HomeDaily Newsमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने जताया शोक, बोले- मां का साया उठना जीवन की सबसे असहनीय पीड़ा : सरोजनीनगर विधायक ने मुख्यमंत्री समेत पूरे शोकाकुल परिवार के प्रति व्यक्त की गहरी संवेदनाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पूज्य माताजी का निधन अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, वात्सल्य, संस्कार और आशीर्वाद मनुष्य के जीवन की सबसे अमूल्य पूंजी होते हैं। मां का साया उठना जीवन की सबसे असहनीय पीड़ा है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई कभी संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि मां केवल परिवार का आधार ही नहीं, बल्कि जीवन की प्रथम गुरु भी होती हैं। उनके दिए संस्कारों से व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण होता है और उनका आशीर्वाद जीवन की कठिन से कठिन परिस्थितियों में संबल प्रदान करता है। मातृत्व का त्याग, तपस्या और निःस्वार्थ प्रेम हर व्यक्ति के जीवन में विशेष स्थान रखता है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इस अत्यंत कठिन और दुखद घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री जी और उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।

ॐ शांति।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments