Home Blog Page 869

Health Tips Update : आंतों को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके, गट हेल्थ के लिए नहीं लेनी पड़ेगी दवाएं।

आंतों के स्वास्थ्य को अक्सर हम सभी नजरअंदाज कर देते हैं। खासकर तब जब तक कोई समस्या नहीं हो। लेकिन अगर आंत का स्वास्थ्य खराब होता है, तो यह शरीर पर कई तरह से असर डाल सकता है। इसका असर सिर्फ पेट की समस्या तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह मूड और इम्यून सिस्टम को भी प्रभावित कर सकता है। जब भी ‘गट माइक्रोबायोम’ की बात की जाती है, तो यह पाचन तंत्र में रहने वाले सूक्ष्मजीवों के समूह की बात होती है। इसमें गुड और बैड दोनों तरह के बैक्टीरिया शामिल होते हैं।

अधिकतर लोगों की आंत में सैकड़ो या हजारों तरह की बैक्टीरिया, फंगल और वायरस होते हैं। यह सूक्ष्मजीवी आपकी सेहत को कई तरह से बेहतर बनाते हैं। जैसे इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाना, खाने से जरूरी पोषक तत्व लेना, सूजन को कम करना, मूड और मानसिक सेहत बेहतर करना और हानिकारक बैक्टीरिया से सुरक्षा करना शामिल है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको आंत के स्वास्थ्य को सुधारने के 5 आसान तरीकों के बारे में बताने जा रहे हैं।

फाइबर वाला खाना

फाइबर आंत में अच्छे बैक्टीरिया के लिए भोजन की तरह काम करता है। यह पाचन को बेहतर बनाने के साथ कब्ज जैसी समस्याओं को होने से रोकता है। रोजाना 21 से 38 ग्राम फाइबर तो डाइट में जरूर शामिल करें। इसके लिए आप अपनी डाइट में चना, राजमा, ब्राउन राइस, जई, जामुन, सेब, एवोकाडो, पालक, शकरकंद, ब्रसेल्स स्प्राउट्स, अलसी और चिया आदि को शामिल कर सकते हैं।

पर्याप्त नींद

अच्छे स्वास्थ्य और आंत की सेहत के लिए पर्याप्त नींद लेना बहुत जरूरी है। नींद में कमी होने पर पाचन खराब होने के साथ ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है। इसलिए रोजाना कम से कम 7 से 9 घंटे की नींद जरूर लें। नींद में सुधार के लिए आपको स्क्रीन से बचना चाहिए। वहीं नियमित रूप से सोएं और जागें। साथ ही दिन में हल्का-फुल्का व्यायाम करें।

स्ट्रेस न लें

बता दें कि अधिक स्ट्रेस लेना भी आंत की सेहत के लिए अच्छा नहीं होता है। ज्यादा तनाव की वजह से कब्ज, दस्त और पेट दर्द की समस्याएं हो सकती हैं। तनाव कम करे के लिए आप मेडिटेशन, बेली ब्रीदिंग और रिलैक्सेशन थेरेपी का सहारा ले सकते हैं।

पानी ज्यादा पिएं

आंत के स्वास्थ्य के लिए आपका हाइड्रेटेड रहना बहुत जरूरी है। पोषक तत्वों को पचाकर शरीर तक पहुंचाने में पानी मदद करता है। इससे कब्ज की समस्या नहीं होती है और यह पाचन तंत्र को भी ही रखता है। इसलिए रोजाना कम से कम 4-6 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। शरीर में पानी की कमी होने पर मुंह सूखना, सिरर्द, थकान, प्यास लगना और चक्कर आना आदि महसूस होने पर आपको पानी पीने की मात्रा बढ़ा देना चाहिए।

रोजाना व्यायाम करें

फिजिकल एक्टिविटी आपकी आंत के बैक्टीरिया को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करती है हर सप्ताह 150 से 270 मिनट व्यायाम करना चाहिए। इसके कई फायदे जैसे- आंत माइक्रोबायोम में सुधार, सूजन कम करना, पाचन बेहतर बनाना है। आप चाहें तो तेज चल सकते हैं और योग या फिर स्ट्रेचिंग कर सकते हैं।

लीमा (पेरू):पेरू में भड़की हिंसा, हालात बिगड़ने पर राष्ट्रपति ने लगाया आपातकाल।

 पेरू की हिंसा ने बहुत विकराल रूप धारण कर लिया है। राजधानी लीमा में खूनी हिंसा को देखते हुए राष्ट्रपति ने आपाताकाल की घोषणा कर दी है। ताकि बिगड़ते हुए हालात को काबू में लाया जा सके। बता दें कि राष्ट्रपति ने एक लोकप्रिय गायक की हत्या के एक दिन बाद शुरू हुई व्यापक हिंसा के बीच, सोमवार को राजधानी में आपातकाल की घोषणा की और हिंसा की बढ़ती घटनाओं से निपटने में पुलिस की मदद के लिए सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया।

पेरू की राष्ट्रपति डीना बोलुआर्टे की सरकार ने एक आदेश जारी कर कहा कि आपातकाल 30 दिन तक रहेगा और इस दौरान सभा करना और आंदोलन करना समेत विभिन्न गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। यानी पुलिस और सेना न्यायिक आदेश के बिना लोगों को हिरासत में ले सकती है। पेरू में हाल के महीनों में हत्याओं, जबरन वसूली और सार्वजनिक स्थानों पर हमलों के मामलों में वृद्धि हुई है।

हत्या और वसूली के मामलों में बड़ा इजाफा

पेरू की हिंसा का अंदाजा इस बता से भी लगाया जा सकता है कि पुलिस ने एक जनवरी से 16 मार्च तक हत्या के 459 मामले दर्ज किए जबकि अकेले जनवरी में जबरन वसूली के 1,909 मामले दर्ज किए गए। प्रख्यात बैंड ‘आर्मोनिया 10’ के प्रमुख गायक पॉल फ्लोरेस की रविवार को हत्या के बाद हिंसा की घटनाएं चरम पर पहुंच गईं। बोलुआर्टे सरकार ने इससे पहले सितंबर और दिसंबर के बीच आपातकाल की घोषणा की थी।

मनोरंजन न्यूज़ :महेंद्र सिंह धोनी ‘एनिमल’ लुक में नजर आए, रणबीर कपूर की तरह दिखा दमदार अंदाज।

एमएस धोनी खेल से संन्यास लेने के बाद भी दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटर हैं। 43 साल की उम्र में भी धोनी में स्टारडम है और लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने की क्षमता है। वह केवल एक क्रिकेटर नहीं हैं बल्कि लोगों की भावना हैं। धोनी के बिना आईपीएल की कल्पना नहीं की जा सकती। 23 मार्च को चेपक में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के पहले मैच से कुछ दिन पहले धोनी ने धमाकेदार पारी खेली। हाल ही में एक विज्ञापन में धोनी को सुपरहिट बॉलीवुड फिल्म ‘एनिमल’ में रणबीर कपूर के लुक में देखा गया। सच कहें तो धोनी ने इस लुक में कमाल कर दिया है।

रणबीर कपूर के एनिमल लुक में खूब जंचे धोनी

धोनी फिल्म के बॉलीवुड अभिनेता से बिल्कुल मिलते-जुलते हैं। उम्मीद के मुताबिक यह विज्ञापन पहले ही वायरल हो चुका है। धोनी के इस लुक को देखकर फैन्स भी बोले ‘थाला फॉर अ रीजन।’अब धोनी आईपीएल की तैयारी में जुटे हैं। 22 मार्च से आईपीएल शुरू हो रहा है। सुपर किंग्स का पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा जो एक धमाकेदार मुकाबला होने की उम्मीद है। दोनों टीमें लीग के इतिहास में सबसे सफल हैं। CSK और MI दोनों ने ही पांच-पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। संयोग से दोनों की कप्तानी एक ही है। CSK के लिए धोनी और MI के लिए रोहित शर्मा सबसे अहम हैं।

हेयरस्टाइल को लेकर फेमस रहे धोनी

बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी पहले भी अपनी हेयरस्टाइल को लेकर सुर्खियां बटोर चुके हैं। धोनी ने जब भारतीय क्रिकेट टीम में डेब्यू किया था तब भी उनके बाल काफी बड़े थे। लंबे छक्के और बड़े बाल ही धोनी की पहचान बने। फैन्स को धोनी का ये लुक काफी पसंद आता था। धोनी के इस लुक को लोग कॉपी भी करते थे। लेकिन कुछ साल बाद ही धोनी ने अपने बालों को कटा दिया और बड़े बाल वाले लुक को अलविदा कह दिया था। अब एक बार फिर धोनी ने एक विज्ञापन के लिए एनिमल लुक को अपनाया है। इस लुक को देख फैन्स को भी पुराने धोनी और उनके लंबे छक्कों की याद आ गई।

अंगोला:नाइट्रोजन सुंघाकर शख्स को दी गई सजा-ए-मौत, रोंगटे खड़े कर देने वाले अपराध को दिया था अंजाम।

 अमेरिका के लुइसियाना में 1996 में एक महिला की हत्या करने के लिए दोषी पाए गए एक शख्स को मंगलवार की शाम नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल करके मौत की सजा दी गई। अमेरिका में नाइट्रोजन गैस से मौत की सजा देने का यह पांचवां मामला था और इससे पहले के सभी 4 मामले अलाबामा से जुड़े थे। अधिकारियों ने बताया कि 46 साल के जेसी हॉफमैन जूनियर को लुइसियाना स्टेट पेनिटेंटियरी में शाम 6:50 बजे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नाइट्रोजन गैस की सप्लाई 19 मिनट तक जारी रही, और हॉफमैन ने नाइट्रोजन सूंघकर दम तोड़ दिया।

18 साल की उम्र में ही कर दिया था मर्डर

बता दें कि अमेरिका में इस हफ्ते 3 और लोगों को मौत की सजा देनी है, और इन तीनों को इंजेक्शन लगाकर मारा जाएगा। बुधवार को एरिजोना में एक शख्स को मौत की सजा दी जाएगी, जबकि गुरुवार को फ्लोरिडा और ओक्लाहोमा में भी 2 लोगों को मौत की सजा दी जानी है। हॉफमैन को मैरी ‘मौली’ इलियट की हत्या का दोषी ठहराया गया था। 28 साल की मैरी की हत्या हॉफमैन ने न्यू ऑरलियन्स में की थी। अपराध के समय हॉफमैन 18 वर्ष का था और तब से उसने अपना अधिकांश वयस्क जीवन दक्षिण-पूर्वी लुइसियाना की उसी जेल में बिताया था, जहां उसे मंगलवार शाम को नाइट्रोजन सुंघाकर मौत की सजा दी गई।

सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली थी राहत

बता दें कि अदालती लड़ाई के बाद इस महीने की शुरुआत में हॉफमैन के वकीलों ने फांसी रोकने की आखिरी उम्मीद में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने तर्क दिया था कि यह मौत की सजा देने की एक क्रूर विधि है, लेकिन लुइसियाना के अधिकारियों ने कोर्ट को बताया कि इस विधि में व्यक्ति को कोई कष्ट नहीं होता। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 5-4 के बहुमत से लुइसियाना के अधिकारियों के पक्ष में फैसला सुनाया था। मंगलवार की दोपहर कुछ लोगों ने जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया था लेकिन इससे हॉफमैन को मौत की सजा देने की योजना पर कोई फर्क नहीं पड़ा।

लेटेस्ट बॉलीवुड न्यूज़ :मिस इंडिया बनने के बाद बॉलीवुड में कदम रखा, इमरान हाशमी संग इंटीमेट सीन ने दिलाई पहचान।

‘आशिक बनाया आपने’ और ‘ढोल’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर अभिनेत्री तनुश्री दत्ता 19 मार्च को अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। पूर्व मिस इंडिया ने 2005 में बॉलीवुड में धमाकेदार शुरुआत की थी और आध्यात्मिक यात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने कई हिट फिल्में दी थीं। आइए अभिनेत्री के अब तक के करियर पर एक नजर डालते हैं और जानते हैं कि वह अब क्या कर रही हैं। तनुश्री दत्ता ने 2003 में मनोरंजन उद्योग में अपना करियर शुरू किया। इसी साल उन्होंने मुंबई में फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता। इसके बाद उन्होंने इक्वाडोर में मिस यूनिवर्स के खिताब के लिए देश का प्रतिनिधित्व किया, जहां वह छठी रनर-अप रहीं।

इन फिल्मों ने दिलाई सफलता

उन्होंने 2005 में फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ से बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की। इस फिल्म में तनुश्री इमरान हाशमी और सोनू सूद के साथ नजर आईं। इसे आदित्य दत्त ने निर्देशित किया था और शगुन फिल्म क्रिएशन्स के बैनर तले बालाभाई पटेल ने इसका निर्माण किया था। अभिनेत्री ने फिल्म में सह-कलाकार इमरान हाशमी के साथ अपने इंटीमेट सीन के जरिए खूब ध्यान आकर्षिक किया। ये फिल्म हिट साबित हुई। कई हिंदी फिल्मों के बाद उन्होंने तमिल सिनेमा में फिल्म थीराधा विलायट्टू पिल्लई से डेब्यू किया। साल 2010 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन थिरु ने किया था और इसमें विशाल, सारा जेन-डायस, तनुश्री दत्ता और नीतू चंद्रा ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। इसका निर्माण जी के फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया था।

नाना पाटेकर पर लगाया था आरोप

साल 2018 में #MeToo आंदोलन के दौरान, तनुश्री दत्ता मीडिया की खूब आलोचनाओं के घेरे में आईं, जब उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म हॉर्न ओके प्लीज में उनके सह-कलाकार नाना पाटेकर ने फिल्म के सेट पर उनका उत्पीड़न किया था। हालांकि 2019 तक पुलिस ने अभिनेता को इन आरोपों से मुक्त कर दिया था। विवाद के बाद तनुश्री दत्ता ने फिल्मों से ब्रेक ले लिया और अध्यात्म की यात्रा पर निकल गईं। रिपोर्टों के अनुसार वह एक साल से अधिक समय तक एक आश्रम में रहीं और लामा मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए लद्दाख गईं। पिछले साल अभिनेत्री ने अपने प्रशंसकों को अपनी यात्रा की एक झलक दिखाने के लिए अपने सोशल मीडिया का सहारा लिया, जहां उन्हें पवित्र गंगा नदी में डुबकी लगाते हुए देखा गया था। तनुश्री अक्सर अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से अपने प्रशंसकों को अपने जीवन के पलों को साझा करते हुए अपडेट करती हैं। फिलहाल वो फिल्मों से अब पूरी तरह दूर हैं।