राजा शिवाजी ने रिलीज के पहले ही वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर शानदार पकड़ बना ली है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रविवार को भी फिल्म की कमाई मजबूत रही और इसने तीसरे दिन करीब 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही तीन दिनों में फिल्म की कुल कमाई लगभग 33.90 करोड़ रुपये पहुंच गई है। हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में फिल्म को अच्छा प्रदर्शन मिला है।
वहीं दूसरी ओर पैट्रियट और भूत बंगला के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। रविवार को दोनों फिल्मों ने करीब 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, लेकिन ऑक्यूपेंसी के मामले में ‘पैट्रियट’ आगे रही। इस फिल्म में मोहनलाल और ममूटी जैसे दिग्गज कलाकार नजर आ रहे हैं। हालांकि इसकी कमाई में थोड़ी गिरावट देखी जा रही है, लेकिन वीकेंड पर इसने अच्छा प्रदर्शन किया और तीन दिनों में लगभग 21.65 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया।
‘भूत बंगला’ की बात करें तो रिलीज के 17वें दिन भी फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है। रविवार को इसने 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे इसकी कुल कमाई करीब 142.50 करोड़ रुपये हो गई है।
इसके अलावा कारा बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। धनुष स्टारर इस फिल्म ने रविवार को लगभग 5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। चार दिनों में फिल्म की कुल कमाई करीब 23.35 करोड़ रुपये तक पहुंची है। तमिल के साथ-साथ तेलुगु में भी फिल्म ने कुछ हद तक कमाई की है, लेकिन कुल मिलाकर इसका प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर रहा है।
कुल मिलाकर इस वीकेंड पर ‘राजा शिवाजी’ ने बाजी मार ली है, जबकि ‘पैट्रियट’ और ‘भूत बंगला’ के बीच मुकाबला बराबरी का रहा।


































