Lucknow Super Giants की टीम Indian Premier League 2026 से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। रविवार को Chennai Super Kings के खिलाफ मिली 5 विकेट की हार के बाद लखनऊ की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद पूरी तरह खत्म हो गई।
लीग चरण में टीम के अभी तीन मुकाबले बाकी हैं, लेकिन अब सभी मैच जीतने के बाद भी वह अंतिम चार में जगह नहीं बना सकती। हार के बाद कप्तान Rishabh Pant काफी निराश नजर आए और उन्होंने खराब फील्डिंग तथा बल्लेबाजों को हार का बड़ा कारण बताया।
लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रन बनाए थे। टीम के लिए Josh Inglis ने शानदार 85 रन की पारी खेली। हालांकि चेन्नई की ओर से Urvil Patel ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और मैच का रुख बदल दिया।
मैच के बाद पंत ने कहा कि टी20 क्रिकेट में फील्डिंग का स्तर बेहतर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने माना कि उनकी टीम ने कई अहम कैच छोड़े, जिसका नुकसान उठाना पड़ा।
जब उर्विल पटेल 62 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब Digvesh Rathi ने उनका कैच छोड़ दिया था। इसके अलावा राठी ने प्रशांत वीर का भी आसान मौका गंवाया।
पंत ने कहा, “कुछ क्षेत्रों में हमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। चेन्नई ने दबाव का सामना हमसे ज्यादा अच्छी तरह किया। हमें जो शुरुआत मिली थी, उसके बाद टीम को और बड़ा स्कोर बनाना चाहिए था। हमें पता था कि 200-210 रन अच्छा लक्ष्य होगा, लेकिन चेन्नई को पावरप्ले में शानदार शुरुआत मिल गई।”
अब लखनऊ सुपर जायंट्स के सामने सिर्फ सम्मान बचाने की चुनौती है। टीम को लीग चरण में अभी Chennai Super Kings, Rajasthan Royals और Punjab Kings के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलना है।


































