Home Blog Page 509

Sports News :भारत-बांग्लादेश मैच में अभिषेक शर्मा का फ्लाइंग किस, तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल

अभिषेक शर्मा ने एशिया कप में तूफानी प्रदर्शन जारी रखा है. बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने ताबड़तोड़ अंडदाज में 75 रन बनाए. इस मैच में उनका फिफ्टी करने के बाद सेलिब्रेशन वायरल हो रहा है. दरअसल इस मैच में उन्होंने पचास रन पूरे करने के बाद स्टैंड्स में किसी को फ्लाइंग किस भेजा, जिसका फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

अभिषेक शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ 8वें ओवर में ही फिफ्टी पूरी कर ली थी. उन्होंने मात्र 25 गेंदों में पचास रन पूरे कर लिए थे. इसी के साथ उन्होंने नया इतिहास लिखते हुए युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ डाला है. वो अब अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 25 या उससे कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार अर्धशतक पूरा करने के मामले में युवराज सिंह से आगे निकल गए हैं.

इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने ‘L’ साइन दिखा कर सेलिब्रेट किया था. उस ‘L’ सेलिब्रेशन का मतलब प्यार है, जिसे वो IPL के दौरान भी करते रहे हैं. अब बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उन्होंने स्टैंड्स की तरफ फ्लाइंग किस का इशारा किया. जब कैमरा घूमा तो पता चला कि वो अपनी बहन कोमल शर्मा की तरफ फ्लाइंग किस भेज रहे थे. जवाब में कोमल ने भी उनकी तरफ वैसा ही इशारा किया.

कोमल शर्मा इससे पहले भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान भी स्टेडियम में मौजूद रही थीं, जिसमें टीम इंडिया 6 विकेट से विजयी रही थी. उस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 74 रन बनाए थे, इस पारी की कोमल शर्मा ने जमकर तारीफ भी की थी. अभिषेक शर्मा एशिया कप 2025 में अभी तक 248 रन बना चुके हैं और टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी हैं.

Sports News :भारत सिमटा 168 रन पर, अब क्या पाकिस्तान होगा बाहर? जानें किसे मिलेगा फाइनल का टिकट

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले खेलते हुए 168 रन बनाए हैं. इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में जगह पक्की कर सकती है. अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में 75 रन बनाए, वहीं हार्दिक पांड्या ने 38 रनों का योगदान दिया. टीम इंडिया के बहुत विशाल स्कोर ना बनाने से पाकिस्तान टीम की टेंशन बढ़ गई होगी, क्योंकि उसके लिए जरूरी है कि आज भारतीय टीम को बांग्लादेश पर जीत मिले.

टॉस हारने के बाद भारतीय टीम को पहले बैटिंग का न्योता मिला. पारी के पहले 3 ओवरों में बांग्लादेशी गेंदबाजों का बोलबाला रहा, क्योंकि 3 ओवरों में स्कोर सिर्फ 17 रन था. उसके बाद चौथे ओवर में 21 रन आए, यहीं से टीम इंडिया ने लय पकड़ी. 3 ओवर में स्कोर 17 रन था, लेकिन अगले 3 ओवरों में गिल और अभिषेक ने मिलकर 55 रन ठोक डाले. इससे पावरप्ले में भारत ने बिना विकेट गंवाए 72 रन बना लिए थे. गिल को शुरुआत तो मिली, लेकिन वो 29 रन बनाकर आउट हो गए.

फिर शतक से चूके अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 74 रनों की पारी खेली थी. वो अब लगातार दूसरे मैच में शतक से चूक गए हैं, क्योंकि बांग्लादेश के खिलाफ वो 75 रन की पारी खेल रन आउट हो गए. इस दौरान उन्होंने महज 25 गेंद में अर्धशतक पूरा कर लिया था. अभिषेक के आउट होने के बाद रन रेट पर ब्रेक लग गई थी. वो 12वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए थे. इसके बाद अगले 5 ओवरों में सिर्फ 23 रन आए.

अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने कुछ ताबड़तोड़ बैटिंग शॉट लगाते हुए टीम इंडिया का स्कोर 160 पार ले जाने में अहम योगदान दिया. इसे गजब का संयोग ही कहा जा सकता है कि श्रीलंका ने भी पिछले मैच में बांग्लादेश के सामने 168 रन बनाए थे. बांग्लादेश उस मैच को 4 विकेट से जीती थी.

“Global Hypertension Cases Surge: WHO रिपोर्ट, दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहे हाइपरटेंशन के केस, मौतों की संख्या में भी भारी बढ़ोतरी”

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार दुनिया भर में हाइपरटेंशन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. वर्तमान में दुनिया में लगभग 1.4 बिलियन (140 करोड़) लोग इस बीमारी से जूझ रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि इनमें से केवल 20 प्रतिशत लोग ही अपना ब्लड प्रेशर नियंत्रित कर पा रहे हैं, जबकि बाकी या तो इलाज तक नहीं पहुंच पा रहे हैं या फिर उन्हें पता ही नहीं कि उन्हें यह समस्या है.

WHO की रिपोर्ट के मुताबिक, हाइपरटेंशन अब मौतों का एक बड़ा कारण बन चुका है. यह बीमारी हर साल लाखों लोगों की जान ले रही है. रिपोर्ट में बताया गया है कि हर घंटे दुनिया में 1000 से अधिक लोगों की मौत स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसी बीमारियों से हो रही है, जिनका मुख्य कारण बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर है. यदि हाइपरटेंशन का समय पर और सही तरीके से इलाज किया जाए तो 2023 से 2050 तक लगभग 7.6 करोड़ मौतों को टाला जा सकता है.

हाइपरटेंशन के बढ़ने की वजहें

    • अनहेल्दी खान-पान, ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड का सेवन.
    • शारीरिक गतिविधियों की कमी, व्यायाम न करना.
    • धूम्रपान और शराब का सेवन.
    • तनाव और अनियमित लाइफस्टाइल.
    • जागरूकता की कमी – आधे से ज्यादा लोग यह तक नहीं जानते कि उन्हें हाइपरटेंशन है.

स्वास्थ्य पर असर

हाइपरटेंशन को अक्सर “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि यह धीरे-धीरे शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचाता है. लंबे समय तक ब्लड प्रेशर बढ़ा रहने से:

    • हृदय रोग और हार्ट फेलियर का खतरा बढ़ जाता है.
    • स्ट्रोक यानी ब्रेन हेमरेज या ब्लॉकेज हो सकता है.
    • किडनी फेलियर की समस्या हो सकती है.
    • डिमेंशिया और अन्य न्यूरोलॉजिकल रोगों का खतरा बढ़ जाता है.

इकोनामिक और सामाजिक बोझ

रिपोर्ट बताती है कि निम्न और मध्यम आय वाले देशों को हार्ट और ब्लड़ प्रेशर से जुड़ी बीमारियों के कारण 2011 से 2025 के बीच लगभग 3.7 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है. यह इन देशों की कुल GDP का करीब 2 प्रतिशत है.

समाधान क्या है?

WHO ने हाइपरटेंशन से निपटने के लिए कई कदम सुझाए हैं:

    • प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना और नियमित ब्लड प्रेशर जांच की सुविधा देना.
    • WHO द्वारा अनुशंसित दवाओं की सस्ती और सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करना.
    • लोगों में जागरूकता बढ़ाना ताकि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें.
    • हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना- नमक का सेवन कम करना, व्यायाम करना, धूम्रपान और शराब से दूर रहना और तनाव को कम करना.

हाइपरटेंशन एक इलाज योग्य और नियंत्रित करने योग्य बीमारी है. लेकिन यदि इसे नजरअंदाज किया गया तो आने वाले वर्षों में यह दुनिया भर में करोड़ों लोगों की जान ले सकती है. WHO की रिपोर्ट साफ संकेत देती है कि सरकारों और समाज को मिलकर इस समस्या से लड़ना होगा. नियमित जांच, जागरूकता और समय पर इलाज से लाखों जिंदगियां बचाई जा सकती हैं.

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

“लंदन पहुंचने की खतरनाक कोशिश: प्लेन के लैंडिंग गियर में छिपे दो भाई, 2000 फीट से गिरा छोटा भाई”

अफगानिस्तान के एक 13 साल के लड़के ने रविवार (21 सितंबर, 2022) को एक हैरान कर देने वाला कारनामा कर दिया. अफगानी लड़के ने काबुल से नई दिल्ली के लिए उड़ी KAM एयर की फ्लाइट के लैंडिंग गियर में छिपकर भारत में एंट्री ली. नई दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार (21 सितंबर) की सुबह जब सुरक्षाकर्मियों को इस बारे में जानकारी मिली तो हर तरफ हड़कंप मच गया.

अफगानी लड़के की यह घटना तीन दशक पहले पंजाब के दो भाइयों के साथ हुई उस घटना के बारे में याद दिलाती है, जिसने उनकी जिंदगी को पूरी तरह से बदलकर रख दिया.

2,000 फीट की ऊंचाई से गिरकर हो गई थी छोटे भाई की मौत

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 1996 में पंजाब के रहने वाले दो भाई 23 वर्षीय प्रदीप सैनी और उनके छोटे भाई 19 वर्षीय विजय सैनी ने दिल्ली से ब्रिटिश एयरवेज के विमान के लैंडिंग गियर में छिपकर लंदन पहुंचने की कोशिश की थी.

अवैध तरीके से लंदन पहुंचने की कोशिश में प्रदीप सैनी 10 घंटे की उड़ान के दौरान बच गए, लेकिन उनके 19 वर्षीय भाई विजय सैनी की हाइपोथर्मिया के कारण मौत हो गई थी. ब्रिटिश एयरवेज का विमान जब पश्चिमी लंदन के पास पहुंचा था तो विजय 2,000 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया था.

40,000 फीट पर -60 डिग्री हो जाता है टेंपरेचर

रिपोर्ट के मुताबिक, 10 घंटे की यात्रा ने मानव शरीर के सभी प्रतिरोधक क्षमताओं को तोड़ दिया था क्योंकि इस दौरान तापमान -60 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था और 40 हजार की फीट की ऊंचाई पर ऑक्सीजन लेवल तेजी से गिर गया था.

अब ब्रिटिश एयरपोर्ट पर काम कर रहे प्रदीप

उस घटना को याद कर प्रदीप सैनी ने कहा था कि अपने भाई को खोने के बाद वे छह सालों तक डिप्रेशन में चले गए थे. इसके बाद वह ब्रिटेन में ही बस गए और अब वे लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर ही काम कर रहे हैं.

“शहबाज शरीफ IMF पहुंचे, खैरात के लिए नया बहाना बनाकर भीख का कटोरा साथ ले गए”

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को अपने मुल्क के आर्थिक हालात का रोना रोते हुए IMF की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से दया की अपील की है. हमेशा आर्थिक स्थिति का रोना रोने वाले देश ने इस बार बाढ़ का बहाना बनाया है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने IMF की गुरुवार (25 सितंबर, 2025) को होने वाली समीक्षा से पहले अपने देश के आर्थिक हालात को ध्यान में रखने का आग्रह किया है.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कहा, ‘पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के साथ जो भी प्रतिबद्धताएं हैं, उन्हें लगातार पूरा कर रहा है, लेकिन IMF से आग्रह है कि वह अपनी आगामी समीक्षा में हाल ही में आई बाढ़ से हुए नुकसान का भी ख्याल करे.’

UNGA के 80वें सत्र के दौरान शहबाज शरीफ ने की टिप्पणी

शहबाज शरीफ ने यह टिप्पणी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र के दौरान की. IMF की ओर से दिए गए 7 बिलियन के बेलआउट पैकेज यानि एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी (EFF) की गुरुवार (25 सितंबर, 2025) को समीक्षा की जानी है. ये फंड मई, 2025 में अप्रूव किया गया था. इस समीक्षा में 2025 की मार्च-जून तिमाही के लिए पाकिस्तान के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा.

अगस्त में इसे लेकर दूसरी समीक्षा हुई थी, लेकिन पाकिस्तान तीन लक्ष्य भी हासिल करने में नाकाम रहा था. वित्त मंत्रालय ने अपनी वित्तीय रिपोर्ट में बताया था कि कोई भी प्रांतीय सरकार 1.2 ट्रिलियन पाकिस्तानी रुपये की बचत का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी. वहीं, पाकिस्तान का कुल राजकोषीय घाटा जीडीपी का 5.4 प्रतिशत (6.2 ट्रिलियन रुपये) रहा था, जो IMF के 5.9 प्रतिशत के लक्ष्य से नीचे था.

IMF ने पाकिस्तान के सामने बेलआउट पैकेज के लिए रखीं थीं 50 शर्तें

आईएमएफ ने बेलआउट पैकेज के तहत करीब 50 शर्तें रखीं, जिनमें से कुछ त्रैमासिक और वार्षिक आधार पर समीक्षा की जाती हैं और पाकिस्तान को मिलने वाली अगली 1 अरब डॉलर की किश्त की मंजूरी इन्हीं पर निर्भर करती है.

पाकिस्तान के ब्रोकरेज हाउस टॉपलाइन सिक्योरिटीज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान IMF की ओर से निर्धारित सभी सात मात्रात्मक प्रदर्शन मानदंडों (QPC) को पूरा करने की राह पर है.

पाकिस्तान के सूचना विभाग ने जारी किया बयान

पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया ग्रुप डॉन के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज और जॉर्जीवा के बीच हुई बैठक के बाद पाकिस्तानी सूचना विभाग (PID) ने एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बैठक में आग्रह किया कि हाल ही में आई बाढ़ से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रख IMF समीक्षा करे तो बेहतर होगा.’ PID ​​के मुताबिक, जॉर्जीवा ने बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.