मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी सेना के एक ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, ईरानी सुरक्षा बलों ने फारस की खाड़ी के जलक्षेत्र में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्वी हिस्से में अमेरिकी सेना के एक ‘लॉकहीड ड्रोन’ को निशाना बनाया। हालांकि, इस दावे पर अमेरिका के रक्षा मुख्यालय पेंटागन या अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सैन्य तनाव के अलावा ईरान इन दिनों आर्थिक और ऊर्जा संकट का भी सामना कर रहा है। देश के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने मौजूदा आर्थिक हालात को एक ऐसी लड़ाई बताया है, जो मिसाइल हमलों और सैन्य संघर्ष से भी अधिक चुनौतीपूर्ण है। वहीं, विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ किया है कि अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद ईरान अपनी आर्थिक और सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में काम करता रहेगा।
ऊर्जा संकट के बीच उद्योगों को राहत देने की तैयारी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने 21 नवंबर को तेहरान में आयोजित वार्षिक पूंजी बाजार सम्मेलन में देश की आर्थिक चुनौतियों पर बात की। उन्होंने मौजूदा हालात को ‘मौन युद्ध’ बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों, आर्थिक दबाव और उत्पादन से जुड़ी समस्याओं ने देश के सामने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सर्दियों के मौसम से पहले ईरान में बिजली और गैस की उपलब्धता को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। ऐसे में राष्ट्रपति ने उद्योगों को ऊर्जा आपूर्ति जारी रखने पर जोर दिया है। उनका निर्देश है कि जरूरत पड़ने पर सरकारी कार्यालयों और घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति में कटौती की जा सकती है, लेकिन फैक्ट्रियों की सप्लाई बाधित नहीं होनी चाहिए।
सरकार का मानना है कि उद्योगों में उत्पादन जारी रहने से आर्थिक गतिविधियों को बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही, फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोगों की नौकरियों पर भी संकट कम होगा।
‘ईरान की घेराबंदी करना नामुमकिन’, अराघची ने बताई वजह
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका और इजरायल की ओर से बनाए जा रहे दबाव के बीच अपने देश का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखेगा, लेकिन अपनी आर्थिक और सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने से पीछे नहीं हटेगा।
विदेश मंत्रालय के एक कार्यक्रम में अराघची ने कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान ईरान ने दो युद्धों, गंभीर आर्थिक दबाव और कई सुरक्षा चुनौतियों का सामना किया है। इसके बावजूद देश अपनी स्थिति मजबूत करने के प्रयास कर रहा है।
पड़ोसी देशों के साथ व्यापार को बना रहा ताकत
ईरानी विदेश मंत्री ने देश की भौगोलिक स्थिति और पड़ोसी मुल्कों के साथ संबंधों को उसकी बड़ी ताकत बताया। उनके मुताबिक, ईरान का विशाल क्षेत्र, आसपास के देशों के साथ व्यापारिक संपर्क और पुराने ऐतिहासिक रिश्ते उसे आर्थिक दबाव से निपटने में मदद कर सकते हैं।
अराघची ने कहा कि ईरान के सीमावर्ती प्रांत पड़ोसी देशों के साथ व्यापारिक गतिविधियां जारी रखने में सक्षम हैं। इसके साथ ही, विदेशों में मौजूद ईरानी दूतावास नए बाजार तलाशने और व्यापारिक अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
ईरान का जोर अब कूटनीतिक बातचीत के साथ-साथ क्षेत्रीय व्यापार और घरेलू उत्पादन को मजबूत करने पर है। ऐसे में अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने के दावे और आर्थिक संकट के बीच तेहरान का रुख आने वाले दिनों में मिडिल ईस्ट की स्थिति को प्रभावित कर सकता है।


































