HomeLucknowलखनऊ का सरोजनीनगर बनेगा भारत की AI राजधानी : डॉ. राजेश्वर सिंह...

लखनऊ का सरोजनीनगर बनेगा भारत की AI राजधानी : डॉ. राजेश्वर सिंह की दूरदृष्टि को मिल रहा साकार रूप, AI City केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के तकनीकी भविष्य की मजबूत नींव है

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र जल्द ही देश की सबसे महत्वाकांक्षी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) परियोजनाओं में से एक AI City का केंद्र बनने जा रहा है। यह परियोजना प्रदेश को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल इनोवेशन, स्टार्टअप, डेटा सेंटर और हाई-टेक उद्योगों का नया हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र को भविष्य की तकनीकों और निवेश का केंद्र बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए हैं। उनके विजन में सरोजनीनगर को केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के सबसे आधुनिक आर्थिक और तकनीकी कॉरिडोर के रूप में विकसित करना शामिल रहा है। AI City की अवधारणा को गति मिलने के साथ यह विजन अब साकार होता दिखाई दे रहा है।

डॉ. राजेश्वर सिंह का मानना है कि आने वाला दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और डिजिटल तकनीकों का है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए विश्वस्तरीय तकनीकी अवसंरचना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

प्रस्तावित AI City में अत्याधुनिक कार्यालय, AI एवं डीप-टेक कंपनियों के लिए कार्यस्थल, स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर, अनुसंधान एवं नवाचार प्रयोगशालाएं, डेटा सेंटर तथा आधुनिक डिजिटल सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है। इससे हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ-साथ लखनऊ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में एयरोसिटी, अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, आधुनिक सड़क नेटवर्क, आईटी एवं औद्योगिक निवेश जैसी अनेक विकास परियोजनाएं एक-दूसरे की पूरक हैं। AI City इन सभी प्रयासों को नई दिशा देगी और सरोजनीनगर को उत्तर भारत के सबसे बड़े तकनीकी एवं नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश की ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और AI City जैसी परियोजनाएं इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मील का पत्थर साबित होंगी।

AI City के विकसित होने के बाद सरोजनीनगर केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के तकनीकी विकास, नवाचार, निवेश और रोजगार का नया इंजन बनकर उभरेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments