Home Blog Page 1218

नगर विकास मंत्री ने निकायों में छठ पर्व की तैयारियों, व्यवस्थापन कार्यों की वर्चुअल समीक्षा की

truenewsup
truenewsup
  • सभी कार्मिकों को निकायों में छठ पर्व की बेहतर व्यवस्था बनाने के दिए निर्देश
  • छठ घाटों व पूजा स्थलों में साफ सफाई, सुंदरीकरण, लाइटिंग व सुरक्षा में न हो कोई चूक
  • जलाशयों में पूजा सामग्री प्रवाहित न हो, बनाए जाल का अर्पण कलश
  • पूजा सामग्री और कूड़ा कचरे के निपटान के लिए किए जाए समुचित प्रबंध
  • छठ घाटों में आने वाले श्रद्धालुओं को न हो किसी प्रकार की परेशानी
  • श्रद्धालुओं के लिए घाटों में चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर की व्यवस्था रहे
  • छठ पर्व को दिव्य, भव्य, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम और ऊर्जा विभाग द्वारा किया जा रहा हर मुमकिन प्रयास
  • ए.के. शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं और व्रतधारियों को अस्ताचलगामी सूर्य अर्घ्य की दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

लखनऊ: 07 नवम्बर, 2024: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने लोक आस्था, पवित्रता एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर घाटों एवं पूजा स्थलों में की गई तैयारियों व व्यवस्थापन कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी निकाय अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व का अत्यंत महत्वपूर्ण पल आज से शुरू होगा जब श्रद्धालु नदी घाटों, जलासयों के तट पर पहुंचकर छठी मैया और सूर्य भगवान की पूजा करने के लिए पहुंचेंगे। ऐसे समय में सभी अधिकारी और कार्मिक पूरी सतर्कता और तन्मयता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। कहीं पर भी घाटों व पूजा स्थलों की साफ सफाई स्वच्छता, सुंदरीकरण प्रकाश में कमी न रहे। श्रद्धालुओं और बच्चों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। कोई भी गहरे पानी में न जाने पाए, इसकी सतर्क निगरानी की जाए और पानी में बैरिकेडिंग भी लगाई जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को दिव्य, भव्य स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम और ऊर्जा विभाग द्वारा हर मुमकिन प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और व्रतधारियों को अस्ताचलगामी सूर्य भगवान की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाए दी।

नगर विकास मंत्री ए.के.शर्मा गुरुवार को सुबह 8:00 बजे छठ पर्व की तैयारियों को लेकर निकाय कार्यों की वर्चुअल समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों श्रद्धालु छठ पर्व पर मुख्य पूजा के दिन से घाटों पर जाकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य देंगे और शुक्रवार को उदयीमान सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर अपनी मुरादे पूरी करने के प्रण को पूरा करेंगे। इस दौरान निकायों में छठ पूजा घाटों व स्थलों की व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारी बढ़ जाती है, घाटों की साफ सफाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, उनके लिए स्वच्छ पेयजल, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था बहुत जरूरी हो जाती है। ऐसे समय में सभी कार्मिक पूरी तरह से सतर्क रहेंगे और स्वच्छ, सुरक्षित व जीरो वेस्ट एवं प्लास्टिक मुक्त छठ पर्व मनाने में सहयोग प्रदान करेंगे।

ए.के. शर्मा ने कहा कि प्लास्टिक मुक्त छठ पर्व मनाने के लिए प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए श्रद्धालुओं से अपील करें, साथ ही घाटों के आसपास मौजूद दुकानदारों को भी प्लास्टिक का प्रयोग न करने के निर्देश दें। कूड़ा कचरा इधर-उधर न फैले, इसके लिए घाटों में डस्टबिन रखवाए। कूड़े का समय से उठान और निपटान के लिए भी पूरे प्रबंध रहे, घाटों में कहीं पर भी गंदगी न हो, चूने का छिड़काव कराए, एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग भी कराए। व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल और जनता जनार्दन का भी सहयोग लें। सभी निकायों में जीरो वेस्ट छठ पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस दृष्टि से सभी अपनी तैयारी पूर्ण करें।

समीक्षा में सचिव नगर विकास अजय कुमार शुक्ला, निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, अपर निदेशक रितु सुहास, डी सीसीसी के अधिकारी, सभी नगर आयुक्त और अधिशाषी अधिकारी सहित निकायों से अन्य 750 अधिकारी वर्चुअल जुड़े रहे।

महापर्व छठ के अवसर पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

women empowerment
women empowerment

लखनऊ: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।आज यहां जारी एक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था का एक प्रमुख पर्व है। इस पर्व में आत्मिक शुद्धि और निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान भगवान सूर्य की उपासना की जाती है। हमारे देश में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की समृद्ध परम्परा व संस्कृति है। प्रकृति के साथ मानव के जुड़ाव का सन्देश देने वाला छठ पर्व इसी समृद्ध परम्परा का जीवन्त उदाहरण है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में धान खरीद की समीक्षा की

truenewsup
truenewsup
  • धान खरीद प्रक्रिया को पूरी तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए
  • प्रदेश सरकार के लिए किसानों का हित सर्वोपरि, धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: मुख्यमंत्री
  • प्रत्येक दशा में खरीद के 48 घण्टे में कृषक को भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाए
  • क्रय केन्द्रों पर किसानों की बुनियादी सुविधाओं व आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जाए
  • क्रय केन्द्रों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि की निगरानी की जाए
  • समस्त कार्यों की मुख्यालय से अनवरत माॅनीटरिंग की जाए
  • प्रदेश सरकार ने फेयर प्राइस शाॅप को माॅडल फेयर प्राइस शाॅप बनाने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में धान खरीद की समीक्षा की। उन्होंने मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत धान खरीद प्रक्रिया को पूरी तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए किसानों का हित सर्वोपरि है। धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों की सुविधा के दृष्टिगत प्रदेश के सभी क्रय केन्द्र क्रियाशील रहें। प्रत्येक दशा में खरीद के 48 घण्टे में कृषक को भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि क्रय केन्द्रों पर किसानांे के बैठने, छाया एवं पेयजल आदि बुनियादी सुविधाओं व आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जाए। बोरे की कमी कहीं न हो। टोकन व्यवस्था के माध्यम से खरीद की जाए। क्रय केन्द्रों पर वर्षा तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से धान की सुरक्षा के पर्याप्त प्रबन्ध किये जाएं। क्रय केन्द्रों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि की निगरानी की जाए। कर्मचारियों की समय से तथा अनवरत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इन समस्त कार्यों की मुख्यालय से लगातार माॅनीटरिंग भी की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक पात्र परिवार को राशन आसानी से तथा पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने की दिशा में किये गए प्रयासों के अच्छे परिणाम प्राप्त हुए हैं। प्रदेश सरकार ने फेयर प्राइस शाॅप को माॅडल फेयर प्राइस शाॅप बनाने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव खाद्य आलोक कुमार, खाद्य आयुक्त सौरभ बाबू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Uttar Pradesh: परिवहन मंत्री की पहल पर प्रदेश के वाहन स्वामियों के लिए एकमुश्त समाधान योजना दोबारा की गई लागू

truenewsupपरिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह
truenewsupपरिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा: वाहन स्वामी एकमुश्त समाधान योजना में प्राप्त छूट का लाभ लेते हुए जमा करायें बकाया राशि

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की पहल पर प्रदेश के वाहन स्वामियों को एक बार पुनः एकमुश्त शास्ति समाधान योजना का लाभ प्रदेश सरकार ने उपलब्ध कराया है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव परिवहन एल0 वेंकेटेश्वर लू ने अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इस अधिसूचना के गजट में प्रकाशित किये जाने के तिथि से पूर्व तक रजिस्ट्रीकृत वाहनों पर संदेय कर के विलम्ब संदाय हेतु शास्ति के संदाय से इस अधिसूचना के गजट में प्रकाशित किये जाने के तिथि से तीन माह की अवधि के लिए छूट प्रदान की गई है।

जारी अधिसूचना के तहत ऐसे वाहन स्वामी अथवा उनके विधिक वारिस, जिनके मामले विभिन्न न्यायालयों के समक्ष लम्बित हों, जिनके कर/शास्ति के विरूद्ध अपील/पुनरीक्षण, उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) अथवा उप परिवहन आयुक्त (यात्रीकर) के समक्ष लम्बित हों, पात्र होंगे। वाहन स्वामियों को वाद प्रत्याहृत करने के लिए, यथास्थिति सम्बन्धित न्यायालयों/उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र)/उप परिवहन आयुक्त (यात्रीकर), के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करना होगा। परिवहन यानों के समस्त स्वामी अथवा उसके विधिक वारिस, जिनके विरूद्ध इस अधिसूचना के गजट में प्रकाशित किये जाने के तिथि तक कर एवं शास्ति हेतु वसूली प्रमाण पत्र जारी किया गया हो, भी इस अधिसूचना के अधीन पात्र होंगे।

अधिसूचना में कहा गया है कि स्वामी अथवा उसके विधिक वारिस को विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)/कराधान अधिकारी को तिपहिया एवं हल्के मोटर यानों (7500 कि0ग्रा0 सकल यान भार तक) के मामले में आवेदन शुल्क के रूप में 200/- रूपये की धनराशि एवं अवशेष यानों हेतु आवेदन शुल्क के रूप में 500/- रूपये की धनराशि सहित आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन, इस अधिसूचना के गजट में प्रकाशित किये जाने के तिथि से अधिसूचना के प्रभावी होने के तिथि तक किया जायेगा। निर्धारित अवधि की समाप्ति के पश्चात स्वीकार नहीं किया जायेगा। इस अधिसूचना के गजट में प्रकाशित किये जाने के तिथि से पूर्व किसी वाहनों के विरूद्ध जमा कर एवं शास्तियॉं प्रतिदेय नहीं होगी। स्वामी, यानों पर बकाया देय करों की कुल धनराशि ‘एकमुश्त’ जमा करेगा। जारी अधिसूचना के अन्तर्गत अधिसचना निर्गत होने के तिथि को या उसके पश्चात रजिस्ट्री्कृत समस्त प्रकार के परिवहन यान एवं समस्त प्रकार के अरजिस्ट्रीकृत वाहन, जिन पर अधिसूचना के दिनांक के पूर्व तक बकाया कर संदेय हो एवं लम्बित बकाया जमा न हो, इस सुविधा के लाभ के पात्र नहीं होंगे।

Uttar Pradesh: मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से मण्डलायुक्तों व जिलाधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

truenewsup
truenewsup
  • छठ पूजा के दौरान घाटों पर सफाई, सुरक्षा व स्वच्छता के हों समुचित प्रबंध
  • फर्टिलाइजर को लेकर संवेदनशील जनपदों पर रखी जाये विशेष निगरानी
  • कहीं से भी फर्टिलाइजर के तस्करी एवं कालाबाजारी की शिकायत नहीं हो प्राप्त
  • किसानों को पराली न जलाने के लिये किया जाये जागरूक, न मानने पर की जाये कार्यवाही

लखनऊ: मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को छठ पूजा, पराली, धान खरीद आदि के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान घाटों की सफाई, सुरक्षा व स्वच्छता के संबंध में दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों के साथ बैठक कर छठ घाटों पर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कि छठ पूजा के दौरान नदियों, तालाबों व जलस्रोतों का जल स्वच्छ हो और ठोस अपशिष्ट का प्रवाह न हो।

उन्होंने कहा कि निकायों के द्वारा घाट के पास पर्याप्त मात्रा में स्नान घर, मोबाइल टॉयलेट, पोर्टेबल टॉयलेट, पेयजल व चेंजिंग रूप की व्यवस्था होना चाहिये। इससे सम्बन्धित संदेश बोर्ड भी स्थल पर स्थापित किये जायें। लोगों को प्लास्टिक कैरीबैग के स्थान पर जूट बैग अथवा कपड़े का बैग आदि के इस्तेमाल के लिये प्रेरित किया जाये। उन्होंने कहा कि स्वच्छ छठ पूजा के लिये हरे और नीले रंग के कूड़ेदान को घाटों के आस-पास रखा जाये। घाट स्थलों के आस-पास स्वच्छता एवं साफ-सफाई के सम्बन्ध में जागरूकता सम्बन्धी निर्देश बोर्ड लगाये जाये। निकायों द्वारा दिन में न्यूनतम दो बार घाटों की समुचित साफ-सफाई की व्यवस्था करायी जाये।

उन्होंने कहा कि घाटों पर सुरक्षा का समुचित प्रबंध रहे और छठ पूजा स्थलों एवं पहुंच मार्गों पर सभी स्ट्रीट लाइट्स क्रियाशील होनी चाहिये। सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की जाये। आकस्मिक स्थिति के लिये अस्पतालों में बेड आरक्षित रखे जायें। छठ पूजा स्थलों, तालाबों, घाटों पर आवश्यकतानुसार कुशल तैराक व गोताखोर की व्यवस्था जन सहयोग (वॉलंटियर, स्वैच्छिक संगठन, व्यापार मण्डल, उद्योग मण्डल) के माध्यम से सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि पूजा स्थलों के निकट पार्किंग की व्यवस्था रहे। घाटों के आसपास आतिशबाजी नहीं होनी चाहिये। सीसीटीवी व ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाये। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा भी पूजा स्थलों का निरीक्षण किया जाये।

उन्होंने डीएपी के सम्बन्ध में कहा कि आलू उत्पादन करने वाले क्षेत्रों में डीएपी की मांग बढ़ेगी। मांग के सापेक्ष डीएपी प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कृषि एवं सहकारिता विभाग के द्वारा इसे ध्यान में रखते हुए डीएपी का अलॉटमेंट किया जाये। फर्टिलाइजर को लेकर संवेदनशील जनपदों पर विशेष निगरानी रखी जाये। कहीं से भी तस्करी एवं कालाबाजारी की शिकायत नहीं प्राप्त होनी चाहिये।

पराली जलने की घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों को सतर्क रहने की जरूरत है। जिन जनपदों में पराली जलने की घटनायें अधिक हो रही हैं, वहां लोगों को पराली न जलाने के लिये अधिक से अधिक जागरूक किया जाये। इसके बावजूद न मानने पर सम्बन्धित लोगों के विरुद्ध कार्यवाही की जाये।
उन्होंने कहा कि धान की खरीद के लिये क्रय केन्द्रों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। क्रय केन्द्रों पर धान बिक्री करने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिये। समयावधि के भीतर किसानों का भुगतान किया जाये।

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार तथा कृषि उत्पादन आयुक्त मोनिका एस0 गर्ग, अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार, प्रमुख सचिव सहकारिता महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र, प्रमुख सचिव पंचायतीराज नरेन्द्र भूषण, सचिव कृषि अनुराग यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।