योगी सरकार ने 2024-25 के लिए प्रदान की वित्तीय स्वीकृति
फसल हानि व क्षति से पीड़ित किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करने को संकल्पित है डबल इंजन सरकार
लखनऊ, 9 नवंबर 2024: योगी सरकार ने किसानों को कृषि क्षेत्र में जोखिम से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एक अरब छह करोड़ 19 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। यह वित्तीय स्वीकृति वर्ष 2024-25 में नेशनल क्रॉप इन्श्योरेन्स प्रोग्राम (प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना) के अन्तर्गत प्रदान की गई है। डबल इंजन सरकार अन्नदाता किसानों के उत्थान व विकास के लिए कृत संकल्पित है।
योगी सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य कृषि में टिकाऊ उत्पादन को बढ़ावा देना है। किसानों को अप्रत्याशित घटनाओं के कारण फसल हानि/क्षति से पीड़ित किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। उनकी आय को स्थिर करना है, जिससे वे खेतीबाड़ी में लगे रहें। किसानों को नवीन एवं आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। कृषि क्षेत्र को ऋण प्रवाह सुनिश्चित करना, जिससे खाद्य सुरक्षा, फसल विविधीकरण और कृषि क्षेत्र की वृद्धि एवं प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने के साथ-साथ किसानों को उत्पादन जोखिमों से बचाने में भी मदद मिलेगी।
उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, पीएम श्री विद्यालयों और पायलट प्रोजेक्ट के विद्यालयों के चयनित 2402 शिक्षकों को दिया जा रहा है प्रशिक्षण
तीसरे और चौथे बैच के समापन सत्र में पहुंचीं डीजी स्कूल शिक्षा,ने किया मार्गदर्शन
लखनऊ स्थित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में दिया जा रहा है प्रशिक्षण
प्रदेश के विद्यार्थियों का भविष्य तय करेगी यह पहल: कंचन वर्मा
लखनऊ, 09 नवंबर2024: विद्यालयों को कौशल केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कोशिशों को परवान चढ़ाने के लिए प्रदेश के उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और पीएम श्री विद्यालयों में पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से चयनित 2402 शिक्षकों के तीसरे और चौथे बैच के शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। ‘लर्निंग बाई डूइंग’ के सिद्धांत पर आधारित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल विद्यार्थियों के भविष्य को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगी और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा प्रदान करेगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे एवं शिक्षक को विज्ञान का आकर्षण स्वतः उसे अपनी ओर खींचता है जिससे बच्चों में सीखने,जानने व करने की उत्सुकता पैदा होती है विज्ञान का महत्व हमारे जीवन के प्रत्येक चरण में उपलब्ध होता है और इस शिक्षक प्रशिक्षण से हमारे विद्यालय के बच्चों को इन्हें करके सीखने का अवसर प्रदान करेगा जो भविष्य में इन्हें तकनीकी ज्ञान व रोजगार के प्रति आकर्षित करेगा।
वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों का मिला मार्गदर्शन तीसरे और चौथे बैच के लगभग 200 शिक्षक प्रशिक्षणार्थियों को शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संबोधित किया और प्रेरित किया। समापन सत्र में वरिष्ठ विशेषज्ञ माधवजी तिवारी, अपर निदेशक बी. डी. चौधरी, डॉ. फैजान इनाम, रंजीत सिंह और अन्य अतिथियों ने उपस्थित शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस पहल को प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में एक मील का पत्थर बताया और विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास व रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए ‘लर्निंग बाई डूइंग’ कार्यक्रम की सराहना की।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव परिवहन ने कहा कि इस कार्यक्रम के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध तकनीकी ज्ञान व कौशल को भी बच्चों को सीखाने की आवश्यकता है ताकि बच्चों के अंदर आत्मविश्वास बड़े और शिक्षकों को एक कुशल शिक्षक बनने के लिए उपलब्ध संसाधनों से बेहतर परिणाम हासिल करना चाहिए।
बता दें कि लखनऊ स्थित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में चल रहे इस प्रशिक्षण में कुल 2402 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाना है, जिनमें से तीसरे और चौथे बैच तक लगभग 200 शिक्षकों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। ज्ञात हो कि यहाँ 1772 उच्च प्राथमिक व कंपोजिट, 570 पीएम श्री विद्यालयों और 60 पायलट प्रोजेक्ट से चयनित विज्ञान और गणित शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इतना ही नहीं, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के नेतृत्व में, बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रदेश के इन विद्यालयों को कौशल केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से इस चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में शिक्षकों को अनेक विधाओं में पारंगत किया जा रहा है।
सीएम योगी के निशाने पर रहा सपा का नेतृत्व, नीति व नेता
खैर में गरजे- एएमयू में पिछड़ी, अनुसूचित जााति व जनजाति को क्यों नहीं मिलता आरक्षण की सुविधा का लाभ
करहल में कहा- स्व. मुलायम सिंह यादव को भी कष्ट हो रहा होगा कि उनका सपूत सपा को कांग्रेस के पास गिरवी रखकर पार्टी का सत्यानाश करने पर उतारू है
सीसामऊ में बोले- कानपुर का दंगाई और रामपुर में जमीन कब्जाने वाला जेल में है, लेकिन सपा इन्हें निर्दोष मानती है
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय कई पीढ़ियों को बनाएगा, प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए कि यह विश्वविद्यालय आगे बढ़ता है या एएमयूः सीएम योगी
सीएम ने किया आगाह-गांधारी की तरह जब भी आंख पर पट्टी बांधकर जाति और स्वार्थ में बंटे हैं तो कटने के सिवाय हमारी दूसरी नियति नहीं हो सकती
सीएम का आरोपः कश्मीर को आतंकवाद का गढ़ बनाने के लिए शुरू हो चुकी है शरारत
अलीगढ़/कानपुर/मैनपुरी, 9 नवंबर 2024: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव प्रचार के दूसरे दिन तीन रैली की। उन्होंने खैर से सुरेंद्र दिलेर, सीसामऊ से सुरेश अवस्थी व करहल से अनुजेश यादव के पक्ष में कमल खिलाने की अपील की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व, नीति व नेताओं को निशाने पर रखा। कहा कि सपा की टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले हैं। करहल में उन्होंने अखिलेश यादव की बखिया उधेड़ते हुए कहा कि बबुआ अभी बालिग नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप मढ़ा कि कश्मीर को फिर से आतंकवाद का गढ़ बनाने के लिए शरारत प्रारंभ हो चुकी है।
कांग्रेस ने इमरजेंसी में नेताजी को बंद किया और अखिलेश ने उसी कांग्रेस से गठजोड़ किया
सीएम योगी ने करहल में अखिलेश यादव पर निशाना साधा। बोले कि उनका आचरण अपने पिता व सपा संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव की भावनाओं के विरुद्ध है। अखिलेश यादव की सपा कांग्रेस की गोदी में खेल रही है। कांग्रेस ने इमरजेंसी में नेताजी को बंद किया था। नेताजी हमेशा कांग्रेस का विरोध करते थे। वे कहते थे कि धोखे से भी इसके साथ नहीं रहना है, लेकिन सपा अब नेताजी के मूल्यों-आदर्शों से खुद को दूर कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व के कृत्यों से मुलायम सिंह यादव को कष्ट हो रहा होगा कि उनका सपूत सपा को कांग्रेस के पास गिरवी रखकर पार्टी का सत्यानाश करने पर उतारू हो गया है। कुछ लोगों की प्रवृत्ति होती है, जो जिंदगी भर उनके साथ जुड़ जाती है। बबुआ अभी बालिग नहीं हुआ है, इसलिए कभी-कभी ऐसा काम कर देता है, जिससे मैनपुरीवालों के सामने भी संकट खड़ा हो जाता है। सीएम ने कहा कि मुलायम सिंह ने राममनोहर लोहिया को आदर्श बनाया था। डॉ. लोहिया ने कहा था कि सच्चा समाजवादी वह है, जो संपत्ति व संतति का मोह न करे, फिर भी सपा में सारा पद एक ही परिवार को चाहिए।
मथुरा-वृंदावन को लेकर सपा क्या सरकार की सोच का समर्थन करेगी
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी रामद्रोही है। वे राममंदिर का दर्शन करने नहीं गए, क्योंकि उन्हें लगता था कि वोटबैंक खिसक जाएगा। करहलवासी उनसे कहें कि आप कृष्ण-कन्हैया का सम्मान नहीं कर सकते तो हमारा वोट लेने क्यों आते हैं। हम आपसे बॉय-बॉय करते हैं। भाजपा ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। हमने करके दिखा दिया। श्रीकृष्ण-कन्हैया हम आएंगे, मथुरा में भी जनभावना का सम्मान कराएंगे, क्या सपा इस पर सहमत है। क्या समाजवादी पार्टी मथुरा-वृंदावन को लेकर सरकार की सोच का समर्थन करेगी। उन्हें वोट चाहिए, लेकिन कृष्ण-कन्हैया का सम्मान नहीं। वे इस पर मौन हैं। सरकार मथुरा, गोकुल, बरसाना, बलदेव, वृंदावन तीर्थों का विकास कर रही है। लगता है मथुरा-वृंदावन पांच हजार पहले के कालखंड में जा चुका है, जब कन्हैया स्वयं वहां निवास करते थे।
अपने कारनामों से जानी जाती है सपा
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में निषाद बेटी और कन्नौज में सपा नेता के कृत्य किसी से छिपे नहीं हैं। यह सभ्य समाज के कलंक हैं। लाल टोपी-काले कारनामे को पनपने मत दीजिए। यह लोग षडयंत्र कर रहे हैं, फिर से यूपी को अराजकता में ढकेल देंगे। लोकसभा चुनाव में इनका झूठ एक्सपोज हो गया। इनसे पूछिए कि खटाखट-खटाखट के एक-एक लाख रुपये कहां हैं। चुनाव में इनको सफाचट कर दीजिए। गलत व्यक्ति को प्रश्रय देने से भावी पीढ़ी के भविष्य से खिलवाड़ और वर्तमान पीढ़ी बर्बाद होती है।
प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए कि महेंद्र सिंह विश्वविद्यालय आगे बढ़ता है या एएमयू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खैर में कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम के जरिए जनता ने जवाब दे दिया कि वह डबल इंजन सरकार को चाहती है। अलीगढ़ के जिस राजा महेंद्र प्रताप सिंह को कांग्रेस ने भुला दिया था, हम लोगों ने उनके नाम पर राज्य विश्वविद्यालय बनाया है। यह विश्वविद्यालय आपकी कई पीढ़ियों को बनाएगा। इसे प्रतिस्पर्धा में लेकर आना है कि राजा महेंद्र सिंह विश्वविद्यालय आगे बढ़ता है या एएमयू।
जब पैसा भारत का लगा है तो एएमयू में पिछड़ी, अनुसूचित जाति-जनजाति को क्यों नहीं मिलता आरक्षण का लाभ
सीएम योगी ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को अल्पसंख्यक संस्था के रूप में स्थापित करना चाहिए या सामान्य संस्था के रूप में रहना चाहिए। इस पर कल माननीय उच्चतम न्यायालय में बहस हो रही थी। भारत के संसाधनों से पलने और जनता के टैक्स से चलने वाला ऐसा संस्थान, जो पिछड़ी, अनुसूचित जाति या जनजाति के लोगों को आरक्षण नहीं देता है, लेकिन मुसलमानों के लिए स्वयं के माध्यम से 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था कर रहे हैं। भारत का संविधान अनुसूचित जाति-जनजाति व मंडल कमीशन की रिपोर्ट के आधार पर पिछड़ी जाति के लोगों को आरक्षण की सुविधा देता है, लेकिन एएमयू में यह सुविधा क्यों नहीं मिल पाती है। जब भारत का पैसा लगा है तो वहां भी इन्हें आरक्षण की सुविधा का लाभ मिलना चाहिए। नौकरी और प्रवेश में भी यह सुविधा मिलनी चाहिए। इसे क्यों बंद किया गया, क्योंकि कांग्रेस-सपा, बसपा नहीं चाहती है। वोटबैंक बचाने के लिए यह लोग आपकी भावना व राष्ट्रीय एकता-अखंडता, अस्मिता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
कश्मीर को आतंकवाद का गढ़ बनाने के लिए शुरू हो चुकी है शरारत
सीएम योगी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार है। वहां विधानसभा ने प्रस्ताव पारित किया है कि कश्मीर में फिर से 370 की बहाली होनी चाहिए। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर नहीं चाहते थे कि भारत के संविधान में धारा 370 जुड़े, लेकिन नेहरू की जिद ने जबर्दस्ती इसे जुड़वाया। कांग्रेस ने कभी भी धारा-370 को हटाने का प्रयास नहीं किया, लेकिन देशहित में पीएम मोदी ने 35 ए व 370 को हटा दिया। इस कारण पांच वर्ष से वहां विकास व सुरक्षा का बेहतरीन माहौल है। अब कश्मीर में लाखों पर्यटक आते हैं। सीएम ने आरोप मढ़ा कि कश्मीर को फिर से आतंकवाद का गढ़ बनाने के लिए शरारत प्रारंभ हो चुकी है।
आरोप- कांग्रेस जब भी सफल होगी, आपको बांटकर ही होगी, पहले इंदिरा आवास के नाम पर गांव में एक व्यक्ति को मिलता था 20 हजार रुपये
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस जब भी सफल होगी, तब आपको विभाजित करके सफल होगी। इसलिए बंटिए मत, जब बंटे थे तो कटे थे। एक रहेंगे तो नेक और सेफ रहेंगे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर, भगवान विश्वनाथ, मथुरा में कृष्ण कन्हैया की जन्मभूमि का अपमान सामने आया था। हमारी मां-बहन, बेटियों के साथ क्या कुछ नहीं हुआ था। इन सबके बावजूद गांधारी की तरह यदि आंख पर पट्टी बांधकर जाति और स्वार्थ में बंटे हैं तो कटने के सिवाय हमारी दूसरी नियति नहीं हो सकती है। सीएम योगी ने 2017 के पहले और बाद के यूपी का अंतर बताया। बोले-पहले अलीगढ़ में हर 10 दिन में दंगा व कर्फ्यू लगता था, लेकिन साढ़े सात वर्ष में कोई उपद्रव व गुंडागर्दी की हिम्मत नहीं कर पाया। ऐसे लोगों को मालूम है कि एक तरफ यमराज इंतजार करेंगे तो दूसरी तरफ बाप-दादा की संपत्ति को कब्जे में लेकर गरीबों में बांट दिया जाएगा। अव्यवस्था का आलम यह था कि पीएम आवास के रूप में इंदिरा आवास के नाम पर 20 हजार रुपये आता था, वह भी गांव में किसी एक व्यक्ति को मिलता था। पेंशन भी केवल सपा के लोगों को मिलती थी, लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने बिना भेदभाव हर योजनाओं का लाभ दिलाया। कल्याण सिंह ने अलीगढ़ के लिए सपना देखा था, वह साकार हो गया। अलीगढ़ में एयरपोर्ट चालू हो गया है। यह डिफेंस मैन्यूफेक्चरिंग कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हब बन रहा है। हार्डवेयर का सेंटर बना। यहां का ताला उद्योग पुनर्जीवित हो गया है।
राजू पाल, उमेश पाल की हत्या पर क्यों मौन है सपा
सीएम योगी ने पूछा कि राजू पाल-उमेश पाल की हत्या होती है तो सपा क्यों मौन रहती है। उमेश पाल की सुरक्षा में लगे निषाद जवान का क्या दोष था। यह लोग अपनी प्रवृत्ति से बाज नहीं आने वाले हैं। यह माफिया व अपराधी प्रवृत्ति के तत्वों और दंगाइयों को गले लगाकर प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने का प्रयास करते हैं। कानपुर का दंगाई जेल की सीखचों में है। दलितों व वाल्मीकि समुदाय की जमीन पर कब्जा करने वाला सपा सरकार का पूर्व मंत्री रामपुर जेल में है। सपा उसे निर्दोष मानती है। प्रयागराज हो या गाजीपुर के माफिया, सपा निर्दोष नागरिकों पर संवेदना नहीं व्यक्त करती, लेकिन माफिया के यहां फातिहा पढ़ने चले जाते हैं। 1984 में सिख बंधुओं के साथ जिस निर्ममता के साथ बर्बर अत्याचार किया था, यह कांग्रेस के चेहरे को दिखाता है।सपा-बसपा व कांग्रेस एक ही थैले के चट्टे-बट्टे हैं। कानपुर मेट्रो में 12 से 15 हजार यात्री यात्रा करते हैं। जनवरी में इसका दूसरा सेक्शन खुलेगा तो प्रतिदिन 50 हजार लोग इसमें यात्रा करेंगे।
पहले दिन एनडीए प्रत्याशी के लिए मीरापुर और कुंदरकी व गाजियाबाद के भाजपा उम्मीदवारों के लिए सीएम योगी ने की रैली
मीरापुर में गरजे योगी- मुजफ्फरनगर दंगे के सरगना को सबक सिखाने और उनके बारूद पर हैंडपंप का पानी डालने के लिए एनडीए को जिताना है
कुंदरकी में बोले योगी- ताली दोनों हाथ से बजती है, होली-दीवाली हर्षोल्लास से मनाई जाएगी तो ईद में भी बाधा नहीं होगी
गाजियाबाद में कहा- चांद दिखाई नहीं देता तो ईद की तिथि बदल दी जाती, लेकिन जब हिंदू आस्था के प्रतीक पर्व को देखते हुए संवैधानिक संस्था ने तिथि में परिवर्तन किया तो सपा को तकलीफ हो रही
बोले योगी- खटाखट-खटाखट का वायदा करने वाले कांग्रेस व सपा में तलाक हो रहा है
समाजवादी पार्टी को सफाचट करने का अवसर है उपचुनाव: योगी
फलस्तीन और पाकिस्तान के नाम पर आंसू बहाने वाले लोग जम्मू-कश्मीर पर चुप क्यों बैठे हैं: मुख्यमंत्री
1995 से 2017 (22 वर्ष) में किसानों को जितना गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ। सात वर्ष में उससे कई गुना (दो लाख 53 हजार करोड़ रुपये) गन्ना मूल्य भुगतानः मुख्यमंत्री
पुलिस भर्ती के परिणाम आने वाले हैं, नौकरियों में 20 फीसदी बेटियां होंगी, जब सपाई छेड़छाड़ करेंगे तो वे जूता-लात मारेंगी: मुख्यमंत्री
मुजफ्फरनगर/मुरादाबाद/गाजियाबाद, 8 नवंबर2024: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार से प्रचार करने उतरे। पहले दिन उन्होंने मीरापुर में एनडीए (रालोद) तथा कुंदरकी -गाजियाबाद में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रैली की। रैलियों में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस सीएम योगी के निशाने पर रही। सीएम ने तंज कसा- जहां दिखे सपाई, वहां बिटिया घबराई। सीएम ने इशारों में कहा कि लोकसभा चुनाव में खटाखट-खटाखट (कांग्रेस) की सहयोगी रही समाजवादी पार्टी को फटाफट-फटाफट सफाचट करना है। सीएम ने आमजन से अपील की कि हमारे प्रत्याशी को वोट दें, विकास व सुरक्षा का दायित्व हमारे ऊपर छोड़ दें।
सोशल मीडिया हैंडल पर दिखते हैं सपा के वास्तविक संस्कार
सीएम योगी ने कहा कि 2012-17 के बीच नारा चलता था, जिस गाड़ी पर सपा का झंडा-समझो बैठा है कोई गुंडा। सीएम ने तंज कसा कि आज जहां दिखे सपाई, वहां बिटिया घबराई। अयोध्या, कन्नौज में सबने इनके कारनामे को देखा है। यह सपा का नए ब्रांड है। इन्हें लोकलाज की चिंता नहीं है। अगर इन्हें लातों से ठीक नहीं करेंगे तो यह ठीक कैसे होंगे। मान्यता रही है कि गांव की बहन-बेटी सबकी बहन-बेटी। हम सब इसे मानने वाले लोग हैं, लेकिन सपा ने इस तानेबाने को छिन्न-भिन्न किया है। सपा मीडिया सेल के सोशल मीडिया हैंडल पर इनके वास्तविक संस्कार दिखते हैं, जहां यह घटिया स्तर की बातें करते हैं।
सुख-शांति से मनते हैं पर्व-त्योहार तो सपा को होती है पीड़ा
सीएम योगी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने जनआस्था के कारण चुनाव की तिथि 13 से बढ़ाकर 20 नवंबर कर दी है। सपा को हर अच्छे कार्य से परेशानी होती है, क्योंकि समाज में अच्छे लोग और कार्य होगा तो कूड़ा-कचरा छंट जाएगा। उन्हें पीड़ा होती है कि कैसे लोग पर्व-त्योहार सुख-शांति से मना लेते हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रायः चांद दिखाई नहीं देता तो ईद की तिथि बदल दी जाती और सरकार उसी अनुसार छुट्टी घोषित करती है, तब विरोध नहीं होता है। जब हिंदू आस्था के प्रतीक पर्व के महत्व को देखते हुए संवैधानिक संस्था ने तिथि में परिवर्तन किया तो सपा को तकलीफ हुई।
सपा-कांग्रेस में हो रहा तलाक, मुजफ्फरनगर भी जल्द ही पाएगा रैपिड रेल का लाभ
सीएम योगी ने कहा कि सपा-कांग्रेस में तलाक हो रहा है। लोकसभा चुनाव में इन लोगों ने कहा था खटाखट-खटाखट, लेकिन इसका लाभ नहीं मिला। अब दोनों में खटपट शुरू हो गई है। कांग्रेस व सपा ने लोकसभा चुनाव में संविधान, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर गुमराह किया था। अब समाजवादी पार्टी को सफाचट करने का अवसर है। हरियाणा में कांग्रेस ने सपा से कहा कि औकात में रहो। यूपी से बाहर निकले तो ठीक कर देंगे। महाराष्ट्र में भी यही कहा कि अपनी सीमा में रहो, जो बचा-खुचा है यह सब भी गायब हो जाएगा। यूपी में सपा ने कांग्रेस को ठनठन गोपाल कर दिया है। दोनों में ठन गई है, क्योंकि धोखा देना सपा की प्रवृत्ति है।
सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के कारण पश्चिमी यूपी को पलायन का दंश झेलना पड़ता था। सत्ता के लिए सपा समाज को बांट रही थी। उन्होंने कहा कि यूपी में साढ़े सात साल में एनडीए सरकार है। बहन-बेटी की इज्जत से खिलवाड़, अन्नदाता किसान के बैल-भैंस व मोटर को चुराने और दंगे की कीमत कैसे चुकानी पड़ेगी। यह सभी को पता है। अब पश्चिम यूपी में दंगा व कैराना में पलायन नहीं हो रहा। अब मेरठ से दिल्ली तक रैपिड रेल चल रही है। मुजफ्फरनगर भी जल्द ही इस सुविधा का लाभ प्राप्त करता दिखेगा।
जितना 22 वर्ष में नहीं हुआ, हमने उससे कई गुना अधिक सात वर्ष में ही किया गन्ना मूल्य का भुगतान
सीएम योगी ने कहा कि 1995 से 2017 (22 वर्ष) में किसानों को जितना गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ। सात वर्ष में उससे कई गुना (दो लाख 53 हजार करोड़ रुपये) गन्ना मूल्य भुगतान कराया गया। मार्च 2023 के बाद से निजी ट्यूबवेल वाले किसान को पैसे का भुगतान नहीं करना है। यह भुगतान सरकार कर रही है। सरकार ने चीनी मिल के पुनरोद्धार का भी काम कराया।
अब पश्चिमी यूपी का नौजवान बिना भेदभाव पाता है सरकारी नौकरी
सीएम ने कहा कि इस महीने के अंत तक 60, 200 पुलिस भर्ती के परिणाम आने वाले हैं। पहले शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर आदि जनपदों के नौजवान उपेक्षित होते थे, अब वे बिना भेदभाव सरकारी नौकरियों में भर्ती होते हैं। जब युवा पास होंगे तो सपाइयों के चेहरे फीके पड़ जाएंगे। पहले भर्ती में सैफई की सूची होती थी, अब मेरिट के आधार पर सूची निकलती है। नौकरियों में 20 फीसदी बेटियां होंगी, जब सपाई छेड़छाड़ करेंगे तो बेटियां घूसा, जूता-लात मारेंगी। यूपी सरकार एशियन, कॉमनवेल्थ, ओलंपिक व विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वालों को पैसा व नौकरी देती है। मेजर ध्यानचंद के नाम पर खेल विश्वविद्यालय बन रहा है। यूपी के खिलाड़ियों को अब यूरोप नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वहां की सुविधा मेरठ व मुजफ्फरनगर में ही मिलेगी।
फलीस्तीन व पाकिस्तान के नाम पर आंसू बहाने वाले लोग जम्मू-कश्मीर पर चुप क्यों बैठे हैं
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ बन रहा है तो इंडी गठबंधन देश को विभाजन की तरफ ले जा रहा है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के प्रस्ताव को देखा है कि फिर से 370 बहाल करेंगे। आखिर इस प्रस्ताव पर कांग्रेस व सपा का मुंह क्यों बंद है। फलीस्तीन और पाकिस्तान के नाम पर आंसू बहाने वाले लोग जम्मू-कश्मीर के नाम पर चुप क्यों बैठे हैं। सीएम योगी ने कहा कि हमारे आदर्श चौधरी चरण सिंह, धन सिंह कोतवाल व मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुष व शहीद जवान हैं।
जो मुजफ्फरनगर दंगों की आंच में झुलस रहा था, वह अब गन्ने की मिठास पहुंचा रहा
मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर दंगे की चर्चा करते हुए कहा कि उस समय हथियारों का जखीरा बरामद हुआ था। सपा के तब और अब के मुखिया दंगाइयों को अपने आवास पर सम्मानित कर रहे थे। जो मुजफ्फरनगर दंगों की आंच को झेलते -झेलते झुलस रहा था, आज वह गन्ने की मिठास को दुनिया में पहुंचा रहा है। 2013 के मुजफ्फरनगर दंगे में हथियारों के जखीरे बरामद हुए थे। उन जखीरों को हम तबाह करेंगे। सीएम ने अपील की कि दंगा के सरगनाओं को सबक सिखाने व उनके बारूद पर हैंडपंप का पानी डालने के लिए मिथिलेश पाल को जिताना है।
ताली दोनों हाथ से बजती है, होली-दीवाली हर्षोल्लास से मनाई जाएगी तो ईद में भी बाधा पैदा नहीं होगी, सपा को वोट देना तो दूर, नाम लेना भी महापाप का कारण
सीएम योगी ने कहा कि हर-जाति समुदाय को खुशी से त्योहार मनाने की स्वतंत्रता मिलना चाहिए। होली-दीवाली हर्षोल्लास से मनाई जाएगी तो ईद में भी बाधा पैदा नहीं होगी, लेकिन ताली दोनों हाथ से बजती है। आस्था से खिलवाड़ करने वाले लोग किसी के नहीं हैं। कुंदरकी में सीएम ने कहा कि मुरादाबाद का ब्रास उद्योग 2017 के पहले दम तोड़ रहा था। हमने बैरियर हटाए तो मुरादाबाद से 16 हजार करोड़ रुपये तक का एक्सपोर्ट होता है। इसमें सिर्फ हिंदू नहीं, बल्कि जिसके पास कला-हिम्मत है, वह हर कोई इससे जुड़ा है।
सीएम योगी ने सपा के कुकृत्यों को गिनाकर कहा कि यह लोग विकास, युवा, महिला, व्यापारी, जनआस्था की विरोधी हैं। हर जनपद का सबसे बड़ा माफिया, दुष्कर्मी, गुंडा सपा से अवश्य जुड़ा होगा। वोट देना तो दूर, इनका नाम लेना भी महापाप का कारण है। इन्हें जितना दूर रखेंगे, उतना ही कल्याण होगा। 2003-07 व 2012-17 के बीच सपा शासन में अनुसूचित जाति के उत्पीड़न की सर्वाधिक घटनाएं हुईं। सपा ने महापुरुषों का सर्वाधिक अपमान किया है। गाजियाबाद के विकास कार्यों का जिक्र कर सीएम ने कहा कि कई कार्यक्रमों को नई ऊंचाई देनी है, दुग्धेश्वर मंदिर कॉरिडोर का निर्माण हो या गाजियाबाद में एम्स का सेटेलाइट सेंटर, एम्स जैसी सुविधा गाजियाबाद व पश्चिमी यूपी को प्राप्त हो। ऐसे कार्यक्रमों को बढ़ाने के लिए गाजियाबाद में फिर से भाजपा का विधायक बनना चाहिए। सीएम ने अपील की कि चुनाव के दिन आलस्य नहीं करना है, बल्कि अधिकाधिक वोट कर रिकॉर्ड वोट से कमल खिलाना है। सीएम योगी ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के मीरापुर सीट से एनडीए (रालोद) प्रत्याशी मिथिलेश पाल, कुंदरकी से भाजपा उम्मीदवार रामवीर सिंह ठाकुर व गाजियाबाद से संजीव शर्मा को उपचुनाव में विजयश्री दिलाने की अपील की।
अधिकारियों को उर्वरक वितरण व्यवस्था की निगरानी करने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए गए।
सहकारी क्षेत्र में भी उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
किसानों से आग्रह किया गया कि फॉस्फेटिक उर्वरकों का अग्रिम भंडारण न करें
लखनऊ: 8 नवम्बर, 2024: प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश में रबी फसल के लिए आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा सरकारी आवास, 8 कालिदास मार्ग पर की। उन्होंने सभी जिलों में डीएपी (एन-18, पी-46) जैसे फॉस्फेटिक उर्वरकों की आपूर्ति प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि रबी फसल की बुवाई में किसी प्रकार की बाधा न हो।
मंत्री ने कहा कि मैनपुरी, हाथरस, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, मुजफ्फरनगर और आगरा जिलों के लिए उर्वरक रैक शीघ्र पहुँचने वाले हैं और इन जिलों में गत वर्ष की खपत के आधार पर उर्वरक की प्राथमिकता तय कर आवश्यकतानुसार सीधे निकटतम जिलों में आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण व्यवस्था को फील्ड में जाकर स्वयं निगरानी करें। साथ ही कालाबाजारी, ओवर रेटिंग और किसानों द्वारा आवश्यकता से अधिक मात्रा में उर्वरक खरीदने जैसी गतिविधियों पर सख्त रोक सुनिश्चित की जाए ताकि सभी किसानों को समय पर उचित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके।
मंत्री ने सहकारी क्षेत्र में भी तुरंत आवश्यकतानुसार उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उन क्षेत्रों में प्राथमिकता पर आपूर्ति करने के निर्देश दिए जहाँ फसलों की बुवाई चल रही है। कृषि निदेशक को उर्वरक निर्माताओं और प्रदायकों के साथ बैठक करते हुए अधिक से अधिक उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने किसानों से आग्रह किया कि फॉस्फेटिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता हो रही है, इसलिए बिना आवश्यकता के अग्रिम भंडारण न करें। गेहूं की बुवाई के लिए भी उर्वरक समय पर उपलब्ध रहेगा।
बैठक में दिए गए आँकड़ों के अनुसार, सहारनपुर मंडल में डीएपी 5190 मीट्रिक टन और एनपीके 5289 मीट्रिक टन उपलब्ध हैं। मेरठ मंडल में डीएपी 7509 मीट्रिक टन और एनपीके 8116 मीट्रिक टन है। इसी प्रकार, आगरा मंडल में डीएपी 6822 मीट्रिक टन और एनपीके 12311 मीट्रिक टन उपलब्ध है। अलीगढ़ मंडल में डीएपी 9089 मीट्रिक टन और एनपीके 10505 मीट्रिक टन है। बरेली मंडल में डीएपी 13660 मीट्रिक टन और एनपीके 23435 मीट्रिक टन है, जबकि मुरादाबाद मंडल में डीएपी 8446 मीट्रिक टन और एनपीके 23837 मीट्रिक टन उपलब्ध है। कानपुर मंडल में डीएपी 12260 मीट्रिक टन और एनपीके 26606 मीट्रिक टन है। प्रयागराज मंडल में डीएपी 9687 मीट्रिक टन और एनपीके 21603 मीट्रिक टन उपलब्ध है। इसी प्रकार झांसी मंडल में डीएपी 10353 मीट्रिक टन और एनपीके 5159 मीट्रिक टन है। चित्रकूटधाम मंडल में डीएपी 4987 मीट्रिक टन और एनपीके 4062 मीट्रिक टन है। वाराणसी मंडल में डीएपी 18902 मीट्रिक टन और एनपीके 12535 मीट्रिक टन है, और मिर्जापुर मंडल में डीएपी 10101 मीट्रिक टन और एनपीके 5598 मीट्रिक टन है। आजमगढ़ मंडल में डीएपी 17514 मीट्रिक टन और एनपीके 11667 मीट्रिक टन उपलब्ध है। गोरखपुर मंडल में डीएपी 18164 मीट्रिक टन और एनपीके 14295 मीट्रिक टन है। बस्ती मंडल में डीएपी 9473 मीट्रिक टन और एनपीके 4909 मीट्रिक टन है। देवीपाटन मंडल में डीएपी 12344 मीट्रिक टन और एनपीके 10339 मीट्रिक टन उपलब्ध है। लखनऊ मंडल में डीएपी 19226 मीट्रिक टन और एनपीके 32419 मीट्रिक टन उपलब्ध है। अयोध्या मंडल में डीएपी 13841 मीट्रिक टन और एनपीके 19603 मीट्रिक टन है। बैठक में कृषि निदेशक जितेंद्र तोमर, संयुक्त निदेशक उर्वरक आशुतोष, अपर निबंधक सहकारिता धीरेंद्र कुमार सिंह और पीसीएफ के वरिष्ठ अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।