के दौरान निकलने वाले ठोस अवशेषों, पानी और गैसों का भी उचित निपटारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यूनियन कार्बाइड के कचरे के निपटान से जुड़े कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उन्हें मास्क, चश्मे, दस्ताने और अन्य उपकरण दिए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस कचरे के निपटान की प्रक्रिया शुरू होने के बीच पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में 24 थानों के करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर हैं।

भोपाल में हुई थी कम से कम 5479 लोगों की मौत

बता दें कि भोपाल में 2 और 3 दिसंबर 1984 की दरमियानी रात यूनियन कार्बाइड कारखाने से अत्यधिक जहरीली मिथाइल आइसोसाइनेट (MIC) गैस का रिसाव हुआ था। इससे कम से कम 5,479 लोग मारे गए थे और हजारों लोग अपंग हो गए थे। इसे दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक आपदाओं में से एक माना जाता है। भोपाल में बंद पड़े यूनियन कार्बाइड कारखाने के 337 टन कचरे के निपटान की योजना के तहत इसे सूबे की राजधानी से करीब 250 किलोमीटर दूर पीथमपुर में एक औद्योगिक अपशिष्ट निपटान संयंत्र में 2 जनवरी को पहुंचाया गया था।

ऑस्कर विजेता हॉलीवुड एक्टर जीन हैकमैन और उनकी पत्नी का हुआ निधन, घर में पाए गए मृत

लॉस एंजिलिस। हॉलीवुड फिल्म ‘द फ्रेंच कनेक्शन’ और ‘अनफॉरगिवन’ में अपनी भूमिकाओं के लिए ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित 95 वर्षीय अभिनेता जीन हैकमैन और उनकी पत्नी बुधवार को न्यू मेक्सिको स्थित अपने घर में मृत मिले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हैकमैन 1960 के दशक से लेकर सिनेमा जगत से संन्यास लेने तक रुपहले पर्दे पर दिखे और उन्होंने अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। वह फिल्म जगत के सबसे सम्मानित कलाकारों में से एक थे। उन्होंने दर्जनों फिल्म कीं। उन्हें ‘द फ्रेंच कनेक्शन’ और ‘अनफॉरगिवन’ में उनकी भूमिकाओं के लिए ऑस्कर से नवाज़ा गया था। उन्होंने ‘सुपरमैन’ फिल्म में खलनायक का किरदार निभाया था।

कई यादगार किरदारों को पर्दे पर निभाकर जीते दिल

सांता फे काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता डेनिस एविला ने कहा कि बुधवार को स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब पौने दो बजे घर की जांच करने के अनुरोध पर पुलिस वहां पहुंची। अधिकारियों ने तलाशी वारंट में लिखा कि हैकमैन, उनकी पत्नी और उनके कुत्ते की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी थी और दंपति के शव अलग-अलग कमरों में थे। हैकमैन एक कमरे में मृत मिले तथा उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा बाथरूम में मृत मिलीं। अराकावा के शव के पास दवा की एक खुली हुई बोतल और गोलियां बिखरी हुई थीं। अधिकारियों को उनकी मौत के संबंध में किसी साजिश का संदेह नहीं है, लेकिन उनकी मौत की परिस्थितियों का कोई विवरण भी जारी नहीं किया तथा कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अमेरिकी फिल्मकार कोपोला ने ‘इंस्टाग्राम’ पर कहा कि वह हैकमैन के निधन पर दुख जताते हैं और सिनेमा जगत में उनके योगदान की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि हैकमैन एक महान अभिनेता थे और उनका अभिनय प्रेरणादायक तथा शानदार रहा।

हॉलीवुड सितारों ने जताया दुख

ऑस्कर विजेता निर्देशक फ्रांसिस फोर्ड कोपोला, जिन्होंने ‘द कन्वर्सेशन’ में हैकमैन के साथ काम किया था, ने पोस्ट किया, ‘एक महान कलाकार का खोना हमेशा शोक और उत्सव दोनों का कारण बनता है।’ ‘एक महान अभिनेता, प्रेरणादायक और अपने काम और जटिलता में शानदार।’ कोपोला ने लिखा, ‘मैं उनके नुकसान पर शोक मनाता हूं और उनके अस्तित्व और योगदान का जश्न मनाता हूं।’

अभिनेता और लेखक जॉर्ज टेकी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में हैकमैन को स्क्रीन के सच्चे दिग्गजों में से एक कहा। ‘जीन हैकमैन किसी की भी भूमिका निभा सकते हैं और आप इसके पीछे पूरी जिंदगी महसूस कर सकते हैं। टेकी ने लिखा, वह हर कोई हो सकता है और कोई नहीं, एक विशाल उपस्थिति या रोजमर्रा का जो। “उनकी कमी खलेगी, लेकिन उनका काम हमेशा जीवित रहेगा।’ 1967 की ‘बोनी एंड क्लाइड’ में सफलता पाने से पहले हैकमैन 36 वर्ष के थे यह भूमिका उन्हें ‘द ग्रेजुएट’ में मिस्टर रॉबिन्सन की भूमिका खोने के बाद मिली थी।

Nepal Earthquake:भारत के इस पड़ोसी देश में धरती कांपी, जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए

 भारत के पड़ोसी देश नेपाल में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए हैं। शुक्रवार तड़के नेपाल में दो बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। एक भूकंप राजधानी काठमांडू के पास तो दूसरा बिहार बॉर्डर के पास आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता क्रमश: 6.1 और 5.5 मापी गई है। भूकंप का केंद्र नेपाल में था और यह तड़के ढाई बजे के करीब आया। भूकंप के झटके भारत के कुछ इलाकों तक महसूस किए गए हैं।

नेपाल में था केंद्र

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल ही था। भूकंप के पहले झटके नेपाल के बागमती प्रांत में देर रात 2.36 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। फिलहाल, किसी तरह नुकसान की खबर नहीं है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज ने बताया कि भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर (6.21 मील) थी।

6.1 मापी गई तीव्रता

नेशनल अर्थक्वेक मॉनिटरिंग एंड रिसर्च सेंटर के मुताबिक,  नेपाल में दूसरा झटका 2 बजकर 51 मिनट पर भी भूकंप आया। काठमांडू से 65 किलोमीटर पूर्व सिंधुपालचौक जिले में कोदारी हाईवे पर सुबह 2:51 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.1 मापी गई। काठमांडू घाटी और उसके आसपास के इलाकों में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए।

यह भी जानें

    • 0 से 1.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर सिर्फ सिस्मोग्राफ से ही पता चलता है।
    • 2 से 2.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर हल्का कंपन होता है।
    • 3 से 3.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर कोई ट्रक आपके नजदीक से गुजर जाए, ऐसा असर होता है।
    • 4 से 4.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर खिड़कियां टूट सकती हैं। दीवारों पर टंगी फ्रेम गिर सकती हैं।
    • 5 से 5.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर फर्नीचर हिल सकता है।
    • 6 से 6.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर इमारतों की नींव दरक सकती है। ऊपरी मंजिलों को नुकसान हो सकता है।
    • 7 से 7.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर इमारतें गिर जाती हैं। जमीन के अंदर पाइप फट जाते हैं।
    • 8 से 8.9 रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर इमारतों सहित बड़े पुल भी गिर जाते हैं।
    • 9 और उससे ज्यादा रिक्टर स्केल पर भूकंप आने पर पूरी तबाही। कोई मैदान में खड़ा हो तो उसे धरती लहराते हुए दिखेगी। समंदर नजदीक हो तो सुनामी। भूकंप में रिक्टर पैमाने का हर स्केल पिछले स्केल के मुकाबले 10 गुना ज्यादा ताकतवर होता है।

Latest Bollywood News :महाकुंभ खत्म होते ही बदला मोनालिसा का रंग-रूप? नई तस्वीरों में लोग नहीं पहचान पाए

महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा इन दिनों फिल्मी गलियारों में घूमती नजर आती हैं। महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए वायरल हुईं मोनालिसा की तस्वीरों ने उन्हें फर्श से लेकर अर्श तक पहुंचा दिया है। मोनालिसा को डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने अपनी फिल्म ‘द मणिपुर फाइल्स’ में कास्ट किया है। इस फिल्म में मोनालिसा एक्टिंग करती नजर आने वाली हैं। लेकिन इससे पहले ही मोनालिसा का रंग-रूप बदला नजर आ रहा है। डायरेक्टर सोनज मिश्रा अक्सर ही मोनालिसा के साथ तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। हाली ही में सनोज मिश्रा ने मोनालिसा के साथ फोटो शेयर की हैं। इन तस्वीरों में मोनालिसा को लोग पहचान भी नहीं पाए। साथ ही मोनालिसा के नए लुक की लोग तारीफ भी कर रहे हैं।

मोनालिसा के नए लुक को नहीं पहचान पाए लोग?

उत्त प्रदेश के प्रयागराज शहर में बीते दिनों महाकुंभ शुरू हुआ था। इस महाकुंभ मेले में कई चमत्कार देखने को मिले। यहां रुद्राक्ष की माला बेचते हुए एक लड़की की तस्वीरें किसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीं। सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें जमकर वायरल हुईं और ये मोनालिसा रातों-रात फेमस हो गईं। यहां महाकुंभ में मोनालिसा के साथ फोटो खिंचाने वालों की भीड़ देखने को मिली। इसके बाद अब मोनालिसा को डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने अपनी फिल्म में कास्ट कर लिया है। इतना ही नहीं सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को ग्रूम करने का भी जिम्मा उठाया है। सनोज मिश्रा अक्सर ही मोनालिसा के साथ नजर आते हैं। बीते दिनों से मोनालिसा फिल्मी गलियारों में घूम रही हैं और अब उनका रंग-रूप भी बदला नजर आ रहा है। गुरुवार को सनोज मिश्रा ने मोनालिसा के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में मोनालिसा को लोग मुश्किल से पहचान पाए।

सोशल मीडिया ने बनाया स्टार

बता दें कि इंदौर के पास एक गांव की रहने वाली मोनालिसा एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं। अपने रोजगार के लिए मोनालिसा ने महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचने का काम संभाला था। यहां माला बेचते समय किसी ने उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीं। ये तस्वीरें और वीडियो झटके में वायरल होने लगे। मोनालिसा को देख कई लोगों को उनकी आंखें पसंद आईं और तारीफ भी की। मोनालिसा रातों-रात सोशल मीडिया पर फेमस हो गईं। मोनालिसा को डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने अपनी फिल्म में कास्ट कर लिया है। अब जल्द ही मोनालिसा फिल्मी स्क्रीन पर नजर आने वाली हैं।

Latest Sports News :RCB को मिली करारी हार, स्मृति मंधाना रही फ्लॉप; गुजरात जायंट्स की कप्तान ने जड़ा अर्धशतक

WPL 2025 में स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली आरसीबी की टीम को गुजरात जायंट्स की टीम ने 6 विकेट से हरा दिया। इस मैच में आरसीबी की गेंदबाज और बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं। इसी वजह से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। गुजरात की कप्तान एश्ले गार्डनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ, जिसके बाद आरसीबी की टीम सिर्फ 125 रनों पर ही सिमट गई। गुजरात ने एश्ले गार्डनर के अर्धशतक की बदौलत टारगेट हासिल कर लिया।

एश्ले गार्डनर ने लगाया अर्धशतक

छोटे टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जब बेन मूनी 11 रन और दयालन हेमलता सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद नंबर तीन पर उतरीं हरलीन देओल 5 रन बना सकीं। ऐसे में गुजरात की टीम संकट से घिरी हुई दिखाई दे रही थी। लेकिन फिर एश्ले गार्डनर और फोएबे लिचफील्ड ने सधी हुई बल्लेबाजी से गुजरात को जीत दिला दी। इन दोनों प्लेयर्स ने शानदार बल्लेबाजी की। गार्डनर ने 31 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और तीन छक्के लगाए। फोएबे फिचफील्ड ने 21 गेंदों में 30 रन बनाए और वह अंत तक आउट नहीं हुईं। शानदार प्रदर्शन के लिए गार्डनर को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

बिखरी आरसीबी की बल्लेबाजी

दूसरी तरफ आरसीबी की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही। कप्तान स्मृति मंधाना बड़ी पारी नहीं खेल पाईं और वह सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुईं। एलिस पैरी तो अपना खाता तक नहीं खोल पाईं। ऋचा घोष ने 9 रन बनाए। राघवी बिष्ट और कानिका आहुजा ने कुछ देर विकेट पर टिकने की कोशिश की, लेकिन ये प्लेयर्स अच्छी शुरुआत मिलने के बाद पवेलियन लौट गईं। कनिका और राघवी ने आक्रामक बल्लेबाजी कर मैच में वापसी करने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 37 गेंद में 48 रन जोड़े। कनिका ने लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा।

राघवी बिष्ट ने 22 रन और कानिका आहुजा ने 33 रनों का योगदान दिया। जॉर्जिया बेयरहेम ने 20 रन बनाए। किम गार्थ ने 14 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही आरसीबी की टीम 100 रनों के पार पहुंचने में सफल रही। गुजरात के लिए डिएंड्रा डॉटिन और तंनुजा कंवर ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं एश्ले गार्डनर और काशवी गौतम ने एक-एक विकेट चटकाया।