Home Blog Page 1247

उत्तरप्रदेश परिवहन विभाग: परिवहन मंत्री के आदेश पर आधार प्रमाणिकरण के माध्यम से की 09 सेवाएं हुईं लाइव, जानें घर बैठे मिलेंगी क्या-क्या सुविधाएं

लखनऊ: आमजन को वाहन संबंधी सुविधाओं का लाभ प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब वाहन स्वामी घर बैठे परिवहन विभाग की 09 सेवाओं का लाभ आधार प्रमाणिकरण के माध्यम से उठा सकते हैं। यह सुविधा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देश पर लागू की गई है, जिसके तहत परिवहन मंत्री के आदेश पर इन सेवाओं को तुरंत प्रभाव से लाइव कर दिया गया है।

परिवहन आयुक्त चंद्रभूषण सिंह ने दी जानकारी

परिवहन आयुक्त श्री चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि इन सेवाओं के लाइव होने से आमजनमानस को परिवहन कार्यालय जाने की ज़रूरत नहीं होगी। इससे भागदौड़ और अनावश्यक समय की बर्बादी से राहत मिलेगी। जिन सेवाओं को लाइव किया गया है उनमें शामिल हैं:

1. डुप्लिकेट आरसी

2. विशेष परमिट

3. आरसी विवरण

4. डुप्लिकेट परमिट

5. डुप्लिकेट फिटनेस सर्टिफिकेट

6. डुप्लिकेट डीएल

7. डीएल में पता परिवर्तन

8. डीएल प्रतिस्थापन

9. डीएल एक्सट्रैक्ट

इन सेवाओं के अतिरिक्त पहले से ही शिक्षार्थी लाइसेंस, स्थायी पंजीकरण हेतु आवेदन और लाइसेंस एवं वाहन से मोबाइल नंबर अपडेट की सेवाएं आधार प्रमाणिकरण के माध्यम से फेसलेस की गई थीं।

फेसलेस सेवाओं का बढ़ता दायरा

श्री सिंह ने कहा कि इन सेवाओं को फेसलेस किए जाने से जनता को आसानी से सेवाएं प्राप्त होंगी। भविष्य में और भी सुविधाओं को इस प्रणाली के तहत फेसलेस किया जाएगा, जिससे लोगों को वाहन संबंधी कार्यों के लिए परिवहन कार्यालय जाने की आवश्यकता कम हो जाएगी। परिवहन विभाग की यह पहल डिजिटल इंडिया मिशन को सशक्त बनाने के साथ ही नागरिकों के लिए अत्यधिक सुविधाजनक साबित हो रही है।

क्या है आधार प्रमाणिकरण के फायदे?

आधार प्रमाणिकरण के माध्यम से सेवाओं का लाभ उठाने से नागरिकों को न केवल समय की बचत होगी बल्कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी और अनियमितताओं पर भी रोक लगाई जा सकेगी। इसके अलावा, सेवाएं पूरी तरह से ऑनलाइन हो जाने से दस्तावेजों का सत्यापन और प्रमाणिकरण प्रक्रिया और भी सरल हो गई है।

परिवहन विभाग की इस नई पहल से लाखों वाहन स्वामियों को घर बैठे सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी जीवनशैली और भी आसान होगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता भी बढ़ेगी। उम्मीद है कि आने वाले समय में और भी सेवाओं को फेसलेस करके इस प्रणाली के तहत लाया जाएगा।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ: योगी सरकार बालिकाओं को ‘आत्मरक्षा’ प्रशिक्षण दिलाकर सशक्त बना रही

  • बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए योगी सरकार की महत्वपूर्ण पहल
  • सत्र 2023-24 में 16 लाख से अधिक बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
  • सत्र 2024-25 में 32 लाख से अधिक बालिकाएं हैं पंजीकृत, 4.90 लाख को अब तक मिल चुका है प्रशिक्षण
  • प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही सुरक्षा और हिंसा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी
  • नवरात्रि के दौरान विभिन्न तिथियों में लाखों बालिकाओं को किया गया जागरूक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति के अंतर्गत परिषदीय बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए चलाये जा रहे ‘वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण’ कार्यक्रम के तहत लाखों बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखा कर उन्हें आत्मरक्षा के प्रति जागरुक किया गया है। सत्र 2024-25 में अब तक 4.90 लाख बालिकाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि 32 लाख से अधिक बालिकाएं इस प्रशिक्षण के लिए पंजीकृत हैं।

बता दें कि योगी सरकार ने पिछले सत्र यानी 2023-24 में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अनुश्रवण और मूल्यांकन में कुल 24 लाख 08 हजार 736 बालिकाओं को पंजीकृत किया था। जिसके माध्यम से 16 लाख से अधिक बालिकाओं को सशक्त बनाते हुए आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर किया जा चुका है। योगी सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर और समाज में अपनी सुरक्षा को लेकर सशक्त बनाना है। इस वर्ष नवरात्र में भी योगी सरकार ने इस पहल को जारी रखा और मिशन शक्ति के पांचवें चरण के अंतर्गत 3 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के मध्य 19 लाख 50 हजार 216 बालिकाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न गतिविधियां और कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है।

इस बारे में भी दी गयी जानकारी

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह का कहना है कि विभाग के माध्यम से इस सत्र में 19 लाख 50 हजार 216 बालिकाओं और समुदाय के साथ बाल अधिकार, सुरक्षा-संरक्षा, घरेलू हिंसा, यौन हिंसा, छेड़छाड़, सेफ-अनसेफ टच, हेल्प लाइन नंबर्स, बाल विवाह के नुकसान जैसी जानकारी साझा की गयी है। सत्र 2024-25 में अब तक 4.90 लाख बालिकाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। हालांकि, अभी यह प्रयास जारी है और आगे भी चलता रहेगा। लक्ष्य है कि सभी बालिकाएं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेकर सशक्त बनें और आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ें।

इन तिथियों में इतनी बालिकाएं हुईं जागरूक और प्रशिक्षित

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक नवरात्र के पहले दिन यानी 03 अक्टूबर को 6 लाख 72 हजार 840 बालिकाओं को जागरूक/ प्रशिक्षित किया गया जबकि 04 अक्टूबर को जागरुक/प्रशिक्षित की जानें वाली बालिकाओं की संख्या 01 लाख 91 हजार 969 रही। ऐसे ही 05 अक्टूबर को 01 लाख 56 हजार 472, 06 अक्टूबर को 77 हजार 503, 07 अक्टूबर को 02 लाख 08 हजार 923, 08 अक्टूबर को 01 लाख 30 हजार 924, 09 अक्टूबर को 04 लाख 934 और 10 अक्टूबर को 01 लाख 10 हजार 652 बालिकाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा चुका है।

यह है उद्देश्य

  • बालिकाओं को आत्मरक्षा में सक्षम व स्वयं के प्रति सशक्त बनाना।
  • महिला एवं बालिकाओं के प्रति अपराधों से संबंधित कानूनों, प्रावधानों के बारे में बालिकाओं की समझ विकसित करना।
  • महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु संचालित विभिन्न हेल्पलाइन की सेवाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराना।
  • बालिकायें आत्मरक्षा की विधाओं को सीखने के उपरांत अन्य बालिकाओं को भी जागरूक करने में सक्षम हो सकें।
  • बालिकाओं के प्रति होने वाली हिंसा की रोकथाम हेतु माहौल बनाना।
  • असुरक्षा के कारण शिक्षा से वंचित होने वाली बालिका की शिक्षा में निरंतरता सुनिश्चित करना।

निष्पक्ष जांच कराकर परिजनों को दिलाएंगे न्याय: डॉ. नीरज बोरा

मृतक अमन गौतम के परिजनों से मिले भाजपा विधायक

लखनऊ: प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर स्थित अंबेडकर पार्क में हाल ही में पुलिस दबिश के दौरान हुई अमन गौतम की दुखद मृत्यु के मामले में भाजपा विधायक डॉ. नीरज बोरा ने परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार की बात सुनी और कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इस दुखद घटना में परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी, जिससे घटना की सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा, “सरकार आपके साथ है, और यह सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को उचित सजा मिले।” इस दौरान भाजपा के स्थानीय पार्षद उमेश सनवाल, राकेश मिश्रा, राघवराम तिवारी सहित कई पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, और सभी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अमन गौतम की असामयिक मृत्यु ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया है, और लोग सरकार से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

मामले का संक्षिप्त विवरण

यह घटना तब घटित हुई जब विकास नगर के अंबेडकर पार्क में पुलिस ने एक दबिश दी थी, जिसके दौरान अमन गौतम की मृत्यु हो गई। यह घटना कैसे हुई, इसके पीछे के तथ्यों की जांच अभी जारी है। परिवार और स्थानीय लोग इस घटना को लेकर पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

सरकार की पहल

डॉ. नीरज बोरा ने आश्वासन दिया है कि घटना की गहन जांच होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से इस मामले की पूरी जानकारी लेकर उच्च स्तर पर चर्चा की जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

यह घटना लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में गहरी संवेदना का विषय बन गई है। स्थानीय विधायक और भाजपा नेता डॉ.नीरज बोरा की संवेदनशील प्रतिक्रिया से परिजनों को थोड़ी राहत मिली है। अब सभी की नजरें सरकार और पुलिस की जांच पर टिकी हैं, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि दोषियों को सजा मिले और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

क्षत्रिय समाज ने अपने लहू से देश की मिट्टी को सींचा, धर्म, संस्कृति और राष्ट्र रक्षार्थ दिया बलिदान- डॉ.राजेश्वर सिंह

  • शस्त्र पूजन कार्यक्रम में पहुंचे डॉ.राजेश्वर सिंह, कहा क्षत्रिय इतिहास चुराया हुआ नहीं बल्कि लाखों बलिदानों की गौरवगाथा है
  • उन्होंने कहा- रामलीला सभी के लिए अनुकरणीय, राम के चरित्र से युवा पीढ़ी ले धैर्य और गंभीरता की प्रेरणा
  • शिक्षक स्वामी प्रसाद ओझा द्वारा अंग्रेजी में रचित रामचरित मानस का डॉ.राजेश्वर सिंह ने किया विमोचन, डॉ.सिंह के प्रयासों से ही प्रकाशित भी हुई पुस्तक
  • त्रिलोचन खेड़ा में लगा विधायक राजेश्वर सिंह का 91वां जन सुनवाई शिविर, 4 मेधावियों को प्रदान की गईं साइकिल
  • सरोजनीनगर विधायक ने लतीफनगर में लगवाया आधार कैंप, त्रिलोचनाखेड़ा में शिविर लगाकर सुनीं गईं जन समस्याएं, 4 मेधावियों को प्रदान की साइकिल

लखनऊ: शनिवार को डॉ.राजेश्वर सिंह ने सीएमएस गोमती नगर में भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान विधायक ने कहा शस्त्र शोक एवं भय के नाशक, शांति के पोषक एवं अस्तित्व की रक्षा के आवश्यक तत्व हैं। धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए क्षत्रिय समाज ने सदैव बलिदान दिया है, क्षत्रिय समाज ने अपने लहू से देश की मिट्टी को सींचा है, शस्त्र पूजन कार्यक्रम हमें मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। क्षत्रिय समाज के इसी गौरव को याद करते हुए कवि श्याम नारायण ने कहा था, मुझे न जाना गंगा सागर, मुझे न रामेश्वर काशी, तीर्थराज चित्तौड़ देखने को मेरी आंखे प्यासी।

शस्त्र पूजन के महत्व को बताते हुए डॉ. सिंह ने कहा मां आदिशक्ति द्वारा महिषासुर के वध के उपरांत देवताओं ने उनके शस्त्रों का पूजन किया था। प्रभु श्रीराम ने दशानन रावण से युद्ध से पहले शस्त्रों का पूजन किया था। महाभारत युद्ध से पूर्व श्रीकृष्ण जी के आग्रह पर अर्जुन ने भी शस्त्र पूजन किया था।

कार्यक्रम में भारतीय क्षत्रिय समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, शिक्षाविद एस. के. डी सिंह, संगठन के राष्ट्रीय संयोजक छेदी सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह, उप्र पुलिस के पूर्व डीजीपी सुलखान, मनकामनेश्वर मंदिर महंत देव्या गिरी, मुख्य सेवादार लेटे हुए हनुमान मंदिर डॉ. विवेक तांगड़ी, समाजसेवी नयनतारा, चेयरपर्सन पीसीडीएफ शिखा तोमर, युवा उद्यमी मांडवी सिंह जी आदि मौजूद रहे।

राम लीला कार्यक्रमों में की सहभागिता, किया अंग्रेजी रामचरित मानस का विमोचन

डॉ. राजेश्वर सिंह ने साईं दाता मार्ग अर्जुनगंज, जय जगत पार्क हिंद नगर, सेक्टर एफ एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड, तथा मौंदा की 93 साल पुरानी रामलीला में सहभागिता की। सेक्टर एफ एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड स्थित रामलीला ग्राउंड में आयोजित दशहरा मेले में सहभागिता के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरस्वती विद्या मंदिर के पूर्व प्रधानाचार्य, अंग्रेजी भाषा के प्रकांड विद्वान एवं रामभक्त स्वामी प्रसाद ओझा द्वारा रामचरित मानस के अंग्रेजी संकलन का विमोचन किया।

बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने भी स्वामी प्रसाद की अंग्रेजी राम चरित मानस की मुक्तकंठ प्रसंशा की थी। स्वामी द्वारा रचित अंग्रेजी रामचरित मानस की 1,000 प्रतियां डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों से छपवाई गईं हैं। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा मेरा प्रयास रहेगा इस ग्रंथ की और अधिक प्रतियां प्रकाशित करवाकर पूरे विश्व में फैले रामभक्तों तक पहुंचाई जाएंगी।

सरोजनीनगर विधायक ने रामलीला का महत्व बताते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के जीवन से हमें प्रत्येक परिस्थिति में धैर्य और वीरता के साथ निर्णय लेने, बड़ों का सम्मान करने, परिवार को महत्व देने और संबंधों के प्रति अगाध समर्पण की शिक्षा मिलती है। मर्यादा पुरुषोत्तम की जीवन लीला एवं शिक्षाएं सभी के लिए अनुकरणीय हैं, चाहे पिता के प्रति समर्पण हो, भाई के प्रति त्याग हो, जीवन साथी के प्रति अनुराग हो या मित्र के प्रति सहयोग का भाव हो। इस वर्ष दशहरा का पर्व विशेष है, 500 से अधिक वर्ष की तपस्या, संघर्ष और प्रतीक्षा के उपरांत आराध्य प्रभु श्रीराम अपने दिव्य, नव्य और भव्य भवन में विराजमान हैं।

त्रिलोचन खेड़ा में लगा 91वां आपका विधायक-आपके द्वार, जनसुनवाई शिविर

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा प्रति सप्ताह आयोजित किए जा रहे जनसुनवाई शिविर के अंतर्गत रविवार को ग्राम पंचायत रहीमनगर पड़ियाना के त्रिलोचन खेड़ा में में 91वां ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ जन सुनवाई शिविर आयोजित कर ग्रामवासियों की समस्याएँ सुनीं गईं एवं गांव के विकास संबंधित सुझाव प्राप्त किये गए।

शिविर के दौरान ‘गांव की शान’ पहल के अंतर्गत इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 2 मेधावियों नितिन (61.0%) व सूरज (58.0%) और हाईस्कूल परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 2 मेधावियों सुनील कुमार (72.5%) व राजेश (71.5%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया गया। इसके अलावा गर्ल्स यूथ क्लब स्थापित कराने के संकल्प क्रम में त्रिलोचना खेड़ा में 45 वां गर्ल्स यूथ क्लब भी स्थापित कर इंडोर और आउटडोर गेम्स की किट उपलब्ध कराई गई।

साथ ही गांव के प्रतिष्ठित नागरिकों जानकी प्रसाद जी, छेदी लाल जी, बाबू लाल जी, अरुण कुमार जी, राकेश कुमार जी, मन्ना लाल जी, विजय पाल जी, राज नारायण जी, सरवन कुमार जी, शिव शंकर जी, सुमन जी एवं रमापति जी को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से सम्मानित भी किया गया। इस दौरान ‘ताराशक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से उपस्थित क्षेत्रवासियों को ताजा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।

रामलीला से युवाओं को मिलती है बड़ों को सम्मान देने की शिक्षा- डॉ.राजेश्वर सिंह

  • दुर्गा पांडालों में पहुंचे डॉ.राजेश्वर सिंह, लिया आदिशक्ति मां दुर्गे का आशीर्वाद
  • गरबा, डांडिया सामूहिकता, आनंद और मातृशक्ति के प्रति समर्पण व्यक्त करने का अनुपम माध्यम – डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विभिन्न दुर्गा पांडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का पूजन अर्चन किया। साथ ही गरबा डांडिया कार्यक्रमों और रामलीला कार्यक्रमों में भी सहभागिता की।

सरोजनीनगर विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह ने एलडीए कॉलोनी स्थित गीतांजलि दुर्गा पूजा पार्क एवं कम्युनिटी हॉल तथा नादरगंज में अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया कल्चरल सोसायटी द्वारा आयोजित दुर्गा पांडालों में दर्शन पूजन किया।

इसके साथ ही आशियाना स्थित अमराल्ड मॉल में अमर उजाला द्वारा आयोजित डांडिया एवं गरबा नाइट्स में पहुंचे डॉ. सिंह ने गरबा और डांडिया को समाज में सामूहिकता, आनंद और आदिशक्ति के प्रति समर्पण भाव व्यक्त करने का अनुपम माध्यम बताया। विधायक ने आशियाना स्थित मल्टी एक्टिविटी सेंटर में आयोजित डांडिया नाइट्स में भी सहभागिता की। डॉ. सिंह ने जागरण पार्क, हाउसिंग सोसाइटी में आयोजित देवी जागरण में पहुंचकर माता रानी के मनमोहक भजन सुनें।

सार्वजनिक पार्क, तेलीबाग में पर्वतीय रामलीला समिति तेलीबाग द्वारा आयोजित रामलीला कार्यक्रम में पहुंचे डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि रामलीला संस्कृति कला और संस्कारों का संगम है, रामलीलाओं का मंचन वर्तमान पीढ़ी को हमारे इतिहास, सभ्यता और परंपराओं से जोड़ने का अनुपम मंच है। रामलीला का मंच युवाओं को मर्यादा में रहने, माता पिता की सेवा करने, परिवार और रिश्तों को महत्व देने, प्रतिकूल समय में भी संयम और शांति से कम लेने की शिक्षा देता है।

इस मौक़े पर कौशिक बैनर्जी, पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, दुर्गेश पांडे, ए के बैरल, डॉ एस के सिन्हा सेक्टर संयोजक, पी के भट्टाचार्या, गुड्डू दीक्षित, दीपेश चौधरी, संजय पांडे, हेमंत पांडे, हरदेव सिंह, डॉ एस के सिंह एवं भगवान शंकर त्रिवेदी, अमियो सरकार, संदीप कुमार सरस्वती, दिलीप कुमार गुहा चौधरी, डॉ संजीत कुमार सिन्हा, पार्षद सौरभ सिंह मोनू, दिनेश सिंह राठौर, विपिन सिंह, नितिन अग्रवाल, पार्षद हिमांशु अम्बेडकर, दीपाल गुप्ता, सुमित दास, केके श्रीवास्तव, पर्वतीय समाज से गणेश चंद्र जोशी, जानकी अधिकारी उपस्थित रही।