HomeDaily Newsबुलंदशहर में UPSTF और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम से मुठभेड़...

बुलंदशहर में UPSTF और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम से मुठभेड़ : 50 हजार का इनामी बदमाश और D-कंपनी का सदस्य नसीम मारा गया ; हत्या समेत 26 से अधिक आपराधिक मुकदमे थे दर्ज

बुलंदशहर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। 19 और 20 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोली लगने से एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुंडू, निवासी मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नसीम डी-कंपनी (दाऊद गिरोह) से जुड़ा हुआ था और गाजियाबाद के लोनी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा वह दिल्ली में दर्ज हत्या के दो मामलों में भी वांछित चल रहा था।

हत्या, रंगदारी समेत 26 से अधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नसीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या के चार मुकदमों समेत हत्या के प्रयास, रंगदारी (एक्सटॉर्शन) और अन्य गंभीर अपराधों के 26 से अधिक मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि दिल्ली के खजूरी खास इलाके में पिछले छह महीनों के दौरान हुई दो सनसनीखेज हत्याओं में भी उसकी संलिप्तता थी।

छोटा शकील के कहने पर हत्या की सुपारी लेने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नसीम ने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कैनेडियन मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

फिलहाल, मुठभेड़ के बाद पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त ऑपरेशन को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच ने अंजाम दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments