Home Blog Page 1056

‘सूबेदार’ के रूप में अनिल कपूर दिखे, वीडियो देखकर रजनीकांत की याद हुई ताजा

प्राइम वीडियो ने आज अनिल कपूर के जन्मदिन पर उनके फैंस को खास तोहफा दिया है। ओपनिंग इमेज फिल्म्स और अनिल कपूर फिल्म एंड कम्युनिकेशन नेटवर्क (AKFCN) के साथ मिलकर उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘सूबेदार’ की पहली वीडियो झलक पेश की है। फिल्म भारत के दिल कहे जाने वाले इलाकों पर आधारित है और सूबेदार अर्जुन मौर्य की कहानी दिखाती है, जो अब आम जिंदगी की मुश्किलों से जूझ रहे हैं। इसमें अनिल कपूर का दमदार रोल है और राधिका मदान उनकी बेटी की भूमिका में नजर आएंगी। इस फिल्म के पहले वीडियो को देखने के बाद लोग काफी प्रभावित हैं। वैसे इस वीडियो को देखने के बाद लोगों का कहना कि अनिल कपूर ‘जेलर’ के रजनीकांत की याद दिला रहे हैं।

कैसी है पहली झलक

‘सूबेदार’ का निर्देशन डायरेक्टर सुरेश त्रिवेणी ने किया है। ओपनिंग इमेज फिल्म्स और अनिल कपूर फिल्म एंड कम्युनिकेशन नेटवर्क (AKFCN) के बैनर तले बनी यह एक्शन से भरपूर फिल्म हाल ही में उत्तर प्रदेश में अपनी आउटडोर शूटिंग खत्म कर चुकी है। अब इसका आखिरी शेड्यूल जनवरी में शुरू होगा। फर्स्ट लुक की शुरुआत दमदार विजुअल्स के साथ होती है, जिसमें बैकग्राउंड में सूबेदार का जोश भर देने वाला थीम ट्रैक बजता है। ये शुरुआत से ही ध्यान खींच लेता है और आखिर तक बांधे रखता है। अनिल कपूर की दमदार मौजूदगी थ्रिलिंग लगती है, जहां वह एक सख्त और जोशीले किरदार को पूरे परफेक्शन के साथ निभाते हैं। उनके हाथ में बंदूक दिख रही है और वो एक कुर्सी पर बैठते नजर आते हैं। वहीं कई लोग उन्हें कमरे से बाहर निकलने की धमकी देते भी सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में बढ़ता हुआ तनाव उनकी हाई-एनर्जी और दमदार परफॉर्मेंस की झलक दिखा रहा है।

यहां देखें पोस्ट

लोगों का रिएक्शन

इस वीडियो को देखने के बाद अनिल कपूर के फैंस उनकी तारीफ की। कई लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई भी दी। अनिल कपूर के छोटे भाई संजय कपूर ने भी कमेंट करते हुए लिखा, ‘कमाल का है।’ वहीं एक फैन ने  लिखा, ‘ये तो जेलर का रीमेक है।’ वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, ‘ये सीन तो ठीक जेलर के सीन की याद दिला रहा है।’ वहीं एक और शख्स ने लिखा, ‘किसी साउथ फिल्म की तरह लग रहा है, लेकिन काफी प्रभावी है। इसका पूरा ट्रेलर मजेदार होगा।’ वहीं कई लोगों ने अनिल कपूर की तारीफ में लिखा, ‘सालों बाद दमदार वापसी’।

अनिल कपूर के लिए खास है ये फिल्म

बता दें, इस फिल्म को लेकर अनिल कपूर ने कहा, ‘सूबेदार मेरे लिए बेहद खास है! यह सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं है, बल्कि यह हिम्मत, सम्मान, परिवार और जिंदगी में आने वाली चुनौतियों से लड़ने की कहानी है। इस फिल्म के लिए सुरेश से बेहतर डायरेक्टर कोई नहीं हो सकता था और इस कहानी में जान फूंकने के लिए विक्रम और उनकी टीम के साथ काम करना भी उतना ही खास है। अपने जन्मदिन पर सूबेदार अर्जुन मौर्या की पहली झलक दिखाना मेरे लिए उन फैंस को तोहफा है, जिन्होंने इन सालों में हमेशा मेरा साथ दिया!

मेजर कुलदीप के साथ तीन सितारों की यह टोली इस दिन मचाएगी धमाल, जानिए सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ कब रिलीज होगी ?

सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग मंगलवार से शुरू हो गई है। ‘गदर’ फेम एक्टर सनी देओल एक बार फिर भारतीय सेना के सिपाही बनकर वापसी करने के लिए तैयार हैं। साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘बॉर्डर’ उस समय बड़ी हिट साबित हुई थी। अब दर्शक इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आखिरकार 29 साल बाद यह इंतजार पूरा होने जा रहा है। गौरतलब है कि फिल्म फिर से बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार है। इस बार फिल्म में सनी देओल के साथ नई कास्ट नजर आएगी। फिल्म में तीन नए सितारे दिखेंगे। अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी और जैकी श्रॉफ की जगह नए सितारे लेंगे। अब ये नए एक्टर कौन होने वाले हैं ये आपको बताते हैं।

फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे

सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ की नई कास्ट भी दमदार है। सनी देओल के साथ ही वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं। हालांकि, इसकी फीमेल लीड को लेकर कोई अपडेट नहीं है। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं। इस फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में होंगे। इसके अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे नए कलाकार भी इस फिल्म की कहानी को और दिलचस्प बनाएंगे। आज शूटिंग के दौरान फिल्म की टीम ने सेट से एक तस्वीर शेयर की, जिसमें क्लैपबोर्ड पकड़े एक व्यक्ति का हाथ नजर आ रहा है। इस पर फिल्म का नाम भी दर्ज है।

फिल्म में होगा खूब एक्शन

‘द बॉर्न आइडेंटिटी’ जैसी फिल्मों में एक्शन सीन कोरियोग्राफ कर चुके मशहूर हॉलीवुड एक्शन कोरियोग्राफर निक पॉवेल ‘बॉर्डर 2’ के वॉर एक्शन सीन डिजाइन करेंगे। उन्होंने ‘द ममी’ (1999) और भारतीय फिल्म ‘आरआरआर’ (2022) में भी काम किया है। सनी देओल ने भी बताया था कि ‘बॉर्डर 2’ में एक्शन का तड़का लगने वाला है। अब दर्शकों के लिए इसमें हाई ऑक्टेन एक्शन का तड़का लगाया जा रहा है।

बॉर्डर 2 कब होगी रिलीज?

देशभक्ति और साहस के संदर्भ में बन रही फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में दर्शकों को जबरदस्त एक्शन, रोमांचक ड्रामा और भावनात्मक गहराई देखने को मिलेगी। इस फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता प्रोड्यूस कर रहे हैं। मेकर्स ने अपने हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फिल्म की रिलीज डेट की भी पुष्टि कर दी है। यह फिल्म 2026 में गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होगी।

ढाका: मुहम्मद यूनुस ने शेख हसीना के खिलाफ उठाया बड़ा कदम, 5 अरब डॉलर का केस का खुलासा किया

बांग्लादेश में यूनुस सरकार लगातार शेख हसीना के लिए मुसीबतें खड़ी कर रही है। पहले शेख हसीना पर मोहम्मद यूनुस ने प्रत्यर्पण वाला दांव चला। अब उनकी सरकार ने एक नई जांच शुरू करके शेख हसीना की टेंशन बढ़ा दी है। बांग्लादेश में एक भ्रष्टाचार रोधी समिति ने रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र में पांच अरब अमेरिकी डॉलर के गबन के आरोपों के संबंध में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनके परिवार के खिलाफ जांच शुरू की है। इस संबंध में मीडिया में रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। भारतीय कंपनियां बांग्लादेश में रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निर्माण में शामिल हैं। इसका निर्माण रूस की सरकारी कंपनी रोसातम कर रही है। रूस द्वारा डिजाइन किया गया पहला बांग्लादेशी परमाणु ऊर्जा संयंत्र, रूपपुर बांग्लादेश की राजधानी ढाका से 160 किलोमीटर पश्चिम में बनाया जा रहा है।

पांच अरब अमेरिकी डॉलर के गबन का आरोप

रिपोर्ट में कहा गया है कि रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र परियोजना में पांच अरब अमेरिकी डॉलर के गबन का आरोप है। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटनाक्रम उच्च न्यायालय द्वारा एक नियम जारी करने के दो दिन बाद हुआ है, जिसमें पूछा गया था कि रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र परियोजना से हसीना, जॉय और ट्यूलिप द्वारा मलेशियाई बैंक को पांच अरब अमेरिकी डॉलर के कथित हस्तांतरण पर भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (एसीसी) की निष्क्रियता को अवैध क्यों ना घोषित किया जाए। एसीसी दस्तावेजों के अनुसार, रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोपों को नेशनल डेमोक्रेटिक मूवमेंट (एनडीएम) के अध्यक्ष बॉबी हज्जाज सामने लाए थे।

भारत में हैं शेख हसीना

शेख हसीना पांच अगस्त से भारत में हैं। 77 वर्षीय हसीना छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक विरोध प्रदर्शन के बाद देश छोड़कर चली गई थीं। छात्रों के इस आंदोलन के कारण उनकी 16 साल पुरानी सरकार गिर गई थी। उनकी बहन रेहाना भी उनके साथ हैं। जॉय अमेरिका में रहते हैं, जबकि उनकी भांजी ट्यूलिप ब्रिटेन की सांसद हैं।

यह भी जानें

बांग्लादेश स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) ने हसीना और कई पूर्व कैबिनेट मंत्रियों, सलाहकारों तथा सैन्य एवं नागरिक अधिकारियों के खिलाफ ‘‘मानवता के विरुद्ध अपराध और नरसंहार’’ के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। प्रदर्शनों के सिलसिले में दर्ज हत्या के कई मामलों में भी उनका नाम शामिल है।

वेस्ट पाम बीच: कनाडा और पनामा नहर के बाद अब ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर दिखाई दिलचस्पी, क्या बोले ट्रंप

 अमेरिका के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए डोनाल्ड ट्रंप ने डेनमार्क से ग्रीनलैंड खरीदने के अपने आह्वान को एक बार फिर दोहराया है। अपने पहले कार्यकाल में भी उन्होंने कुछ ऐसा करने की कोशिश की थी लेकिन सफलता नहीं मिली थी। अब मित्र देशों की सूची में डेनमार्क भी शामिल हो गया है, जिनके साथ ट्रंप 20 जनवरी को पदभार ग्रहण करने से पहले ही टकराव का रुख अख्तियार कर रहे हैं। रविवार को डेनमार्क में अपने राजदूत के नाम की घोषणा करते हुए ट्रंप ने लिखा, ‘‘पूरी दुनिया में राष्ट्रीय सुरक्षा और स्वतंत्रता के उद्देश्य से, अमेरिका को लगता है कि ग्रीनलैंड का स्वामित्व और नियंत्रण एक परम आवश्यकता है।’’

पनामा नहर और कनाडा को लेकर क्या बोले ट्रंप

ट्रंप ने फिर से ग्रीनलैंड पर योजना बनाई है। इससे पहले उन्होंने बीते सप्ताह सुझाव दिया था कि यदि अटलांटिक और प्रशांत महासागरों को जोड़ने वाले पनामा जलमार्ग का उपयोग करने के लिए आवश्यक बढ़ती पोत परिवहन लागत को कम करने के लिए कुछ नहीं किया जाता है, तो उनका देश पनामा नहर पर फिर से नियंत्रण कर सकता है। वह कनाडा को 51वां अमेरिकी राज्य बनाने और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को ‘ग्रेट स्टेट ऑफ कनाडा’ का ‘गवर्नर’ बनाने का सुझाव भी दे रहे हैं।

ग्रीनलैंड में है अमेरिकी सैन्य अड्डा

बता दें कि, ग्रीनलैंड दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप है जो अटलांटिक और आर्कटिक महासागरों के बीच स्थित है। यह 80 प्रतिशत बर्फ की चादर से ढका हुआ है और यहां एक बड़ा अमेरिकी सैन्य अड्डा है। ग्रीनलैंड स्वायत्त शासन वाला देश है। हालांकि, यह अभी भी डेनमार्क साम्राज्य का हिस्सा है। यानी परोक्ष रूप से यहां यूरोपीय देश डेनमार्क का ही शासन है। ग्रीनलैंड की घरेलू गतिविधियों को वहां की सरकार ही देखती है। यह सरकार गृह मामलों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, प्राकृतिक संसाधानों और कानून-प्रवर्तन के मामले देखती है। इसकी राजधानी न्युक है, जहां से प्रशासन के सारे काम देखे जाते हैं।

‘हम बिक्री के लिए तैयार नहीं’

इस बीच डेनमार्क के शासनाध्यक्ष म्यूटे बोरुप एगेडे ने कहा है कि ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण की ट्रंप की नवीनतम अपील उनके पहले कार्यकाल की तरह ही निरर्थक रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ग्रीनलैंड हमारा है। हम बिक्री के लिए तैयार नहीं हैं और कभी भी बिक्री नहीं करेंगे। हमें स्वतंत्रता के लिए अपनी वर्षों पुरानी लड़ाई नहीं हारनी चाहिए।”

बीजिंग: फिलीपींस उठाने वाला है ऐसा कदम, जिससे चीन की स्थिति कमजोर हो जाएगी; ‘ड्रैगन’ में मचा आक्रोश

 चीन ने कहा है कि फिलीपींस की ओर से मध्यम दूरी की मिसाइलों को तैनात करने की योजना एक भड़काऊ कदम होगा, जो क्षेत्र में तनाव को बढ़ाएगा। फिलीपींस के शीर्ष सैन्य अधिकारी ने मनीला में संवाददाताओं को बताया कि सेना दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ तनाव के बीच देश की रक्षा के लिए मध्यम दूरी की मिसाइलें तैनात करने की योजना बना रही है। लेफ्टिनेंट जनरल रॉय गैलिडो ने बताया, “हां, योजनाएं हैं, बातचीत जारी है।”

इस मिसाइल से चीन है परेशान

अमेरिका ने अप्रैल में उत्तरी फिलीपींस में अपनी मध्यम दूरी की मिसाइल ‘टाइफून’ तैनात की थी और दोनों देशों के सैनिक भारी हथियारों के संभावित उपयोग के लिए संयुक्त रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं। चीन, फिलीपींस को अमेरिकी सैन्य सहायता दिए जाने का विरोध करता है और ‘टाइफून’ मिसाइल की तैनाती से विशेष रूप से चिंतित है। राष्ट्रपति जो बाइडेन के शासन काल में अमेरिका ने चीन का मुकाबला करने के लिए हिंद-प्रशांत में सैन्य गठबंधनों को मजबूत किया है, जिसमें ताइवान विवाद भी शामिल है।

‘बढ़ेगी हथियारों की होड़’

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बताया कि फिलीपींस द्वारा हथियार की तैनाती भू-राजनीतिक टकराव और हथियारों की दौड़ को तेज करेगी। उन्होंने संवाददाताओं को बताया, “यह उनके और पूरे दक्षिण पूर्व एशिया के इतिहास व लोगों के साथ-साथ क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एक अत्यंत गैरजिम्मेदाराना निर्णय है।” फिलीपींस की रक्षा योजना में उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र की सुरक्षा शामिल है, जो 200 समुद्री मील (370 किमी) तक फैला हुआ है