Home Blog Page 70

174 सप्ताह से जनविश्वास की मिसाल: तारा खेड़ा पहुंचे डॉ. राजेश्वर सिंह, मेधावियों का सम्मान और निःशुल्क नेत्र शिविर से विकास को मिली नई गति ; “आपका विधायक-आपके द्वार” अभियान के तहत ग्रामीणों से सीधा संवाद, 50 जरूरतमंदों को मिलेंगे निःशुल्क पावर के चश्मे, शिक्षा-स्वास्थ्य और जनकल्याण पर दिया विशेष जोर

तारा खेड़ा (लखनऊ)। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में लगातार 174 सप्ताह से जनसंपर्क और जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के महत्वाकांक्षी अभियान “आपका विधायक, आपके द्वार” के अंतर्गत रविवार को तारा खेड़ा ग्राम पंचायत में ग्राम बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र की विकास योजनाओं, जनसमस्याओं और उनके त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र में रखते हुए कई जनहितकारी पहलें भी की गईं।

बैठक के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में वंदना वर्मा (68%), अनुराधा (67%), सलमा (63%) तथा ललित (60%) शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य में निवेश करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

कार्यक्रम में विजन प्लस के सहयोग से विशेष निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर के माध्यम से 50 जरूरतमंद ग्रामीणों को निःशुल्क पावर के चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और स्वास्थ्य तथा शिक्षा दोनों ही समग्र विकास के मजबूत स्तंभ हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि गांव-गांव तक विकास योजनाओं को पहुंचाना, लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह जनसेवा का अभियान आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सम्मानित नागरिक, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े सुझाव भी साझा किए, जिन पर विधायक ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

SEO Keywords:

डॉ. राजेश्वर सिंह, आपका विधायक आपके द्वार, सरोजनीनगर विधायक, तारा खेड़ा ग्राम पंचायत, 174 सप्ताह जनसुनवाई, मेधावी छात्र सम्मान, निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर, Vision Plus Eye Camp, सरोजनीनगर विकास, भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह, लखनऊ समाचार, True News UP

“विजिट माई स्टेट” अभियान को मिल रहा युवाओं का साथ : बाइकर्स ने की चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार की सैर

  • प्राकृतिक सौंदर्य के साथ यूपीएसटीडीसी के आतिथ्य का भी मिला अनुभव
  • ईको-टूरिज्म के साथ राही टूरिस्ट बंगले की मेहमाननवाजी का भी आनंद
  • युवाओं की बढ़ती भागीदारी ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान की सफलता दिखाती है

लखनऊ, 05 जुलाई 2026 : योगी सरकार का ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान लोगों को उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए प्रेरित कर रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को लखनऊ से करीब 35 बाइकर्स का एक समूह कानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार पहुंचा। यहां पर उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखा और यूपी राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) के राही टूरिस्ट बंगले में आतिथ्य का अनुभव किया।

यात्रा के दौरान यूपीएसटीडीसी के कर्मचारियों ने राही टूरिस्ट बंगले में पारंपरिक तरीके से बाइकर्स का स्वागत किया। यहां उन्हें चाय-कॉफी के साथ पौष्टिक नाश्ता कराया गया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने उन्हें पक्षी विहार का भ्रमण कराया, जहां उन्होंने शांत जलाशयों और वहां आने वाले स्थानीय व प्रवासी पक्षियों को देखा तथा उनके पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी ली।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “यह बेहद उत्साहजनक है कि ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान से लगातार बड़ी संख्या में युवा जुड़ रहे हैं। युवाओं का यह बढ़ता उत्साह अभियान की सफलता का प्रमाण है। ऐसे प्रयास न केवल उन्हें उत्तर प्रदेश के ईको-टूरिज्म स्थलों और प्राकृतिक धरोहरों से जोड़ रहे हैं, बल्कि प्रदेश के विविध पर्यटन अनुभवों को करीब से जानने, समझने और प्रकृति के साथ यादगार पल बिताने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं।”

यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात ने कहा, “विजिट माई स्टेट’ अभियान लोगों को अर्थपूर्ण यात्राओं के जरिए प्रदेश के पर्यटन स्थलों को फिर से जानने और देखने के लिए प्रेरित कर रहा है। ईको-टूरिज्म और बेहतर आतिथ्य को बढ़ावा देकर हम अधिक से अधिक लोगों को उत्तर प्रदेश घूमने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं और टिकाऊ पर्यटन को मजबूत बना रहे हैं।”

समूह के सदस्य अमित सिंह ने कहा कि, “चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार प्रकृति प्रेमियों के लिए शानदार जगह है और यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से मिला आतिथ्य इस यात्रा को और यादगार बना गया। मैं सभी लोगों से इस खूबसूरत पक्षी विहार को देखने की अपील करता हूं।”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम लखनऊ आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी : एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक 42 स्थानों पर होगा अभिनंदन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पहली बार लखनऊ आगमन को लेकर प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है। उनके स्वागत को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कुल 42 स्थानों पर स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का विमान शनिवार सुबह लगभग 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनके काफिले का विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा, बैंड-बाजों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।

स्वागत कार्यक्रम में सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थकों की सहभागिता रहेगी। पूरे मार्ग को भाजपा के झंडों, बैनरों और आकर्षक स्वागत द्वारों से सजाया गया है, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।

भाजपा संगठन का दावा है कि इस ऐतिहासिक स्वागत में लाखों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। संगठन की ओर से सभी स्वागत स्थलों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत गरिमापूर्ण और यादगार बनाया जा सके।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला लखनऊ दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनका यह दौरा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति के लिहाज से भी अहम संकेत दे सकता है। ऐसे में प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं की निगाहें इस दौरे पर टिकी हुई हैं।

सीएम योगी मेदांता अस्पताल पहुंचे : महंत नृत्य गोपाल दास का जाना हालचाल

  • मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से ली महंत जी के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी
  • महंत नृत्य गोपाल दास के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मुख्यमंत्री ने की कामना
  • श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज

लखनऊ 3 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास का हाल-चाल जानने के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूज्य महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य की जानकारी चिकित्सकों से ली और उनके बेहतर उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने महंत जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की। महंत नृत्य गोपाल दास का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि श्री मणिरामदास छावनी के पूज्य महंत एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज से आज लखनऊ स्थित मेदांता हॉस्पिटल में भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। प्रभु श्री राम की कृपा से उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो, यही प्रार्थना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया नौवें तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ : बोले- बागवानी बनेगी किसानों की समृद्धि का नया आधार

लखनऊ, 3 जुलाई 2026। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को नौवें तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री ने महोत्सव का उद्घाटन करने के साथ ही ‘आम महोत्सव-2026’ की स्मारिका का विमोचन किया तथा प्रदेश के प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने महोत्सव के सफल आयोजन में मुख्यमंत्री के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज बागवानी और कृषि निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष आम महोत्सव में 800 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। यह महोत्सव केवल किसानों के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों, अभिभावकों और आम प्रेमियों के लिए भी एक अनूठा अनुभव है, जहां वे देश-विदेश की दुर्लभ आम की प्रजातियों को एक ही स्थान पर देख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का आयोजन तीन प्रमुख स्थानों पर किया गया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आम प्रदर्शनी और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि मलिहाबाद के बागानों में किसानों के साथ तकनीकी संवाद एवं भ्रमण तथा जनभवन में राज्यपाल की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, बागवानी को प्रोत्साहित करने और उत्तर प्रदेश को वैश्विक फल उत्पादन एवं निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाना है।

उद्यान मंत्री ने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि आम की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए पेपर बैग तकनीक अपनाई जा रही है। इसके साथ ही कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड, आधुनिक हाई-टेक नर्सरियों की स्थापना तथा कमल की व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहित करने जैसे कई नवाचार किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हाई-टेक नर्सरियों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले पौधों की संख्या 74 लाख से बढ़कर 29 करोड़ तक पहुंच गई है, जो प्रदेश में बागवानी क्षेत्र के तेजी से विस्तार का प्रमाण है।

शहरी क्षेत्रों में रूफ टॉप गार्डनिंग को भी विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे शहरों में हरियाली बढ़ेगी, कार्बन डाइऑक्साइड के अवशोषण में मदद मिलेगी और लोगों को घरों में ही फल एवं सब्जियां उगाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत मंडल स्तर पर औद्योगिक उन्नयन गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि कम भूमि में अधिक मूल्य देने वाली फसलें जैसे औषधीय पौधे, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, मखाना, खजूर और कमल की खेती को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग के प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश की मात्र 9 प्रतिशत भूमि पर उगाई जाने वाली औद्यानिक फसलें आज 42 प्रतिशत उत्पादन मूल्य में योगदान दे रही हैं, जबकि कृषि विभाग की 91 प्रतिशत भूमि का योगदान 58 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट है कि बागवानी किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

उत्तर प्रदेश के आम, सब्जियां और अन्य औद्यानिक उत्पाद आज अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, कतर, रूस, जर्मनी, मॉरीशस, नीदरलैंड, ओमान, नेपाल, थाईलैंड, बहरीन और स्वीडन सहित अनेक देशों में निर्यात किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भारत में आम और शहद उत्पादन में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्य है। प्रदेश के शहद को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ‘काशी शहद’ ब्रांड विकसित किया गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मजबूत पहचान बनाई जा सके।

कार्यक्रम के अंत में उद्यान मंत्री ने कहा कि उद्यान विभाग ने अपने 50 वर्षों के इतिहास में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। विभाग की योजनाओं से किसानों की आय बढ़ी है, प्रदेश की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली है।

अलीगंज में हाल ही में हुई दुखद अग्निकांड की घटना के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आयोजकों ने भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का सम्मान करते हुए महोत्सव के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय लिया। यह निर्णय पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक रहा।