Home Blog Page 813

संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की फिल्म ने OTT पर बेहतरीन सफलता हासिल की थी, अब इसका दूसरा पार्ट आएगा, जिसमें नए राज उजागर होंगे

साल 2022 में आई थ्रिलर फिल्म ‘वध’ की अगली कड़ी ‘वध 2’ की शूटिंग अब पूरी हो चुकी है। एक बार फिर संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की दमदार जोड़ी इस फिल्म में नजर आएगी। ये फिल्म वध की स्पिरिचुअल सीक्वल है, जो उस एहसास और गहराई को आगे बढ़ा रही है जिसने पहली फिल्म को लोगों के दिलों से जोड़ दिया था। ‘वध 2’ में भी वही इमोशनल और नैतिक उलझनें देखने को मिलेंगी जो पहले पार्ट की पहचान थीं, लेकिन इस बार कहानी में कुछ नए रहस्य होंगे, जो एक बार फिर दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देंगे।

संजय मिश्रा हैं उत्साहित

‘वध 2’ का निर्देशन जसपाल सिंह संधू ने किया है और इसे लव रंजन और अंकुर गर्ग के प्रोडक्शन हाउस लव फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। ‘वध 2’ की शूटिंग पूरी होने पर अपने जज्बात जाहिर करते हुए संजय मिश्रा कहते हैं, ‘वध सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, वो एक ऐसा सिनेमा अनुभव था जो हमारे साथ-साथ दर्शकों के दिल में भी उतर गया। अब जब वो एक फ्रैंचाइजी बन रही है तो ये एक साथ विनम्रता और उत्साह से भर देने वाला है। जसपाल के निर्देशन में एक बार फिर काम करना वाकई प्रेरणादायक रहा, उनकी सोच हर सीन को एक गहराई दे देती है।’

नीना ने कही ये बात

नीना गुप्ता ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ऐसी कहानियां बहुत कम मिलती हैं जिनकी अपनी एक अलग आवाज़ होती है। जसपाल [सिंह संधू] के पास सच्चाई और तनाव को पकड़ने की जो नजर है, वो उन्हें एक बेहतरीन कहानीकार बनाती है। मुझे गर्व है कि मैं एक बार फिर इस सफर का हिस्सा बनी हूं और दर्शकों को वध 2 में हमारे द्वारा रची गई दुनिया दिखाने का बेसब्री से इंतज़ार है।’

निर्देशक ने बताई फिल्म से जुड़ी बातें

निर्देशक जसपाल सिंह संधू ने कहा, ‘वध 2 उसी आत्मा से जुड़ी है, लेकिन इस बार हम इंसानी रिश्तों और भावनाओं को और गहराई से टटोल रहे हैं। संजय जी और नीना जी के साथ दोबारा काम करना मेरे लिए एक तोहफे जैसा है। मैं लव फिल्म्स का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने इस विज़न पर भरोसा किया और पूरे दिल से इसका साथ दिया। अब बस इंतज़ार है उस पल का जब दर्शक हमारी इस दुनिया का हिस्सा बनेंगे।” वध 2 साल 2025 में रिलीज़ होगी। इस साल की शुरुआत में वध 2 की टीम ने प्रयागराज में आयोजित शुभ महाकुंभ में संगम घाट पर आस्था की डुबकी लगाकर अपनी फिल्म के लिए ईश्वर का आशीर्वाद लिया था।

संजू सैमसन ने केएल राहुल को पछाड़ते हुए आईपीएल में अब इस नंबर पर अपनी जगह बनाई है

आईपीएल में बुधवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में जैसे ही कप्तान संजू सैमसन टॉस के लिए मैदान में आए, उन्होंने केएल राहुल को पीछे छोड़ दिया। पिछले सीजन तक केएल राहुल अपनी टीम की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन इस बार वे दिल्ली के लिए बतौर खिलाड़ी ही नजर आ रहे हैं। दिल्ली की कप्तानी इस बार अक्षर पटेल के हाथ में है। चलिए आपको बताते हैं कि संजू सैमसन ने किस मामले में केएल राहुल को पीछे कर दिया है।

आईपीएल में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम

दरअसल आईपीएल में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने के मामले में तो एमएस धोनी ही नंबर एक पर हैं। वे अकेले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने 200 से ज्यादा मैचों में कप्तानी करते हुए 100 से ज्यादा मैच जीतने में भी कामयाबी हासिल की है। अब तो धोनी फिर से चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। इस बीच अगर संजू सैमसन की बात की जाए तो वे अब इस लिस्ट में नंबर आठ पर पहुंच गए हैं। संजू सैमसन अब तक 65 आईपीएल मैचों में अपनी टीम की कप्तानी कर चुके हैं। इसमें से उन्होंने 32 मुकाबले जीते हैं और 31 में हार का सामना करना पड़ा है। खास बात ये है कि वे अब तक केवल राजस्थान रॉयल्स के ही कप्तान रहे हैं।

केएल राहुल के भी कप्तानी रिकॉर्ड काफी बेहतर

केएल राहुल की बात करें तो उन्होंने आईपीएल में 64 मैचों में अपनी टीम की कप्तानी की है। इसमें से टीम ने 31 मैच जीते हैं और 31 में ही हार का सामना करना पड़ा है। दो मैच टाई पर खत्म हुए हैं। वे भले ही अभी कप्तान ना हों, लेकिन उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब और एलएसजी की कप्तानी की है। अब वे अक्षर पटेल की कप्तानी में खेल रहे हैं। बताया जाता है कि दिल्ली उन्हें अपना कप्तान बनान चाहती थी, लेकिन खुद राहुल ने ही इससे मना कर दिया और इसके बाद ये जिम्मेदारी अक्षर पटेल को दी गई है।

100 से ज्यादा मैचों केवल चार ही​ खिलाड़ियों ने संभाली है कमान

एमएस धोनी तो अब तक 200 से ज्यादा मैचों में कप्तानी आईपीएल के दौरान कर चुके हैं। इसके अलावा तीन ही कप्तान और हैं, जो 100 से ज्यादा मैचों में अपनी टीम की कमान संभाल चुके हैं। इसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली और गौतम गंभीर का नाम आता है। धोनी के अलावा अगर एक्टिव कप्तान की बात की जाए, जो इस सीजन भी ये जिम्मेदारी निभा रहा है तो उसमें पहला नाम श्रेयस अय्यर का आता है, जो अब तक 76 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। उसके बाद संजू सैमसन का नाम आता है।

क्या सफलता के बाद साउथ फिल्म इंडस्ट्री का माहौल बदल रहा है?

साउथ सिनेमा इंडस्ट्री की किस्मत के सितारे बीते कुछ साल से बुलंदियां छू रहे हैं। साउथ की फिल्में न केवल बॉलीवुड पर भारी पड़ रही हैं बल्कि अच्छी कमाई के साथ बेहतरीन कहानियों में भी बाजी मार रही है। बाहुबलि से शुरू हुआ ये ट्रेंड दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। लेकिन जैसे ही साउथ सिनेमा इंडस्ट्री सफलता की बुलंदियों को छू रही है वैसे ही यहां का माहौल भी बिगड़ता जा रहा है। यहां कलाकार लगातार एक दूसरे को नोटिस पर नोटिस भेजने लगे हैं। बीते दिनों धनुष और नयनतारा के बीच नोटिस वॉर देखने को मिला था। अब एक साउथ सिनेमा के एक और दिग्गज म्यूजिक कंपोजर इलैयाराजा ने अजीत कुमार की फिल्म ‘गुड बैड अग्ली’ में बिना अनुमति के उनके गाने इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए नोटिस भेजा है। इस नोटिस में इलैयाराजा ने फिल्म के मेकर्स से 5 करोड़ रुपयों का हर्जाना भी मांगा है।

क्या है पूरा मामला?

तमिल सिनेमा के सुपरस्टार अजीत कुमार की फिल्म ‘गुड बैड अग्ली’ बीते 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब तक इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 171.5 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है। अब बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने के बाद ये फिल्म विवादों में घिरती जा रही है। साउथ सिनेमा के ही एक दिग्गज म्यूजिक कंपोजर इलैयाराजा ने फिल्म के मेकर्स पर 3 गानों को बिना अनुमति के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं इलैयाराजा ने मेकर्स को नोटिस भी भेजा है और 5 करोड़ रुपयो के हर्जाने की मांग की है। इलैयाराजा का आरोप है कि उनके गाने  ‘ओथा रुबाइयुम थारेन’ (Otha Roobaiyum Tharen), ‘एन जोडी मांजा कुरुवी’ (En Jodi Manja Kuruvi) और ‘इलामाई इधो इधो’ (Ilamai Idho Idho) को फिल्म ‘गुड बैड अग्ली’ में इस्तेमाल किया गया है। इनके इस्तेमाल के लिए मेकर्स ने कोई अनुमति नहीं ली है।

सफलता की पीक पर साउथ इंडस्ट्री में नोटिस वॉर?

बता दें कि साउथ सिनेमा इंडस्ट्री भले ही अपनी सफलता के पीक पर है लेकिन फिर भी यहां अंतर्विवाद देखने को मिलते रहते हैं। यहां नोटिस के झगड़े जारी है। इलैयाराजा ही बीते दिनों मंजुमल बॉयस को लेकर मेकर्स को नोटिस भेज चुके हैं। इस फिल्म पर भी इलैयाराजा ने इसी तरह के आरोप लगाए थे। जिसमें उन्होंने कहा था उनके गाने ‘कानमानी अंबोदु कधालान’ (Kanmani Anbodu Kadhalan) को फिल्म के अंदर बिना अनुमति के इस्तेमाल किया गया था। हालांकि इलैयाराज इकलौते नहीं हैं जिन्होंने कॉपीराइट को लेकर नोटिस भेजा है।

नयनतारा और धनुष के बीच हुआ नोटिस विवाद

बता दें कि इससे पहले साउथ के 2 और सुपरस्टार इस नोटिस विवाद को लेकर सुर्खियां बटोर चुके हैं। यहां बीते दिनों नयनतारा की जिंदगी पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस डॉक्यूमेंट्री में नयनतारा ने अपनी पुरानी फिल्म के कुछ सीन्स लिए थे। लेकिन इस फिल्म के सीन्स का कॉपीराइट धनुष के प्रोडक्शन के पास था। जिसको लेकर धनुष ने नयनतारा पर गाना चोरी करने का आरोप लगाते हुए हर्जाने की मांग की थी। इसके बाद नयनतारा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। अब इलैयाराजा के नोटिस ने एक बार फिर साउथ सिनेमा के कलाकारों के बीच चल रहे मतभेदों पर प्रकाश डाला है।

अरे नहीं! संदीप शर्मा ने ऐसा क्या कर दिया, कि आईपीएल के 20वें ओवर में पहली बार कुछ ऐसा हुआ

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार को ऐसा कुछ हुआ, जो इससे पहले आईपीएल के इतिहास में कभी नहीं हुआ था। दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में संदीप शर्मा ने ऐसा काम किया, जो शायद कोई भी गेंदबाज नहीं करना चाहेगा। वैसे तो इससे पहले आईपीएल में कई गेंदबाज ऐसा कर चुके हैं, लेकिन बात अगर 20वें ओवर की करें तो ऐसा पहली बार हुआ है।

संजू सैमसन टॉस जीतकर चुनी पहले गेंदबाजी

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यानी दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। पारी का 19वां ओवर जब खत्म हुआ तो दिल्ली का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 169 रन था। अब आखिरी यानी 20वें ओवर की बारी आई तो कप्तान संजू सैमसन ने बॉल थमाई संदीप शर्मा को, जो इससे पहले तीन ओवर कर चुके थे और काफी किफायती गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने तीन ओवर में केवल 14 रन ही खर्च किए थे, हालांकि उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी। लेकिन 20वां ओवर उन्होंने बहुत लंबा कर दिया। पहली बॉल ही उन्होंने वाइड फेंक दी। इसके बाद दूसरी बॉल जो फेंकी, उस पर कोई रन नहीं गया। यानी ये पहली लीगल बॉल रही। लेकिन इसके बाद संदीप ने लगातार तीन बॉल वाइड डाल दी। यानी चार बॉल के बाद भी केवल एक ही बॉल गिनी गई।

चार वाइड और एक नो बॉल संदीप शर्मा ने डाली

इसके बाद अगली बॉल वाइड तो नहीं हुई, लेकिन इस बार संदीप ने नो बॉल कर दी। यानी एक रन तो गया ही, सा​थ ही दिल्ली को फ्री हिट भी मिल गया। फ्री हिट पर ट्रिस्टन स्टब्स ने चौका जड़ दिया। इसके बाद अगली बॉल पर छक्का चल गया। हालांकि चौथी, पांचवीं और छठी बॉल पर संदीप ने केवल एक एक रन ही दिया। इससे 19वें ओवर के समापन पर दिल्ली का जो स्कोर 169 रन था, वो 20वें ओवर में 188 तक जा पहुंचा। इस ओवर में संदीप ने कुल 11 बॉल फेंकी और 19 रन दे दिए।

आईपीएल में 11 बॉल का ओवर डालने वाले गेंदबाज

आईपीएल के इतिहास में ये चौथी बार है, ज​ब किसी गेंदबाज ने एक ओवर में 11 बॉल डाली हों। साल 2023 में पहली बार ऐसा हुआ था। तब मोहम्मद सिरा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 19वें ओवर में 11 बॉल डाली थीं। उसी साल यानी 2023 में ही तुषारदेश पांडे ने एलएसजी के खिलाफ चौथे ओवर में कुल 11 बॉल डालीं। इसी साल शार्दुल ठाकुर ने केकेआर के खिलाफ 13वें ओवर में 11 बॉल डाली थीं। अब इस लिस्ट में संदीप शर्मा का भी नाम जुड़ गया है। अभी तक कभी किसी भी गेंदबाज ने 20वें ओवर में 11 बॉल नहीं डाली थीं, जो अब संदीप शर्मा ने कर दिया है। हालांकि संदीप शर्मा इससे कतई खुश नहीं होंगे।

बॉलीवुड भी रह गया हैरान, इस 54 साल के साउथ स्टार की फिल्म ने 171 करोड़ रुपये की कमाई की

बॉलीवुड फिल्में जहां बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ का आंकड़ा मुश्किल से छू पा रही हैं, वहीं साउथ की फिल्में धड़ाधड़ कमाई कर सभी को चौंका रही हैं। साउथ सुपरस्टार अजीत कुमार ने 53 साल की उम्र में भी सुपरहिट फिल्म दे डाली है। अजीत कुमार की फिल्म ‘गुड बैड अग्ली’ ने महज 6 दिनों में वर्ल्डवाइड 171 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई कर सभी को चौंका दिया है। वहीं बॉलीवुड की फिल्में कमाई के मामले में स्ट्रगल कर रही हैं। वहीं साउथ की फिल्में कमाई के मामले में रिकॉर्ड बना रही हैं।

अब तक कमा डाले 171 करोड़ रुपये

बता दें कि अजीत कुमार की फिल्म ‘गुड बैड अग्ली’ को अधिक रविचंद्रन ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म में अजीत कुमार के साथ तृषा कृष्णन लीड रोल में नजर आई थीं। इसके साथ ही विंक गर्ल के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुईं एक्ट्रेस प्रिया प्रकाश वॉरियर भी इस फिल्म में अहम किरदार में नजर आई थीं। अजीत कुमार की ये फिल्म अब तक 171 करोड़ रुपयों की कमाई कर चुकी है। सेकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन ही 29.25 करोड़ रुपयों की की ओपनिंग की थी। इसके बाद दूसरे दिन 15 करोड़ की कमाई की थी। तीसरे दिन 19, चौथे दिन 22 और पांचवें दिन 15 करोड़ रुपयों की कमाई भारत में ही कर डाली है। अब तक भारत में इस फिल्म ने 112.31 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है। वहीं फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 171 करोड़ रुपयों के पार बताई जा रही है।

बॉलीवुड का बुरा हाल

बता दें कि वहीं बॉलीवुड की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंग गिर रही हैं। इस साल अब तक विक्की कौशल की फिल्म छावा सबसे बड़ी हिट रही है। इससे पहले अक्षय कुमार की फिल्म स्काईफोर्स ने भी 100 करोड़ रुपयों के क्लब में अपनी जगह बना ली थी। इसके साथ ही सलमान खान स्टारर फिल्म ‘सिकंदर’ ने भी 100 करोड़ी क्लब में अपनी जगह बना ली है। लेकिन इस फिल्म का बजट काफी ज्यादा था तो अब तक हिट और फ्लॉप का आंकड़ा नहीं आया है। वहीं सनी देओल की फिल्म जाट भी सिनेमाघरों में चल रही है। हालांकि ये फिल्म भी अब तक 50 करोड़ रुपयों की ही कमाई कर पाई है।