Home Blog Page 1162

वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप में डी गुकेश को करारी शिकस्त, चीनी खिलाड़ी ने दर्ज की शानदार जीत

विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें चीन के मौजूदा चैम्पियन डिंग लिरेन ने बेहद दबाव वाले पहले मुकाबले में हरा दिया। काले मोहरों से खेलते हुए लिरेन ने 14 बाजियों के मुकाबले में शुरूआती बढत बना ली है। यह मुकाबले दिसंबर के मध्य तक चलेंगे। गुकेश ने पहले मुकाबले के बाद कहा  कि यह होता है। यह लंबा मैच है। मैने लिरेन से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद की थी। हमें आगे बहुत खेलना है और यह काफी रोमांचक होने वाला है।

गुकेश ने शुरुआत में ही कर दी थी गलती

काले मोहरों से खेलते हुए जीतने से लिरेन को 25 लाख डॉलर ईनामी राशि के मुकाबले में पूरे अंक ही नहीं बल्कि मनोवैज्ञानिक बढत भी मिल गई। सबसे पहले 7.5 अंक तक पहुंचने वाला खिलाड़ी विजेता होगा। विश्व चैम्पियन के सबसे युवा चैलेंजर 18 साल के गुकेश ने शुरुआत में ही राजा के आगे वाले प्यादे को दो घर चलकर गलती कर दी। इस तरह की चाल आक्रामक तेवर जताती है और लिरेन ने इसका जवाब ‘फ्रेंच डिफेंस’ से दिया। गुकेश ने कहा कि मैं नर्वस था लेकिन खेल शुरू होने के बाद सहज हो गया लेकिन फिर लय खो दी।

गुकेश ने अपनाया विश्नवनाथन वाला प्लान

गुकेश ने वही रणनीति अपनाई जो विश्वनाथन आनंद ने 2001 में स्पेन के एलेक्सी शिरोव के खिलाफ पहला विश्व चैम्पियनशिप खिताब जीतने के समय अपनाई थी। गुकेश को 12वीं चाल तक आधे घंटे का फायदा था लेकिन आठ चाल बाद लिरेन को अतिरक्त मिनट मिले जिससे साबित हो गया कि शुरूआत की अपनी दिक्कत से वह उबर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने शानदार प्रदर्शन करके 42 चालों में जीत दर्ज की। लिरेन ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मैने लंबे समय से एकल क्लासिकल मैच नहीं जीता है लेकिन आज जीतने में कामयाब रहा। मैं खुशकिस्मत रहा क्योंकि मैं दो बार चूका। उन्होंने कहा कि पहले मुकाबले में वह शुरूआत में नर्वस था लिहाजा मैने कुछ अलग किया जो लंबे समय से नहीं किया था और यह रणनीति कारगर रही। ​

‘IPL 2025 मेगा ऑक्शन’ में खर्च की गई राशि जानकर आप भी हो जाएंगे दंग

IPL 2025 Mega Auction: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के साल 2025 में खेले जाने वाले सीजन से पहले सऊदी अरब के जेद्दा शहर में 24 और 25 नवंबर को मेगा ऑक्शन का आयोजन किया गया, जिसमें सभी फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी रणनीति के साथ पहुंची थी। फैंस अगले सीजन में अपने कई पसंदीदा प्लेयर्स को दूसरी टीमों से खेलते हुए देखेंगे तो कई प्लेयर्स फिर से अपनी पुरानी टीम का ही हिस्सा बन गए हैं। आईपीएल मेगा ऑक्शन 2025 में इस बार खर्च हुई रकम ने सभी के होश जरूर उड़ा दिए जिससे एकबार फिर से साबित हो गया कि आखिर क्यों ये पूरे क्रिकेट जगत की सबसे महंगी टी20 लीग है। इस बार मेगा ऑक्शन में सबसे ज्यादा महंगे बिकने वाले प्लेयर्स में ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर रहे।

इस बार मेगा ऑक्शन में खर्च हो गए इतने करोड़ रुपए

आईपीएल मेगा ऑक्शन में इस बार कई बड़े खिलाड़ी भी हिस्सा थे जिनको लेकर पहले से ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि उनको लेकर फ्रेंचाइजी मोटी रकम खर्च करने के लिए तैयार रहेंगी और ऐसा ही देखने को भी मिला। जिसमें ऋषभ पंत को जहां अपनी टीम का हिस्सा बनाने के लिए लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 27 करोड़ रुपए खर्च कर दिए तो वहीं श्रेयस अय्यर को पंजाब किंग्स की टीम ने लेने के लिए 26.75 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। इस बार मेगा ऑक्शन में कुल 639.15 करोड़ रुपए खर्च हुए जो आईपीएल के इतिहास में अब तक हुए किसी भी ऑक्शन में सबसे ज्यादा खर्च होने वाली रकम भी है जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त हो गए।

कुल 182 प्लेयर्स को लेकर लगी ऑक्शन में बोली

इस बार आईपीएल मेगा ऑक्शन में कुल 577 प्लेयर्स को शॉर्टलिस्ट किया गया था जिसमें से 182 प्लेयर्स को लेकर बोली लगी, जिसमें से 62 खिलाड़ी विदेशी हैं। इस बार ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स ने अधिकतम प्लेयर्स जिसकी संख्या 25 है उतने खिलाड़ी अपने स्क्वाड में शामिल करने में कामयाब रहे। इस बार आईपीएल ऑक्शन में कई बड़े ऐसे नाम भी रहे जिनको लेकर किसी भी फ्रेंचाइजी ने अपनी दिलचस्पी को नहीं दिखाया जिसमें सबसे बड़ा नाम डेविड वॉर्नर का था।

लैंडिंग से पहले प्लेन हुआ क्रैश, हादसे का हर पल कैमरे में कैद

विलनियस: पार्सल एवं कूरियर सेवा प्रदान करने वाली जर्मनी की कंपनी डीएचएल का एक मालवाहक विमान सोमवार को सुबह लिथुआनिया की राजधानी के पास मकान के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई। लिथुआनिया पुलिस के प्रमुख ने कहा कि विमान विलनियस हवाई अड्डा पर उतरने से कुछ समय पहले दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। पुलिस आयुक्त जनरल रेनाटास पोजेला ने कहा, ‘‘विमान हवाई अड्डा से कुछ किलोमीटर पहले गिरा। दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान कुछ सौ मीटर तक फिसला। विमान का कुछ हिस्सा एक आवासीय मकान से जा टकराया। घटना में मकान के आसपास के आवासीय ढांचों में आग लग, मकान को भी नुकसान पहुंचा, लेकिन हम लोगों को निकालने में कामयाब रहे।’’

लिथुआनिया के पब्लिक ब्रॉडकास्टर ‘एलआरटी’ ने आपातकालीन अधिकारी के हवाले से बताया कि दुर्घटना के बाद दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया और एक को बाद में मृत घोषित कर दिया गया। एलआरटी ने बताया कि विमान हवाई अड्डे के पास दो मंजिला मकान के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

सामने आई यह बात

लिथुआनिया हवाई अड्डा प्राधिकरण ने विमान की पहचान ‘‘जर्मनी के लीपजिंग से विलनियस हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाले डीएचएल मालवाहक विमान के रूप में की।’’ ‘फ्लाइटराडार24’ से प्राप्त उड़ान निगरानी आंकड़े का विश्लेषण ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) ने किया। विश्लेषण से पता चला कि विमान रनवे पर उतरने से पहले हवाई अड्डे के उत्तर की दिशा में मुड़ा और रनवे से 1.5 किलोमीटर पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने दुर्घटना का कारण तुरंत नहीं बताया। दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे से पहले हुई थी।

31 साल पुराना था विमान 

डीएचएल ग्रुप का मुख्यालय जर्मनी के बॉन में है। कंपनी ने हादसे को लेकर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। डीएचएल विमान का संचालन मैड्रिड स्थित ‘स्विफ्टएयर’ करती है। विमान वाहक कंपनी से तुरंत संपर्क नहीं हो सका। बोइंग 737 विमान 31 साल पुराना था, जिसे विशेषज्ञ विमान का पुराना ढांचा मानते है, हालांकि मालवाहक उड़ानों के लिए यह असामान्य नहीं है।

22 साल के करियर में की 23 फिल्में, 8 रहीं ब्लॉकबस्टर और 8 फ्लॉप, बने देश के सबसे चहेते अभिनेता।

फिल्म इंडस्ट्री में फीमेल से ज्यादा मेल एक्टर्स का बोलबाला देखने को मिलता है। लोग अपने फेवरेट स्टार की फिल्म की अनाउंसमेंट होते ही इसके रिलीज होने का इंतजार करने लगते हैं। भारतीय सिनेमा में ऐसे कई कलाकार हैं, जिनकी फैन फॉलोइंग सिर्फ देश में ही नहीं विदेश में भी है। इस बीच औरमैक्स की मोस्ट पॉपुलर मेल एक्टर्स की चौंकाने वाली लिस्ट चर्चा में आ गई है। जिसमें 10 बड़े एक्टर्स के नाम हैं। हैरानी की बात ये है कि नंबर 1 पर कोई भी बॉलीवुड मेल स्टार नहीं बल्कि साउथ के स्टार हैं।  तो चलिए जानते हैं कि किस एक्टर ने लिस्ट में टॉप पर अपनी जगह बनाई है और किस स्टार ने बॉलीवुड के सुपरस्टार को भी पापुलैरिटी में पीछे छोड़ दिया है।

कौन है नंबर 1? 

औरमैक्स की इस लिस्ट में टॉप 10 पॉपुलर मेल स्टार्स हैं। ये लिस्ट अक्टूबर 2024 में सामने आई थी, जिसमें पैन इंडिया स्टार प्रभास पहले नंबर पर हैं। बाहूबली के बाद प्रभास की लोकप्रियता में जबरदस्त उछाल आया है और आज वह देश के सबसे पॉपुलर एक्टर बन चुके हैं। प्रभास की अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट बेहद लंबी है, जिनमें ‘द राजा साब’, ‘कनप्पा’, ‘स्पिरिट’, ‘कल्कि-2’ और ‘फौजी’ शामिल हैं।

थलापति विजय दूसरे नंबर पर 

इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भी साउथ का ही एक सुपरस्टार है। ये सुपरस्टार हैं थलापति विजय, जिन्होंने अपनी पिछली कुछ फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर खूब गर्दा उड़ाया। विजय कुशी , घिल्ली  और पोक्किरी जैसे सुपरहिट फिल्मों में देखा गया। हाल ही में उनको फिल्म द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम्स में देखा गया था।

शाहरुख खान  3 नंबर पर

इस लिस्ट में एक्टर शाहरुख खान तीसरे नंबर पर है। चौथे नंबर पर जूनियर एनटीआर, पांचवे नंबर पर अजीत कुमार, छठे नंबर पर अल्लू अर्जुन, सातवें नंबर पर महेश बाबू, आठवें नंबर पर सूर्या, नौवें नंबर पर राम चरण और दसवें नंबर पर सलमान खान हैं। इस लिस्ट में सिर्फ दो ही बॉलीवुड सुपरस्टार हैं।

प्रभास की पॉपुलैरिटी की वजह

प्रभास की पॉपुलैरिटी की बात करें तो उन्होंने पहली बार सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी फिल्म बाहुबली से मिली थी। प्रभास को आखिरी बार  दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म  कल्कि 2898 एडी में देखा गया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद शानदार कमाई की। प्रभास ने साल 2002 में ईश्वर फिल्म से डेब्यू किया था। सूपस्टार प्रभास ने अब तक लगभग 23 फिल्में की हैं, जिनमें 8 ब्लॉकबस्टर रहीं तो वहीं, 8 फ्लॉप और अन्य फिल्मों में कुछ  एवरेज, कुछ हिट और कुछ सुपरहिट रही हैं।

रूसी सेना ने यूक्रेन की ओर से लड़ रहे एक ब्रिटिश नागरिक को हिरासत में लिया, जानें इसके बाद क्या हुआ

मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। इस बीच रूसी सेना ने रूस के आंशिक कब्जे वाले कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन की तरफ से लड़ रहे एक ब्रिटिश नागरिक को पकड़ा है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने कानून लागू करने वाले सूत्रों के हवाले से सोमवार को प्रकाशित रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट में रूसी सेना द्वारा पकड़े गए ब्रिटिश नागरिक की पहचान जेम्स स्कॉट रिस एंडरसन के रूप में की गई है।

ब्रिटिश नागरिक ने क्या कहा?

रिपोर्ट में एंडरसन के हवाले से कहा गया है कि उसने चार साल तक ब्रिटिश सेना में सिग्नलमैन के रूप में सेवाएं दीं और फिर ‘इंटरनेशनल लीजन ऑफ यूक्रेन’ में शामिल हो गया, जिसका गठन लगभग ढाई साल पहले यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन में एंडरसन ने यूक्रेनी सैनिकों के लिए कथित तौर पर प्रशिक्षक के रूप में काम किया और उसे उसकी इच्छा के खिलाफ कुर्स्क क्षेत्र में तैनात किया गया। तास ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें एंडरसन को यह कहते सुना जा सकता है कि वह “क्षेत्र में नहीं रहना चाहता है।”

यह भी जानें

रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है, लेकिन अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो यह रूसी धरती पर यूक्रेन की तरफ से लड़ रहे पश्चिमी देश के किसी नागरिक के पकड़े जाने का पहला ज्ञात मामला होगा। मॉस्को में ब्रिटिश दूतावास और रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।