Home Blog Page 692

ब्रिटेन न्यूज़ अपडेट : उत्तरी सागर में तेल टैंकर से टकराया जहाज, 37 लोगों का सफल रेस्क्यू

पूर्वी ब्रिटेन के तट के पास सोमवार को एक मालवाहक जहाज ने जेट ईंधन ढोने वाले एक टैंकर को टक्कर मार दी, जिससे दोनों जहाजों में आग लग गई। दुर्घटना के बाद एक बड़ा बचाव अभियान शुरू किया गया। आपातकालीन सेवाओं ने जानकारी दी कि उत्तरी सागर में एक तेल के टैंकर से एक जहाज टकरा गया है, जिसके बाद दोनों में आग लग गई है। बचाव कार्य जारी है।

दोनों जहाज़ों में लगी विकराल आग

ब्रिटेन की समुद्री एवं तटरक्षक एजेंसी ने कहा कि कई लाइफबोट और एक कोस्टगार्ड रेस्क्यू हेलीकॉप्टर, एक कोस्ट गार्ड प्लेन और फायरफाइटिंग जहाजों को उत्तरी सागर में घटनास्थल पर भेजा गया है। आरएनएलआई लाइफ़ बोट एजेंसी ने कहा कि “ऐसी रिपोर्टें हैं कि टक्कर के बाद दोनों जहाज़ों में आग लग गई थी और जान बचाने के लिए कई लोग जहाज़ छोड़कर कूद गए थे। आगे कहा कि तीन लाइफ़बोट तट रक्षक के साथ घटनास्थल पर खोज और बचाव कार्य कर रहे।

37 लोगों को बचाया गया

घटना पर अधिक जानकारी देते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि ग्राहम स्टुअर्ट ने घटना के बारे में कहा कि परिवहन मंत्री ने उन्हें बताया कि दोनों जहाजों पर चालक दल के 37 मेंबर सवार थे और उनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों जहाजों के चालक दल के अन्य 36 सदस्य सुरक्षित हैं और उनके बारे में जानकारी आ चुकी है।’’

ऐसे हुआ हादसा

जहाज निगरानी साइट वेसलफाइंडर के अनुसार, अमेरिकी ध्वज लगे केमिकल और तेल प्रोडक्ट वाले टैंकर एम.वी.स्टेना इमैक्युलेट यूनान से रवाना होकर सोमवार सुबह ग्रिम्सबी बंदरगाह के पास लंगर डाले खड़ा था। पुर्तगाल ध्वज वाले मालवाहक जहाज सोलोंग स्कॉटलैंड के ग्रेंजमाउथ से नीदरलैंड के रॉटरडैम जा रहा था। स्टेना इमैक्युलेट का संचालन करने वाली अमेरिका स्थित समुद्री प्रबंधन कंपनी क्राउली ने कहा कि कंटेनर जहाज के टैंकर से टकराने पर “जेट-ए1 ईंधन युक्त कार्गो टैंक फट गया”, जिससे आग लग गई और “जहाज पर कई विस्फोट हुए”, जिससे ईंधन समुद्र में फैल गया।

आगे कहा कि टैंकर पर सवार सभी 23 नाविक सुरक्षित हैं और उनके बारे में जानकारी मिल गई है। स्टेना इमैक्युलेट अमेरिकी सरकार के टैंकर सुरक्षा कार्यक्रम का हिस्सा है, जो वाणिज्यिक जहाजों का एक समूह है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर सेना के लिए ईंधन ले जाने के लिए अनुबंधित किया जा सकता है।

WPL 2025 : रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने गुजरात को 9 रनों से हराया, फुलमाली की तूफानी पारी रही आकर्षण का केंद्र।

WPL 2025 के 19वें मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस का सामना एश्ले गार्डनर की गुजरात जायंट्स से हुआ। इस मैच में मुंबई ने 9 रनों से जीत दर्ज की। यह गुजरात के खिलाफ मुंबई की लगातार छठी जीत है। इस लीग में मुंबई की टीम अब तक गुजरात के खिलाफ एक भी मैच नहीं हारी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 179 रन बनाए। लेकिन मुंबई इंडियंस की शानदार गेंदबाजी के आगे गुजरात जायंट्स ने की टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी।

हरमनप्रीत कौर ने खेली अर्धशतकीय पारी

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही, तीसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाजी अमेलिया केर रन आउट हो गईं। उन्होंने नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाए। इसके बाद हेली मैथ्यूज ने नैट सीवर ब्रंट के साथ मिलकर पारी को संभाला और पावरप्ले के खत्म होने तक कोई और नुकसान नहीं होने दिया। हेली 27 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद हरमनप्रीत और ब्रंट के बीच तीसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी हुई। ब्रंट 31 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 38 रनों की पारी खेलकर आउट हुईं। वहीं हरमनप्रीत ने 33 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 53 रन बनाए। अंत में मुंबई के लिए यास्तिका भाटिया ने 13 का योगदान दिया, जबकि सजीवन सजना 11 रन बनाकर नाबाद रहीं। गुजरात की गेंदबाजी की बात करें तो तनुजा कंवर, काशवी गौतम, प्रिया मिश्रा और एश्ले गार्डनर सभी ने 1-1 विकेट लिया।

भारती फुलमाली की तूफानी पारी गई बेकार

गुजरात की बल्लेबाजी की बात करें तो रन चेज के दौरान उनकी शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। चौथे ओवर में 15 के स्कोर पर ही टीम को पहला झटका लगा जब, बेथ मूनी 7 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद काशवी गौतम और हरलीन देओल ने पारी को संभालने की कोशिश लेकिन वो इसमें कामयाब नहीं हो सकी। काशवी 14 गेंदों में 10, तो वहीं हरलीन देओल 17 गेंदों में 24 रन बनाकर चलती बनीं। कप्तान एश्ले गार्डनर इस मैच में अपना खाता तक नहीं खोल सकी। एक समय गुजरात की टीम 92 के स्कोर तक 6 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसा लग रहा था कि टीम यहां से जल्द ही ऑलआउट हो जाएगी। लेकिन फिर भारती फुलमाली ने 25 गेंदों में 61 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 8 चौके और 4 छक्के लगाए। भारती की इस पारी के बाद गुजरात के लिए जीत की उम्मीदें जगी थी लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का भी साथ नहीं मिला और पूरी टीम 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 9 विकेट के नुकसान पर 170 रन ही बना सकी। मुंबई की तरफ से गेंदबाजी में अमेलिया केर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं शबनम इस्माइल और हेली मैथ्यूज के खाते में 2-2 विकेट आए।

Ambassador of India to Guatemala:राज कुमार सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, ग्वाटेमाला में भारत के नए राजदूत के रूप में नियुक्ति हुई।

Ambassador of India to Guatemala: राज कुमार सिंह को ग्वाटेमाला में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। सिंह 1996 बैच के आईएफएस अफसर हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ही ग्वाटेमाला में अपना कार्यभार संभाल लेंगे। भारत और ग्वाटेमाला ने 1970 के दशक में एक दूसरे के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किए थे।

यह भी जानें

ग्वाटेमाला मध्य अमेरिका में स्थित एक देश है। ग्वाटेमाला के उत्तर-पश्चिम में मेक्सिको, दक्षिण-पश्चिम में प्रशांत महासागर, उत्तर-पूर्व में बेलीज, पूर्व में कैरेबियन और दक्षिण पूर्व में होंडुरास और अल साल्वाडोर स्थित है। इस देश की राजधानी ग्वाटेमाला सिटी है। ग्वाटेमाला की समृद्ध जैविकी और अद्वितीय पारिस्थितिकी इसे जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण बनाती है।

धनाश्री वर्मा ने युजवेंद्र चहल संग फिर से साझा की तस्वीरें! यूजर्स ने कहा- ‘कुछ तो बात है’

भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल पत्नी धनाश्री वर्मा के साथ अपनी रिश्ते को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। कुछ महीने पहले ही ऐसी खबरें आई थीं कि युजवेंद्र और धनाश्री के बीच कुछ अनबन चल रही है और फिर दोनों के तलाक की खबरों ने तो जैसे इनके फैंस को हैरान ही कर दिया। धनाश्री और युजवेंद्र ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से साथ वाली तस्वीरें भी हटा दीं और एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया। फिर दोनों की तलाक की खबर भी ऑफिशियल हो गई। लेकिन, अब धनाश्री ने कुछ ऐसा किया है जिसने लोगों को चौंका दिया है।

आरजे महवश संग युजवेंद्र की तस्वीरें हुईं वायारल

धनाश्री और युजवेंद्र चहल को आखिरी बार एक फैमिली कोर्ट में साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों अब तक कहीं साथ स्पॉट नहीं किए गए। वहीं बीते दिन भी धनाश्री युजवेंद्र के साथ नजर नहीं आईं, बल्कि क्रिकेटर एक नई हसीना के साथ इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का लुत्फ उठाते दिखे। युजवेंद्र आरजे महवश के साथ फाइनल देखते नजर आए। जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं और अब इसी बीच धनाश्री ने युजवेंद्र के साथ अपनी डिलीट की गईं तस्वीरें रीस्टोर कर दी हैं।

युजवेंद्र संग धनाश्री ने रीस्टोर की तस्वीरें

जी हां, धनाश्री ने युजवेंद्र चहल के साथ वाली अपनी तस्वीरें री-स्टोर कर दी हैं और ये बात नेटिंजस ने भी नोटिस की। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए इन तस्वीरों को री-स्टोर किए जाने की बात कही। यूजर्स का दावा है कि युजवेंद्र को आरजे महवश के साथ देखने के बाद धनाश्री ने ऐसा किया है। वहीं कुछ का कहना है कि धनाश्री को चहल को महवश के साथ देखने के बाद जलन हो रही है, इसलिए उन्होंने ऐसा किया। हालांकि, ये बात और है कि अब भी धनाश्री, चहल को इंस्टाग्राम पर फॉलो नहीं कर रही हैं और ना ही क्रिकेटर उन्हें फॉलो कर रहे हैं।

धनाश्री का क्रिप्टिक पोस्ट

हाल ही में धनाश्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी शेयर किया था। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- ‘महिलाओं को दोषी ठहराना हमेशा से ही फैशन में रहा है।’ धनाश्री के इस पोस्ट पर भी नेटिजंस की नजर पड़ गई और लोगों ने इसे युजवेंद्र चहल और महवश से जोड़ना शुरू कर दिया। क्रिकेटर और रेडियो जॉकी की वायरल तस्वीरों के ठीक बाद उनके बयान के आने से अटकलों को और हवा मिल गई है। चहल की पर्सनल लाइफ पिछले कुछ महीनों से लगातार चर्चा में हैं। वहीं जब हाल ही में क्रिकेटर को दुबई स्टेडियम में महविश के साथ देखा गया तो दोनों के डेटिंग की चर्चाएं और भी तेज हो गईं।

सियोल: दक्षिण कोरिया और अमेरिका की कार्रवाई से नाराज उत्तर कोरिया, दागीं कई मिसाइलें

दक्षिण कोरिया की सेना ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया ने सोमवार को कई बैलिस्टिक मिसाइलें समुद्र में दागी हैं। दक्षिण कोरिया और अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू होने के कुछ घंटों बाद यह मिसाइलें दागी गई हैं। उत्तर कोरिया इस अभ्यास को अतिक्रमण के पूर्वाभ्यास के तौर पर देखता है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि उत्तर कोरिया के ह्वांगहे प्रांत से मिसाइल दागी गईं, लेकिन उन्होंने यह खुलासा नहीं किया कि मिसाइलें कितनी दूर तक गईं। दक्षिण कोरिया और अमेरिकी सैन्य बलों ने अपना वार्षिक ‘फ्रीडम शील्ड’ कमांड पोस्ट अभ्यास शुरू किया है जो 11 दिनों तक चलेगा।

उत्तर कोरिया की कड़ी प्रतिक्रिया

उत्तर कोरिया ने इन सैन्य अभ्यासों की कड़ी निंदा करते हुए एक सरकारी बयान में इसे खतरनाक बताया है। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को अपने आधिकारिक मीडिया के जरिए एक बयान जारी कर ‘फ्रीडम शील्ड’ अभ्यास को “आक्रामक और टकराव बढ़ाने वाला युद्धाभ्यास” करार दिया। इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह फिर से किम जोंग उन से संपर्क कर उत्तर कोरिया के साथ राजनयिक वार्ता बहाल करने के लिए तैयार हैं। पिछली बातचीत उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण और उस पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने के मुद्दे पर असहमति के कारण विफल हो गई थी।

अपने ही लोगों पर गिरा दिए बम

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, दक्षिण कोरिया के पोचोन शहर (उत्तर कोरियाई सीमा के पास) में बीते बृहस्पतिवार को दो दक्षिण कोरियाई केएफ-16 लड़ाकू विमानों ने गलती से 8 एमके-82 बम गिरा दिए थे जिससे लगभग 30 लोग घायल हो गए थे। दक्षिण कोरिया की वायुसेना ने सोमवार को बताया कि गलती उस समय हुई जब एक पायलट ने गलत निर्देशांक (कोऑर्डिनेट्स) दर्ज कर दिए। शुरुआत के दौरान यह गलती नहीं पकड़ी जा सकी और मिशन की समयसीमा के दबाव में पायलट ने बम गिराने से पहले लक्ष्य की दोबारा पुष्टि नहीं की। दूसरे पायलट के पास सही निर्देशांक थे, लेकिन उन्होंने पहले पायलट के साथ समन्वय बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित किया और निर्देशानुसार बम गिरा दिए जिससे यह गलती हो गई।

वायुसेना के चीफ ऑफ स्टाफ ने मांगी माफी

दक्षिण कोरिया की वायुसेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ली यांगसू ने इस घटना पर माफी मांगते हुए कहा, “यह घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी और भविष्य में इसे दोहराया नहीं जाना चाहिए।” इस घटना के बाद अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने अपने सभी लाइव-फायर अभ्यास अस्थायी रूप से रोक दिए हैं। दक्षिण कोरियाई सैन्य अधिकारी जांच पूरी करने और रोकथाम के उपाय लागू करने के बाद ही इन्हें दोबारा शुरू करने की योजना बना रहे हैं।