Home Blog Page 681

Donald Trump on Iran:क्या अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर होगी कोई डील? सीजफायर के बाद ट्रंप ने दिए संकेत।

 ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर के बाद डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुधवार (25 जून, 2025) को कहा कि अगले सप्ताह जब दोनों पक्ष बातचीत के लिए मिलेंगे तो अमेरिका और ईरान परमाणु कार्यक्रम को लेकर डील कर सकते हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह जरूरी नहीं है.

राष्ट्रपति ट्रंप की यह घोषणा इजरायल और ईरान के बीच युद्ध विराम की घोषणा के एक दिन बाद आई है. ट्रंप ने नीदरलैंड्स में कहा, ‘जिस तरह से मैं इसे देखता हूं, उन्होंने युद्ध लड़ा और अब यह समाप्त हो चुका है. मुझे उनका ये बयान मिल सकता है कि वे परमाणु हथियार नहीं बनाने जा रहे हैं. हम शायद इसके लिए कहेंगे, लेकिन वे ऐसा नहीं करने जा रहे हैं.’ डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम अगले सप्ताह ईरान से बात करने जा रहे हैं. हम एक समझौते पर हस्ताक्षर भी कर सकते हैं, हालांकि मुझे नहीं लगता कि यह आवश्यक है.

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने चंद घंटों पहले कहा था कि ईरान के खिलाफ अपने सैन्य हमले में इजरायल के साथ शामिल होकर संयुक्त राज्य अमेरिका ने कूटनीति के साथ विश्वासघात किया है, यह दर्शाता है कि वॉशिंगटन के साथ आगे कोई बातचीत संभव नहीं है.

‘ईरान की परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी हमले आवश्यक थे’

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को दोहराया कि ईरान की परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी हमले आवश्यक थे और इसने तेहरान की परमाणु हथियार के लिए पर्याप्त समृद्ध यूरेनियम प्राप्त करने की महत्वाकांक्षाओं को करारा झटका दिया है. उनकी टिप्पणी अमेरिकी खुफिया आकलन के बावजूद आई है जिसमें कहा गया है कि सटीक हमलों ने केवल मामूली नुकसान पहुंचाया है.

अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने राष्ट्रपति के करारा झटका के दावे का बचाव करते हुए कहा कि लीक हुए खुफिया आकलन में दावा किया गया है कि अमेरिकी हमलों के कारण ईरान को केवल कुछ महीनों की देरी का सामना करना पड़ा, यह केवल प्रारंभिक प्रकृति का था और कम विश्वास वाला था.

अमेरिका और इजरायल मिलकर ढूंढ रहे हैं ईरान का यूरेनियम

इस बीच अमेरिका और इजरायल ईरान में 400 किलोग्राम से अधिक संवर्धित यूरेनियम की तलाश कर रहे हैं, जो कम से कम 10 परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्त है. यूरेनियम का गायब भंडार कथित तौर पर 60 प्रतिशत संवर्धित है और 90 प्रतिशत होने पर इसका उपयोग परमाणु हथियारों में किया जा सकता है.

Biopic On Sourav Ganguly: सौरव गांगुली से पहले किन-किन क्रिकेटरों पर बन चुकी है बायोपिक? दिग्गजों की लिस्ट यहां देखें

भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली पर फिल्म बनने जा रही है. इस फिल्म में ‘क्रिकेट के दादा’ का किरदार बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव निभाने वाले हैं. सौरव गांगुली और राजकुमार राव दोनों ने इस बात पर मुहर लगा दी. लेकिन क्रिकेट और सिनेमा का रिश्ता आज का नहीं है, बल्कि ये सालों पुराना है. सौरव गांगुली की बायोपिक से पहले सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और मिताली राज जैसे कई क्रिकेट खिलाड़ियों की लाइफ पर फिल्में बन चुकी हैं. आइए जानते हैं ऐसी ही पॉपुलर बायोपिक के बारे में.

सचिन- ए बिलियन ड्रीम्स

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर पर सचिन- ए बिलियन ड्रीम्स (Sachin-A Billion Dreams) फिल्म आ चुकी है. इस बायोपिक में एक छोटे से लड़के की कहानी दिखाई गई है, जो इस तरह से क्रिकेट खेलता है कि एक दिन क्रिकेट का भगवान कहा जाता है. इस फिल्म में सचिन खुद ही अपनी स्टोरी बता रहे हैं. ये फिल्म डॉक्यूड्रामा फॉर्मेट में है.

एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की लाइफ पर ही फिल्म बन चुकी है. इस बायोपिक में धोनी का किरदार दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने निभाया. इस फिल्म के जरिए लोगों के चहीते खिलाड़ी की स्टोरी घर-घर तक पहुंची. धोनी की बायोपिक को काफी लोकप्रियता हासिल हुई.

कौन प्रवीण तांबे?

कौन प्रवीण तांबे ये फिल्म भारतीय क्रिकेटर प्रवीण तांबे के जीवन पर आधारित है. इसमें एक्टर श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिका में हैं. जियो हॉटस्टार पर ये मूवी लोगों के लिए मौजूद हैं.

अजहर

अजहर फिल्म पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन की लाइफ पर बनी बायोपिक है. इस फिल्म में इमरान हाशमी लीड रोल में हैं. ये फिल्म 2016 में रिलीज हुई थी. अब इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

शाबाश मिट्ठू

भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज की लाइफ पर फिल्म बन चुकी है. इस बायोपिक में तापसी पन्नू ने मिताली राज का किरदार निभाया है. बायोपिक में एक युवा लड़की के क्रिकेट आइकन बनने की कहानी दिखाई गई है.

Sheikh Hasina: जिसने शेख हसीना के लिए मांगी थी फांसी, मोहम्मद यूनुस ने उसी को बनाया अपना वकील, कोर्ट ने क्या कहा ?

 बांग्लादेश के अपराध न्यायाधिकरण ने बुधवार (25 जून, 2025)  को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बचाव के लिए सरकार की तरफ से नियुक्त उस अधिवक्ता को हटा दिया है जिन्होंने पहले शेख हसीना को फांसी देने की मांग की थी.

बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी-बीडी) शेख हसीना के खिलाफ मुकदमा चला रही है. उनकी करीब 16 साल पुरानी सरकार पिछले साल 5 अगस्त को छात्रों के एक आंदोलन के बाद गिर गई थी.

शेख हसीना पर बांग्लादेश में नरसंहार का आरोप

बांग्लादेश के अधिकारियों के अनुसार आईसीटी-बीडी ने हसीना के लिए बचाव पक्ष के वकील के तौर पर नियुक्त अमीनुल गनी टीटू को कार्यमुक्त कर दिया है. एक दिन पहले ही न्यायाधिकरण ने पूर्व प्रधानमंत्री के बचाव के लिए उनकी नियुक्ति की थी. शेख हसीना पर जुलाई से अगस्त 2024 के दौरान बांग्लादेश में नरसंहार का आरोप है.

अधिवक्ता अमीनुल गनी टीटू के सोशल मीडिया पोस्ट से बवाल
बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने इस मामले को लेकर आमिर हुसैन को शेख हसीना और उनकी कैबिनेट में गृह मंत्री रहे असदुज्जमां खान कमाल का बचाव करने के लिए नया वकील नियुक्त किया है. टीटू ने पिछले साल फेसबुक पर एक टिप्पणी की थी जिस पर हाल ही में विवाद उठा है.

कहां हैं शेख हसीना की पार्टी के नेता ?
अधिवक्ता अमीनुल गनी टीटू ने संवाददाताओं से बातचीत में स्वीकार किया कि उन्होंने 5 अगस्त, 2024 को हसीना के प्रधानमंत्री पद से हटने से कुछ घंटे पहले अपने फेसबुक पोस्ट में फांसी संबंधी अपनी मांग रखी थी, लेकिन अगर उन्हें उनका काम करने की अनुमति दी जाती तो वह इसे पेशेवर तरीके से करते.

बता दें कि शेख हसीना इस समय भारत में हैं और उनकी पार्टी अवामी लीग के अधिकतर नेता या तो सलाखों के पीछे हैं या लापता हो गए हैं.

England Playing 11 2nd Test: इंग्लैंड की प्लेइंग-11 में हो सकता है बदलाव! जानिए दूसरे टेस्ट में किन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

इंग्लैंड ने पहले टेस्ट में भारत को 5 विकेट से शिकस्त दी. इसके साथ ही इंग्लिश टीम अब पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है. अब भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच 2 जुलाई से बर्मिंघम एजबेस्टन में खेला जाएगा. यहां जानें दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है.

आपको बता दें कि इंग्लैंड ने अभी दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम का एलान नहीं किया है. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सिर्फ पहले टेस्ट के लिए ही 13 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी. पर अब रिपोर्ट आई है कि दूसरे टेस्ट में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को मौका मिल सकता है.

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था. लेकिन गेंदबाज उतने असरदार नहीं रहे थे. ऐसे में बर्मिंघम एजबेस्टन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए गेंदबाजी में एक बदलाव किया जा सकता है. ब्रायडन कार्स की जगह अंतिम ग्यारह में जोफ्रा आर्चर को मौका मिल सकता है. वह मैदान पर वापसी कर चुके हैं और फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहे हैं.

दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन- बेन डकेट, जैक क्रॉली, ओली पोप (उपकप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, क्रिस वोक्स और शोएब बशीर.

भारत-इंग्लैंड पहले टेस्ट मैच का लेखा-जोखा 

भारतीय टीम ने इस टेस्ट मैच में पहले खेलने के बाद 471 रन बनाए थे. भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 101, शुभमन गिल ने 147 और ऋषभ पंत ने 134 रन बनाए. इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 465 रन बना डाले. इंग्लैंड के लिए ओली पोप ने 106 और हैरी ब्रूक ने 99 रन बनाए. फिर दूसरी पारी में टीम इंडिया ने 364 रन बनाए और अंग्रेजों को 371 रनों का लक्ष्य दिया. इस बार भारत के लिए केएल राहुल ने 137 और ऋषभ पंत ने 118 रनों की पारी खेली. यानी पंत ने दोनों पारियों में सेंचुरी बनाई. अब इंग्लैंड के सामने 371 रनों का लक्ष्य था, जिसे अंग्रेजों ने आसानी से हासिल कर लिया. इंग्लैंड के लिए बेन डकेट ने 149, जैक क्रॉली ने 65 और जो रूट ने नाबाद 53 रनों की पारी खेली. विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ 44 रनों पर नाबाद रहे.

Frequent Urination Causes: बार-बार पेशाब आना कहीं किसी गंभीर बीमारी का संकेत तो नहीं हो सकता ?

क्या आप दिनभर में बार-बार पेशाब जाने से परेशान हैं? क्या रात को भी नींद बार-बार इसलिए टूटती है क्योंकि बार-बार वॉशरूम जाना पड़ता है? अगर हां, तो यह समस्या सिर्फ असुविधा नहीं, बल्कि आपके शरीर में चल रही किसी गंभीर गड़बड़ी का संकेत भी हो सकती है. अक्सर लोग इसे पानी ज्यादा पीने या ठंड लग जाने की वजह मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह लक्षण कई बार डायबिटीज, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI), या प्रोस्टेट से जुड़ी बीमारी हो सकती है. आइए विस्तार से समझते हैं कि बार-बार पेशाब आने के पीछे क्या-क्या कारण हो सकते हैं और कब डॉक्टर से मिलना जरूरी हो जाता है.

डायबिटीज 

बार-बार पेशाब आने की सबसे आम और गंभीर वजहों में से एक है डायबिटीज. जब शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ता है, तो किडनी उसे फिल्टर करने की कोशिश करती है और शरीर अधिक मात्रा में यूरिन बनाता है. यह स्थिति दिन और रात दोनों समय बार-बार पेशाब जाने का कारण बनती है.

यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन 

महिलाओं में ये समस्या आम है. जब मूत्र मार्ग में संक्रमण हो जाता है, तो पेशाब करने की तीव्र इच्छा होती है, भले ही मूत्र की मात्रा बहुत कम हो. पेशाब के दौरान जलन और पेट के निचले हिस्से में दर्द इसके अन्य लक्षण हो सकते हैं.

ज्यादा पानी या डाईयूरेटिक चीजों का सेवन

अगर आप बहुत अधिक मात्रा में पानी, चाय, कॉफी या कोल्ड ड्रिंक्स लेते हैं, तो शरीर बार-बार यूरिन बनाता है. कैफीन और शराब जैसे पदार्थ डाईयूरेटिक होते हैं जो पेशाब की मात्रा बढ़ाते हैं.

ओवरऐक्टिव ब्लैडर सिंड्रोम 

इस स्थिति में ब्लैडर की मांसपेशियां सामान्य से ज़्यादा सक्रिय हो जाती हैं, जिससे पेशाब की बार-बार इच्छा होती है, भले ही ब्लैडर पूरा न भरा हो. यह स्थिति उम्र बढ़ने के साथ ज़्यादा देखने को मिलती है.

प्रोस्टेट ग्रंथि की समस्या 

मध्यम उम्र से बड़े पुरुषों में बार-बार पेशाब आने का कारण प्रोस्टेट ग्रंथि का बढ़ना हो सकता है. बढ़ी हुई ग्रंथि मूत्रमार्ग पर दबाव डालती है, जिससे पूरी तरह पेशाब नहीं निकल पाता और बार-बार पेशाब महसूस होती है.

कब डॉक्टर से मिलना चाहिए?

पेशाब में जलन, खून या बदबू आए

रात में बार-बार पेशाब की वजह से नींद न पूरी हो

बहुत कम मात्रा में बार-बार पेशाब आए

कमजोरी या अचानक वजन घटना लगे

Disclaimer: खबर में दी गई कुछ जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है. आप किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.