Home Blog Page 411

Sports News :वैभव सूर्यवंशी भले ही फेल रहे, लेकिन भारत शानदार अंदाज़ में एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंच गया; ओमान को 6 विकेट से चित किया।

भारत ने ओमान को 6 विकेट से हराकर एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. भारत अब पाकिस्तान के बाद ग्रुप B से सेमीफाइनल में जाने वाला दूसरा देश बन गया है. दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो का मैच था, जिसमें ओमान की टीम ने पहले खेलते हुए 135 रन बनाए थे. वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चल पाया, लेकिन हर्ष दुबे की नाबाद 53 रन की अर्धशतकीय पारी में टीम इंडिया की सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित की.

मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. ओमान के लिए वसीम अली ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली, वहीं हम्माद मिर्जा ने भी 32 रनों का योगदान दिया. उनके अलावा ओमान का कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया. भारतीय गेंदबाजों ने ओमान को आखिरी 45 गेंदों में सिर्फ 42 रन बनाने दिए और पांच विकेट भी लिए.

इस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चल पाया, जो सिर्फ 12 रन बानाकर आउट हो गए. उनके ओपनिंग जोड़ीदार प्रियांश आर्य भी 10 रन बनाकर चलते बने. नमन धीर को एक बार फिर शुरुआत मिली, लेकिन वो अपनी पारी को 30 रनों से आगे नहीं बढ़ा पाए.

हर्ष दुबे ने नाबाद 53 रन बनाकर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित की. नेहाल वाढ़ेरा की 23 रनों की पारी भी तारीफ के काबिल रही, जो दुबे के साथ दूसरे छोर पर मजबूती से डटे हुए थे. हर्ष दुबे ने अपनी 53 रनों की पारी में 7 चौके और एक छक्का भी लगाया. कप्तान जीतेश शर्मा ने चौका लगाकर भारतीय टीम के लिए विनिंग शॉट लगाया.

इससे पहले गेंदबाजी में सुयश शर्मा ने ओमान के स्कोरबोर्ड पर जैसे ब्रेक लगा दी थी. उन्होंने 4 ओवरों में केवल 12 रन देकर दो विकेट लिए थे. उनके अलावा गुरजपनीत सिंह भी 2 विकेट लेने में कामयाब रहे थे.

लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से भारत रवाना, कल सुबह 10 बजे दिल्ली पहुंचने की संभावना।

पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता माने जाने वाले गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को बुधवार को भारत लाया जाएगा. वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अमेरिकी अधिकारियों की ओर से डिपोर्ट किए जाने के बाद सुबह 10 बजे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट उसे पर लाया जाएगा.

दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात रहेंगी पुलिस की टीम

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की कई टीमें एयरपोर्ट पर तैनात रहेंगी ताकि सुरक्षा, कागजी कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इस पर चर्चा चल रही है कि उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर कौन सी एजेंसी आगे की कस्टडी लेगी. कोर्ट में पेश किए जाने के बाद ही इसका निर्णय होगा.”

जांचकर्ताओं के मुताबिक, अनमोल बिश्नोई के खिलाफ देशभर में 32 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 20 मामले राजस्थान में हैं. यह केस फिरौती, अपहरण, हत्या की कोशिश और टार्गेट किलिंग जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े हैं. अधिकारियों ने कहा कि उसे सबसे पहले किस एजेंसी की कस्टडी में भेजा जाएगा, इसका फैसला केंद्र सरकार करेगी.

जीशान सिद्दीकी का रिएक्शन

बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को मंगलवार (18 नवंबर 2025) को अमेरिकी अधिकारियों की ओर से एक ईमेल मिला, जिसमें कहा गया, “अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से निकाल दिया गया.” जीशान ने कहा, “मुझे नहीं पता कि वह इस समय कहां है, लेकिन उन्होंने बताया है कि उसे अमेरिका से हटा दिया गया है और आगे की प्रक्रिया भारत में होगी.”

सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने अनमोल को डिपोर्ट और कस्टडी के लिए दो बार आधिकारिक आवेदन भेजा था. हाल ही में इंटरपोल ने उसकी पहचान से जुड़े दस्तावेज भी मांगे थे, जो मुंबई पुलिस ने उपलब्ध कराए थे. अनमोल बिश्नोई 14 अप्रैल 2024 को अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में भी वांटेड है. उसने ऑनलाइन इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

बाबा सिद्दीकी की हत्या का मास्टरमाइंड

अनमोल बिश्नोई 12 अक्टूबर 2024 को बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था. जांच के दौरान पुलिस को गिरफ्तार शूटरों से वॉइस क्लिप्स मिले जो अनमोल की आवाज से मेल खाते हैं, जिनमें वह हमलावरों को निर्देश देते और उकसाते सुना गया. जांच में सामने आया कि अनमोल कई साल पहले फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से भागा था और कनाडा, अमेरिका और केन्या में लगातार घूमता रहा.

अनमोल बिश्नोई को पिछले वर्ष कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया गया था, लेकिन प्रक्रिया संबंधी खामियों के कारण छोड़ दिया गया. उसके पास एक रूसी पासपोर्ट भी होने की जानकारी सामने आई है, जो फर्जी होने का शक है. वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की अंतरराष्ट्रीय साजिश में भी लिंक्ड माना जाता है.

एनआईए ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. गैंग की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों से जुड़े दो मामलों में एनआईए ने उसके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की है. अमेरिकी अधिकारियों की ओर से डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब भारतीय एजेंसियां आईजीआई एयरपोर्ट पर संयुक्त ऑपरेशन की तैयारी कर रही हैं.

पहले पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी, फिर जयशंकर ने पुतिन से की मुलाकात—कहीं शहबाज़ को बड़ा झटका न लग जाए!

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों के साथ मंगलवार (18 नवंबर 2025) को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की. जयशंकर एससीओ के राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए यहां आए हैं. विदेश मंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी.

विदेश मंत्री जयशंकर ने की रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात 

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “आज मास्को में रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करके सम्मानित महसूस किया. पीएम मोदी का अभिवादन पहुंचाया. उन्हें आगामी वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन की तैयारियों से अवगत कराया. क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की. हमारे संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए उनके दृष्टिकोण और मार्गदर्शन की मैं तहे दिल से सराहना करता हूं.”

क्रेमलिन में हुई बैठक में रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन, ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा अरेफ, बेलारूस के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर तुर्चिन, कजाकिस्तान के ओलजस बेक्टेनोव, किर्गिस्तान के एडिलबेक कासिमलियेव, ताजिकिस्तान के कोखिर रसूलजोदा और उज्बेकिस्तान के अब्दुल्ला अरिपोव के साथ-साथ पाकिस्तान के उप प्रधान मंत्री इशाक डार और एससीओ महासचिव नुरलान यरमेकबायेव भी शामिल हुए.

जयशंकर ने सोमवार (17 नवंबर 2025) को अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ विस्तृत बातचीत की. यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब दोनों पक्ष राष्ट्रपति पुतिन की 23वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत यात्रा की तैयारी कर रहे हैं. रूसी राष्ट्रपति के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर वार्ता के लिए 5 दिसंबर 2025 के आसपास भारत आने की उम्मीद है.

जयशंकर ने एससीओ से इतर मंगोलिया के प्रधानमंत्री गोम्बोजाविन जंदनशतार और कतर के प्रधानमंत्री सह विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से भी मुलाकात की. उन्होंने एससीओ शासनाध्यक्षों की बैठक की मेजबानी के लिए रूस के प्रधानमंत्री मिशुस्तिन को धन्यवाद दिया और उनके आतिथ्य की प्रशंसा की.

इशाक डार के सामने जयशंकर ने पाकिस्तान को लताड़ा

एससीओ नेताओं को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि दुनिया को आतंकवाद के सभी प्रकारों और स्वरूपों के खिलाफ कतई बर्दाश्त न करने का रुख रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि आतंकवाद को किसी भी रूप में जायज नहीं ठहराया जा सकता न ही इसे नजरअंदाज किया जा सकता है और न ही कोई लीपापोती की जा सकती है. जिस समय जयशंकर ये बात कह रहे थे उस समय पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार भी वहीं थे.

‘भारत को जवाब देने का पूरा हक’

आतंकवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “इसका कोई औचित्य नहीं हो सकता, कोई अनदेखी नहीं हो सकती और कोई लीपापोती नहीं हो सकती. जैसा कि भारत ने दिखाया है कि हमें आतंकवाद के खिलाफ अपने लोगों की रक्षा करने का अधिकार है और हम इसका प्रयोग करेंगे. भारत का मानना ​​है कि एससीओ को बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुकूल होना चाहिए, एक विस्तृत एजेंडा विकसित करना चाहिए और अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करना चाहिए.”

बढ़ाना होगा प्रभाव- पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एससीओ की विश्वसनीयता और प्रभाव को बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने हमारा लक्ष्य वैश्विक स्तर पर सबसे बड़े क्षेत्रीय संगठनों में से एक के रूप में एससीओ की विश्वसनीयता और प्रभाव को बढ़ाने का है.

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगी निकोलाई पात्रुशेव ने भी मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. पुतिन अगले महीने भारत की यात्रा पर आने वाले हैं. रूस के समुद्री बोर्ड के अध्यक्ष पात्रुशेव और पीएम मोदी ने कनेक्टिविटी, दक्षता विकास, जहाज निर्माण और समुद्री क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया. पीएम मोदी ने पात्रुशेव को अवगत कराया कि वह अगले महीने राष्ट्रपति पुतिन की भारत में मेजबानी करने के लिए उत्सुक हैं.

Sports News:सांसें थाम देने वाले मुकाबले में जिम्बाब्वे आखिरी ओवर में हार गई, पाकिस्तान ने 5 विकेट से मैच अपने नाम किया।

पीसीबी द्वारा आयोजित त्रिकोणीय टी20 सीरीज का आगाज मंगलवार को हुआ. रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में टूर्नामेंट का पहला मैच पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेला गया. पाकिस्तान ने 5 विकेट से जीत दर्ज की और टूर्नामेंट का आगाज शानदार तरीके से किया.

पाकिस्तान को जीत के लिए 148 रन का लक्ष्य मिला था. पाकिस्तान एक समय 54 रन पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में थी. आखिरी 10 ओवर में जीत के लिए 92 रन बनाने थे. ऐसा लग रहा था कि जिम्बाब्वे जीत दर्ज कर सकता है। लेकिन पांचवें विकेट के लिए फखर जमां और उस्मान खान ने 61 रन की साझेदारी कर मैच को पाकिस्तान के पक्ष में मोड़ दिया. फखर 32 गेंद पर 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए.

उस्मान खान 28 गेंद पर 37 और मोहम्मद नवाज 12 गेंद पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों के बीच 33 रन की साझेदारी हुई. पाकिस्तान ने 19.2 ओवर में 5 विकेट पर 151 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत लिया. बाबर आजम खाता नहीं खोल सके.

ब्रैड इवांस ने 2, रिचर्ड नग्वारा, टी मपोसा, और ग्रीम क्रीमर ने 1-1 विकेट लिया.

इससे पहले, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. सलामी बल्लेबाजों ब्रायन बेनेट और टी मारुमनी ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलायी थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 8 ओवर में 72 रन की साझेदारी की. मारुमनी पहले विकेट के रूप में 22 गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हुए. ओपनिंग साझेदारी टूटने के बाद जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई. बेनेट भी 36 गेंद पर 49 रन बनाकर आउट हो गए.

कप्तान सिकंदर रजा ने 24 गेंद पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 34 रन बनाकर टीम का स्कोर 8 विकेट पर 147 तक पहुंचाया. पाकिस्तान के लिए मोहम्मद नवाज ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए. शाहीन अफरीदी सबसे महंगे रहे और 4 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट लिए. सलमान मिर्जा, साईम अयूब और अबरार अहमद को 1-1 विकेट मिला.

Health News:रस्सी कूदना, दौड़ना या पैदल चलना… किस एक्सरसाइज में सबसे अधिक कैलोरी बर्न होती है?

वर्कआउट सिर्फ शरीर को फिट रखने का तरीका नहीं है, बल्कि यह आपकी लाइफ को कई तरह से प्रभावित करता है. कई लोग दिनभर सुस्ती, कम ऊर्जा और खराब मूड की शिकायत करते हैं, जबकि नियमित एक्सरसाइज इन सब पर पॉजिटिव इंपैक्ट डालती है. दौड़ना, रस्सी कूदना और तेज चलना यह तीनों ही ऐसे वर्कआउट है जो कम खर्चे में बेहतर कार्डियो एक्सरसाइज देते हैं और तेजी से कैलोरी बर्न करवाते हैं. लेकिन लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि आखिर इन तीनों में से सबसे ज्यादा कैलोरी किससे बर्न होती है. ऐसे में चलिए आज हम आपको बताते हैं की रस्सी कूदना, दौड़ना या चलना किस वर्कआउट में सबसे ज्यादा कैलोरी बर्न होती है.

15 मिनट रस्सी कूदने से कितनी कैलोरी होती है बर्न?

रस्सी कूदने की खास बात यह मानी जाती है कि यह कम समय में ज्यादा तेजी से कैलोरी बर्न करती है. वहीं रस्सी कूद वर्कआउट में आपके वजन के हिसाब से कैलोरी बर्न होती है. अगर कोई 70 किलो का व्यक्ति 15 मिनट रस्सी कूदता है तो वह 161 कैलोरी बर्न कर लेता है. वहीं अगर कोई 80 किलो का व्यक्ति 15 मिनट रस्सी कूदता है तो वह 184 कैलोरी बर्न कर लेता है. जिसका मतलब है कि औसतन सिर्फ 15-15 मिनट रस्सी कूद कर एक दिन में 350 से 400 कैलोरी बर्न की जा सकती है और यह दो बार किया जाए तो लगभग 800 से 900 कैलोरी तक बर्न हो सकती है.

दौड़ने से कितनी बर्न होती है कैलोरी?

दौड़ने पर कितनी कैलोरी बर्न होती है, यह भी वजन और गति पर निर्भर करता है. अगर 70 किलो वजन वाला एक व्यक्ति 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आधा घंटा चलता है तो वह 184 कैलोरी बर्न कर सकता है. वहीं अगर एक 55 किलो का व्यक्ति 1 मिनट दौड़ता है तो वह करीब 11.4 कैलोरी बर्न करता है, जिसका मतलब है कि 30 मिनट के रनिंग से लगभग 350 कैलोरी बर्न हो जाती है.

चलने से कितनी कैलोरी होती है बर्न?

वॉकिंग को सबसे आसान एक्सरसाइज माना जाता है. इसमें न जिम की जरूरत होती है और न ही किसी खास चीज की जरूरत होती है. वही वॉकिंग में भी कैलोरी बर्न आपके वजन, गति और फिटनेस लेवल पर निर्भर करता है. अगर आप 60 मिनट तक धीमी गति से वॉक करते हैं तो 200 से 250 कैलोरी बर्न होती है. वहीं अगर आप मीडियम गति से वॉक करते हैं तो आप 300 से 400 कैलोरी तक बर्न कर सकते हैं.

किस वर्कआउट में होती है सबसे ज्यादा कैलोरी बर्न?

अगर कम समय में ज्यादा कैलोरी बर्न की बात हो तो रस्सी कूद में सबसे ज्यादा कैलोरी बर्न होती है. हालांकि दौड़ने का फायदा यह होता है कि इसे लंबे समय तक किया जा सकता है, जिससे कैलोरी बर्न ज्यादा हो जाती है. वहीं चलना उन लोगों के लिए ज्यादा बेहतर होता है जो जोड़ों के दर्द, टखनों की समस्या या भारी वजन के कारण हाई इंटेंसिटी वर्कआउट नहीं कर सकते हैं.