Home Blog Page 480

ट्रंप का चीन पर हमला, बोले — “जिनपिंग से नहीं मिलूंगा”, टैरिफ बढ़ाने का इशारा।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर एक बार फिर टैरिफ लगाने की धमकी दी है. ट्रुथ सोशल पर एक लंबी सी पोस्ट में ट्रंप ने चीन पर दुर्लभ खनिज को लेकर वैश्विक बाजार में ‘बाधा डालने’ का आरोप लगाया है. ट्रंप ने कहा कि चीन अचानक बहुत ‘शत्रुतापूर्ण’ रवैया अपना रहा है और दुनिया के कई देशों को पत्र भेजकर दुर्लभ खनिजों और उत्पादन से जुड़ी सामग्रियों पर एक्सपोर्ट कंट्रोल लगाने की बात कर रहा है. ट्रंप के अनुसार, इस कदम से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक बाजार ‘जाम’ हो सकते हैं और इसका असर लगभग हर देश पर पड़ेगा.

ट्रंप ने आरोप लगाया कि चीन हर उस तत्व पर नियंत्रण की बात कर रहा है, जो उत्पादन में इस्तेमाल होते हैं, चाहे वे चीन में बने हों या नहीं. उन्होंने कहा, ‘किसी ने भी पहले ऐसा कुछ नहीं देखा. यह कदम वैश्विक बाजारों को जाम कर देगा और सभी देशों के लिए मुश्किलें खड़ी करेगा.’ उन्होंने यह भी कहा कि कई देशों ने अमेरिका से संपर्क कर चीन के इस रवैये पर नाराजगी जताई है.

शी जिनपिंग से मुलाकात रद्द करने के संकेत
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने अब तक चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात नहीं की है. उन्होंने कहा कि दो हफ्ते बाद दक्षिण कोरिया में होने वाली APEC बैठक में दोनों नेताओं की मुलाकात तय थी, लेकिन अब उनसे ‘मिलने का कोई कारण नहीं दिखता’.

हमारे पास भी है ज्यादा ताकत- ट्रंप
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि अमेरिका के पास भी कुछ क्षेत्रों में चीन से कहीं ज्यादा मजबूत एकाधिकार है, लेकिन उन्होंने अब तक उसका इस्तेमाल नहीं किया था. उन्होंने कहा, ‘मैंने कभी ऐसा करने की जरूरत नहीं समझी थी – अब तक!’ ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर चीन ने अपने ‘शत्रुतापूर्ण आदेश’ को वापस नहीं लिया तो वह अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में वित्तीय जवाबी कार्रवाई करेंगे.

ट्रंप ने कहा कि चीन के कदम के जवाब में अमेरिका चीनी उत्पादों पर भारी टैरिफ बढ़ाने की योजना बना रहा है. इसके अलावा कई और जवाबी कदम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘शायद यह समय आ गया है. शुरुआत में यह दर्दनाक हो सकता है, लेकिन अंत में यह अमेरिका के लिए बहुत अच्छा साबित होगा.’

क्या चीन ने चल दी है चाल?
ट्रंप ने खास तौर पर इस बात पर भी सवाल उठाया कि चीन ने यह पत्र उसी दिन जारी किया जब मध्य पूर्व में 3000 साल बाद शांति स्थापित हुई. उन्होंने कहा, ‘क्या यह संयोग था? कहना मुश्किल है.’

Sports News:फिर शुरू हुई हार्दिक पांड्या की लव स्टोरी, मॉडल के साथ रिलेशनशिप कन्फर्म।

हार्दिक पांड्या ने अपने नए रिलेशनशिप की पुष्टि कर दी है. उनका नाम लगातार माहिका शर्मा (Hardik Pandya New Girlfriend Name) के साथ जोड़ा जा रहा था, जो पेशे से एक मॉडल और एक्ट्रेस हैं. अब हार्दिक ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा करते हुए माहिका के साथ अपने रिलेशनशिप का खुलकर इजहार कर दिया है. सामने आई तस्वीर में हार्दिक और माहिका (Hardik Pandya and Mahieka Sharma) समुद्र किनारे बीच पर आनंद ले रहे हैं.

इस रोमांटिक तस्वीर में हार्दिक ने माहिका शर्मा के गले में हाथ डाला हुआ है. एक तरफ भारतीय ऑलराउंडर ने काली शर्ट के साथ शॉर्ट्स पहने हुए हैं. वहीं माहिका ने सफेद शर्ट पहनी है. उन्होंने एक-दूसरी फोटो भी साझा की है, जिसमें हार्दिक और माहिका ने एक-दूसरे के हाथ में हाथ डाला हुआ है.

सूत्रों की मानें तो हार्दिक और माहिका को डेट करते हुए काफी समय बीत गया है, लेकिन पहली बार उन्होंने इसकी पब्लिक अनाउंसमेंट की है. दोनों पहली बार सुर्खियों में तब आए, जब उन्हें इसी महीने मुंबई एयरपोर्ट पर एकसाथ देखा गया था. उनका यह वीडियो खूब वायरल हुआ था.

Hardik pandya instagram story
Chilling with rumoured girlfriend Mahieka Sharma #HardikPandya #Girlfriends #rumoured #maisonmargiela pic.twitter.com/BbQFcgZ4ok

— muffatal vohra (@gurjarparth66) October 10, 2025

अभी कुछ महीने पहले तक हार्दिक पांड्या का नाम जैस्मिन वालिया के साथ जोड़ा जा रहा था. आपको बता दें कि पिछले साल हार्दिक ने अपनी वाइफ नताशा स्टेनकोविक से तलाक ले लिया था. उनकी शादी 4 साल तक चली. इस रिश्ते से उनका एक बेटा भी है, जिसका नाम अगस्त्य है.

माहिका शर्मा पेशे से एक मॉडल और एक्टर हैं, कई म्यूजिक वीडियो और कई ब्रांड्स के लिए भी शूट कर चुकी हैं. वो फैशन वर्ल्ड में जाना पहचाना नाम हैं और सोशल मीडिया पर फैशन और फिटनेस से जुड़ा कंटेन्ट शेयर करती रहती हैं.

नवाजुद्दीन सिद्दीकी का 100 करोड़ का केस कोर्ट ने किया खारिज, भाई और पूर्व पत्नी राहत में।

एक्टर नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने अपने ही भाई शमसुद्दीन सिद्दीकी और एक्स वाइफ अंजना पांडे (आलिया सिद्दीकी) के खिलाफ 100 करोड़ रुपए का मानहानि का केस किया था. लेकिन अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मुकदमे को खारिज कर दिया है.

जस्टिस जितेंद्र जैन की एकल पीठ के सामने इस मामले की सुनवाई हुई. अदालत ने ये मामला “नॉन-प्रॉसिक्यूशन” (गैर-उपस्थिति) के आधार पर खारिज कर दिया है. बता दें कि नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी और उनके वकील कई बार सुनवाई के दौरान अदालत में उपस्थित नहीं हुए.

बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज किया मुकदमा
अदालत ने साफ तौर कहा कि जब वादी (plaintiff) खुद अपने मुकदमे को आगे नहीं बढ़ा रहा है और सुनवाई में पेश नहीं हो रहा है, तो ऐसे में कोर्ट के पास मामला खारिज करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचता. वहीं, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के भाई शमसुद्दीन सिद्दीकी की तरफ से पक्ष रखने वाले वकील अली काशिफ खान देशमुख ने जानकारी दी कि अदालत ने मामले को पूरी तरह से रद्द (dismiss) कर दिया है क्योंकि वादी पक्ष बार-बार अनुपस्थित रहा.

क्या है पूरा मामला?
नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने अपने मुकदमे में आरोप लगाया था कि उनके भाई और पत्नी ने उनके खिलाफ झूठे और अपमानजनक बयान देकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया है. एक्टर ने दावा किया था कि इन सबसे उन्हें भारी मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान हुआ. ऐसे में उन्होंने अदालत से 100 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग की थी.

नवाजुद्दीन सिद्दीकी का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी को आखिरी बार क्राइम थ्रिलर फिल्म कोस्टाओ में देखा गया था. ये फिल्म जी5 पर 1 मई 2025 को रिलीज हुई थी. अब एक्टर कॉमेडी-हॉरर फिल्म थामा में दिखाई देने वाले हैं. आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना स्टारर इस फिल्म में नवाजुद्दीन यक्षासन का किरदार अदा करते नजर आएंगे. थामा में परेश रावल भी अहम रोल अदा करते दिखाई देंगे. फिल्म 21 अक्टूबर 2025 को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Smokeless Tobacco Fuels Cancer Risk: सिगरेट से ज्यादा खतरनाक तंबाकू, तेजी से बढ़ाता है कैंसर का रिस्क।

सिगरेट ज्यादा खतरनाक है या तंबाकू? ये सवाल पूछने पर ज्यादातर लोग सिगरेट का नाम लेते हैं. हालांकि, हाल ही में हुई एक स्टडी में सामने आया है कि सिगरेट के मुकाबले तंबाकू हमारे शरीर को कई गुना ज्यादा नुकासन पहुंचाता है. दरअसल, सिगरेट का कुछ धुंआ हवा में उड़ जाता है जबकि तंबाकू सीधा हमारे मुंह के सेल्स को डैमेज करता है. इससे घाव बनते हैं, जो धीरे-धीरे कैंसर का रूप ले लेते हैं. ऐसे में यह रिपोर्ट तंबाकू चबाने वालों के लिए एक वार्निंग हैं कि उनकी छोटी सी आदत उनकी जान ले भी ले सकती है.

स्टडी में क्या आया सामने?

एक ग्लोबल स्टडी में यह बात सामने आई है कि दुनियाभर में मुंह और गले का कैंसर सबसे ज्यादा उन लोगों में देखने को मिलता है, जो रोजाना तंबाकू खाते हैं. इससे कैंसर सेल्स काफी तेजी से डेवलप होते हैं और यह पूरे मुंह में फैल जाता है. कई मामलों में तो यह कैंसर गले तक भी फैल जाता है. अपनी रिसर्च में वैज्ञानिकों ने पाया कि तंबाकू में पाए जाने वाले नाइट्रोसामाइंस (TSNAs) और पॉलीसायक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) जैसी चीजें सीधा हमारे सेल्स में मौजूद DNA को नुकसान पहुंचाती हैं और हेल्दी सेल्स को मारकर कैंसर सेल्स को बढ़ाती हैं. वहीं सिगरेट की बात करें तो इसमें निकोटिन और टार काफी ज्यादा मात्रा में पाया जाता है. यह हमारे लंग्स को नुकसान पहुंचाता है, लेकिन इससे निकलने वाला धुंआ डायरेक्ट शरीर या सेल्स के कॉन्टेक्ट में नहीं होता, जिससे तंबाकू के मुकाबले यह कम हानिकारक होता है.

कैसे लगती है इसकी आदत ?

आजकल तंबाकू, गुटका जैसी चीजें खाना फैशन बन गया है. यंगस्टर्स अपने स्ट्रेस, डिप्रेशन या पीर प्रेशर के चलते इन नशीली चीजों का सेवन करने लगते हैं, जो धीरे-धीरे उनकी आदत बन जाती है. एक बार इन चीजों की आदत लगने के बाद, इसे छुड़ाना काफी मुश्किल हो जाता है. रोजाना गुटका या तंबाकू चबाने से मुंह में धीरे-धीरे हल्के जख्म बनने लगते हैं. इसके अलावा इससे दांतों में सड़न, मसूड़ों की बीमारियां भी हो जाती हैं और बाद में जाकर यहीं कैंसर का रूप ले लेती है.

क्या है इलाज? 

आमतौर पर कैंसर का इलाज काफी मुश्किल और खर्चीला होता है. उसमें भी मरीज के बचने गुंजाइश काफी कम होती है, क्योंकि ज्यादातर मामलों में इसका पता तब चलता है जब इंसान लास्ट स्टेज पर होता है. डॉक्टर्स के अनुसार, अगर इस आदत को समय रहते रोक लिया जाए तो कैंसर जैसी बड़ी बीमारी से समय रहते बचा जा सकता है. इसके लिए लोगों में अवेयरनेस लाना बेहद जरूरी है. इसके लिए सरकारें और कई NGO भी अपने स्तर पर कार्य कर रहें हैं.

10 घंटे में दो बार भूकंप के झटके, सुनामी अलर्ट के साथ मचा हड़कंप।

दक्षिणी फिलिपींस में शुक्रवार को दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस हुए हैं, जिसकी तीव्रता 6.9 थी. यह वही इलाका है, जहां सुबह 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था. अधिकारियों के अनुसार, इस बार भूकंप शाम 7 बजकर 12 मिनट (भारत समयानुसार 4 बजकर 42 मिनट) पर आया है.

इलाके में दूसरी बार यह भूकंप लगभग 10 घंटे से भी कम समय में दोबारा आया, जिसके बाद फिलीपींस के भूकंप विज्ञान कार्यालय ने जानलेवा लहरों के आने की चेतावनी जारी की और तटीय निवासियों से तुरंत दूसरे स्थानों पर जाने या दूर अंतर्देशीय क्षेत्रों में चले जाने का निवेदन किया.

300 भूकंप झटकों में सबसे तेज झटका

फिलीपींस में भूकंप का यह झटका अब तक दर्ज किए गए करीब 300 झटकों में सबसे तेज था. यह आफ्टरशॉक मुख्य भूकंप के 10 घंटे के अंदर आया. पहले आए भूकंप में कम से कम 6 लोगों की मौत हो चुकी है. यह जमीन के नीचे मौजूद एक फॉल्ट (दरार) में हलचल की वजह से आया, जिसकी गहराई सिर्फ 10 किलोमीटर थी.

प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (होनोलूलू) ने बताया है कि भूकंप के केंद्र से करीब 300 किलोमीटर के दायरे में समुद्र में खतरनाक लहरें (सुनामी) उठने की आशंका है. कहा गया है कि फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में सामान्य ज्वार से 3 मीटर (10 फीट) तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं और इंडोनेशिया व पलाऊ में इससे छोटी लहरें भी संभव हैं.

बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की अपील

नागरिक सुरक्षा कार्यालय के डिप्टी एडमिनिस्ट्रेटर बर्नार्डो राफाएलिटो एलेजांद्रो IV ने चेतावनी दी कि दावाओ ओरिएंटल से लगे 6 तटीय प्रांतों में भूकंप आने के दो घंटे के भीतर सुनामी की लहरें टकरा सकती हैं. उन्होंने लोगों से तुरंत ऊंचाई वाली जगहों पर जाने या तटीय क्षेत्रों से दूर अंदर की ओर चले जाने की अपील की है.

एलेजांद्रो ने एक वीडियो न्यूज ब्रीफिंग में कहा, ‘बंदरगाहों में और तटीय क्षेत्रों में नावों के मालिकों को अपनी नावों को सुरक्षित रखना चाहिए और तटों से दूर चले जाना चाहिए.’ फिलीपींस अभी भी 30 सितंबर को आए 6.9 तीव्रता के भूकंप से उबर रहा है, जिसमें कम से कम 74 लोग मारे गए थे और मध्य सेबू प्रांत, खासकर बोगो शहर और आसपास के कस्बों में हजारों लोग विस्थापित हुए थे.