Home Blog Page 907

AFG vs ENG, ICC Champions Trophy 2025:चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हुई तीसरी टीम, अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हराकर किया बड़ा उलटफेर!

 अफगानिस्तान ने एक बार फिर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। अफगानिस्तान ने इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। अफगानिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपनी पहली जीत हासिल करने के साथ ही खुद को सेमीफाइनल की रेस में बरकरार रखा है जबकि इंग्लैंड की टीम अंतिम-4 की दौड़ से बाहर हो गई है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान के 177 रनों की मदद से 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 325 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवर में 49.5 ओवरों में 317 रनों पर ऑलआउट हो गई और अफगानिस्तान ने 8 रनों से मैच अपने नाम कर लिया। इब्राहिम जादरान को रिकॉर्ड तोड़ 177 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।

इंग्लैंड के लिए जो रूट ने सबसे ज्यादा 120 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी में अजमतुल्लाह उमरजई ने 5 विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद नबी ने 2 बल्लेबाजों का शिकार किया। अफगानिस्तान की टीम ने वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड को लगातार दूसरी बार शिकस्त दी है। इससे पहले अफगान टीम ने वर्ल्ड कप 2023 में दिल्ली में खेले गए मैच में इंग्लैंड को 69 रनों से धूल चटाई थी।

इंग्लैंड बाहर

इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच खेला गया ये रोमांचक मैच करो या मरो का मुकाबला था। ऐसे में अफगानिस्तान ने जीत हासिल करते हुए चैंपियंस ट्रॉफी की सेमीफाइनल रेस में खुद को बनाए रखा है जबकि इंग्लैंड हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। इंग्लैंड चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर होने वाली तीसरी टीम है। इससे पहले मेजबान पाकिस्तान और बांग्लादेश सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुके हैं।

ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल का टिकट कटा चुके हैं। अब ग्रुप-बी से 2 सेमीफाइनलिस्ट टीमों का तय होना बाकी है। सेमीफाइनल के 2 स्पॉट के लिए ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच टक्कर है। ग्रुप-बी में साउथ अफ्रीका 3 पाइंट के साथ पहले पायदान पर है जबकि वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया इतने ही पाइंट के दम पर दूसरे स्थान पर हैं। दोनों टीमों के बीच सिर्फ नेट रन रेट का अंतर है। तीसरे पायदान पर अफगानिस्तान है जिसके 2 मैचों में पहली जीत के बाद 2 अंक हो गए हैं। वहीं, इंग्लैंड का टूर्नामेंट से बोरिया बिस्तर बंध गया है।

न्यूयॉर्क: अमेरिकी राष्ट्रपति ने शेयर किया AI जनरेटेड ‘ट्रंप गाजा’ वीडियो, बढ़ा विवाद!

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक एआई जनित वीडियो साझा किया, जिसमें युद्धग्रस्त गाजा को एक ऐसे शहर में बदलते हुए दिखाया गया है, जहां अमेरिकी नेता इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ छुट्टियां मनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल और इंस्टाग्राम सहित अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो साझा किया। वीडियो को लाखों लोगों ने देखा है। वीडियो 2025 में तबाह हो चुके गाजा के एक मोंटाज के साथ शुरू होता है और सवाल पूछता है ‘‘आगे क्या होगा’’?

फिर इसमें एक गीत आता है जिसका अनुवाद है, ‘‘डोनाल्ड ट्रंप आपको आजाद कर देंगे। कोई और सुरंग नहीं, कोई और डर नहीं। ट्रंप का गाजा आखिरकार है यहीं। ट्रंप गाजा चमक रहा है। सौदा हुआ डन, ट्रंप गाजा नंबर वन।’’ वीडियो में स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क की एआई वाली तस्वीरें हैं जो नए शहर में खानपान का लुत्फ उठा रहे हैं। इसमें बेली डांसर, पार्टी के दृश्य, गाजा की सड़कों पर दौड़ती शानदार कारें और आसमान से गिरते डॉलर को पकड़ने की कोशिश करते छोटे बच्चे, साथ ही बिना शर्ट के ट्रंप और नेतन्याहू को बीच पर कुर्सी पर बैठे दिखाया गया है।

ट्रंप के पोस्ट पर मच गया बवाल

इस पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और लोगों ने कड़ी आलोचना की है। कई उपयोगकर्ताओं ने टिप्पणी की कि उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की देखभाल करने के लिए ट्रंप को वोट दिया, न कि ऐसा कुछ करने के लिए। एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने कहा, ‘‘मैंने डोनाल्ड ट्रंप को वोट दिया। मैंने इसके लिए वोट नहीं दिया। न ही मेरे जानने वाले किसी और ने। मानवता, शालीनता, सम्मान की कमी ने मुझे अपने वोट पर पछतावा कराया है।’’ एक अन्य उपयोगकर्ता ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि यह अमेरिकी राष्ट्रपति का अकाउंट है। सम्मान और गंभीरता कहां है?’’ इस महीने की शुरुआत में, नेतन्याहू के साथ व्हाइट हाउस में एक संयुक्त प्रेस वार्ता में ट्रंप ने एक आश्चर्यजनक घोषणा में कहा था कि अमेरिका ‘‘गाजा पट्टी पर कब्जा करेगा’’, ‘‘उसका स्वामी होगा’’ और वहां आर्थिक विकास करेगा जिससे बड़ी संख्या में नौकरियां और आवास पैदा होंगे।

झगड़े के बाद डायमंड की डिमांड करती थीं धनश्री वर्मा? युजवेंद्र चहल का पुराना वीडियो वायरल हुआ !

भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा अपने तलाक की अफवाहों को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों सोशल मीडिया पर इशारों-इशारों में अपनी भावनाएं भी शेयर करते रहते हैं। अब इसी बीच दोनों का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें चहल खुलासा करते हैं कि धनश्री झगड़े के बाद उन्हें मनाने के लिए डायमंड खरीदने के लिए बोलती हैं। चहल के इस वीडियो वायरल होने के बाद फैन्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। चहल और धनश्री ने 2020 में शादी रचाई थी। शादी के बाद दोनों के बीच खूब प्यार रहा और अक्सर ईवेंट्स में साथ दिखाई देते थे। ये वीडियो भी टीवी रियालिटी शो ‘झलक दिखला जा’ का है। इस शो पर बतौर मेहमान दोनों को इन्वाइट किया गया था।

चहल ने किया डायमंड डिमांड का खुलासा

बीते दिनों चहल और धनश्री टीवी रियालिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में पहुंचे थे। यहां चहल ने धनश्री से मुलाकात की और खुलासा किया कि लड़ाई के बाद उन्होंने मेकअप गिफ्ट के रूप में हीरे की मांग की थी। मेजबान ऋत्विक धनजानी और गौहर खान ने दोनों को एक प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित किया। उन्हें बारी-बारी से एक रहस्यमय शब्द वाली तख्तियां पकड़नी थीं और 10 सेकंड के भीतर अनुमान लगाना था कि इसमें क्या कहा गया है। जब धनश्री की बारी आई तो उनके प्लेकार्ड पर डायमंड शब्द लिखा था। जोड़े द्वारा शब्द का अनुमान लगाने के बाद, चहल ने धनश्री से कहा, ‘जो हमसे आप डिमांड करते हो।’ धनश्री ने पूछा, ‘क्या?’ धनश्री अनुमान लगाने में असमर्थ थी और जब चहल ने स्पष्टीकरण दिया, ‘जब भी लड़ती होती है उसके बाद आप कुछ न कुछ मांग करते हो।’ हालांकि धनश्री या युजवेंद्र की ओर से कुछ भी पुष्टि नहीं की गई है लेकिन कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि रिश्ते में कुछ मुद्दे सामने आने के बाद यह जोड़ा अलग हो गया है।

2020 में रचाई थी शादी

डेंटिस्ट से कोरियोग्राफर बनीं धनश्री ने दिसंबर 2020 में मशहूर क्रिकेटर के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। कुछ समय पहले तक वे वैवाहिक आनंद में थे जब सोशल मीडिया पर उनके अलग होने की अफवाह की खबरें सामने आने लगीं। रविवार को क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी साझा की जिसमें उन्होंने दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा द्वारा आत्म-मूल्य और लचीलेपन के बारे में एक उद्धरण साझा किया। उद्धरण इस बात पर प्रकाश डालता है कि दूसरों की धारणाओं के कारण किसी का मूल्य कम नहीं होता है। ‘किसी की आपकी कीमत देखने में असमर्थता के आधार पर आपका मूल्य कम नहीं होता है।

Latest Hindi News:1000 साल बाद सामने आया सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का अवशेष, श्रद्धालुओं ने दर्शन किए !

महाशिवरात्रि के अवसर पर बेंगलुरू के आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में महाशिवरात्रि समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में आध्यात्मिक उत्साह देखने को मिला, जो दुनिया में शायद ही कभी देखा गया हो। क्योंकि भारत के गौरवशाली इतिहास का एक टुकड़ा जिसे समय के साथ खो जाने का अनुमान है, उसका अनावरण किया गया। इस कार्यक्रम में 180 देशों के साधक एक मंच के नीचे मौजूद रहे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी वहां मौजूद रहे। श्रीश्री रविशंकर ने इस दौरान कहा कि शिव उन सभी का सार हैं जो हैं, थे और होंगे। इस शिवरात्रि पर समर्पण करें और पूरे अस्तित्व के साथ एक होने का अनुभव करें।

श्री श्री रविशंकर ने शिव के पांच गुणों का किया बखान

उन्होंने कहा, ‘आपको भगवान शिव वैसे ही गले लगाते हैं जैसे आप हैं। ऐसे महसूस करें जैसे आप शिव के भीतर बैठे हैं।’ उन्होंने इस दौरान शिव के पांच गुणों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, सृजन करना, बनाए रखना, रूपांतरित करना, आशीर्वाद देना और छिपाना ये शिव के गुण हैं। शिवरात्रि वह समय है जब हम आशीर्वाद महसूस करते हैं और दिव्य उर्जा का अनुभव करते हैं। हम बस इन तरंगों में डूब जाते हैं और अपने भीतर गहराई में चले जाते हैं। बता दें कि इस दौरान आकर्षण का मुख्य कारण बना मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के अवशेष। बता दें कि 12 ज्योतिर्लिंगों में से पहला ज्योतिर्लिंग सोमनाथ है।

‘आर्ट ऑफ लिविंग’ का महाशिवरात्रि समारोह बना ऐतिहासिक

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के अवशेषों के लोगों ने किए दर्शन

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के अवशेष 

जब महमूद गजनी ने सोमनाथ मंदिर और उसके अंदर स्थित ज्योतिर्लिंग को नष्ट कर दिया, तो कुछ ब्राह्मण टूटे हुए टुकड़ों को अपने साथ तमिलनाडु ले गाए और उन्हें छोटे शिवलिंग का आकार दिया। पीढ़ियों से चली आ रही इन मूर्तियों की गुप्त रूप से एक हजार साल तक पूजा की जाती रही। एक सदी पहले संत प्रणवेंद्र सरस्वती उन्हें कांची के शंकराचार्य स्वामी चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती के पास ले गए, जिन्होंने उन्हें अगले 100 सालों तक छिपाकर रखने का निर्देश दिया। वह क्षण इस वर्ष आया जब वर्तमान संरक्षक पंडित सीताराम शास्त्री ने वर्तमान में कांची शंकराचार्य से दिव्य मार्गदर्शन मांगा। शंकराचार्य ने निर्देश दिया, बेंगलुरू में एक संत हैं, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर। इन्हें उनके पास ले जाओ और इस प्रकार जनवरी 2025 में ये पवित्र अवशेष श्री श्री रविशंकर को सौंपा गया।

Joe Root Century:5 साल 8 महीने बाद ODI में गूंजा बल्ला, धाकड़ बल्लेबाज ने जड़ी सेंचुरी, इंजमाम को छोड़ा पीछे!

 ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के 8वें मैच में इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जो रूट ने बल्ले से धमाका कर दिया है। जो रूट ने अफगानिस्तान के खिलाफ 300 से ज्यादा रनों के टारगेट का पीछा करते हुए शतक ठोक दिया है। जो रूट ने 101 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से वनडे क्रिकेट में अपना 17वां शतक जड़ा। इसके साथ ही रूट ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। जो रूट इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। इसके बाद इयोन मोर्गन का नंबर आता है। मोर्गन ने इंग्लैंड के लिए 14 शतक वनडे में लगाए थे।

बता दें, धाकड़ बल्लेबाज ने वनडे में साढ़े 5 साल से भी ज्यादा वक्त के बाद शतक जड़ा। उनके बल्ले से आखिरी वनडे शतक 14 जून 2019 को साउथैम्पटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ आया था। इसके बाद से ही उन्हें वनडे में शतक का इंतजार था, जो अब चैंपियंस ट्रॉफी में जाकर समाप्त हुआ है। जो रूट का ये शतक कई मायनों में खास है। रूट का ये शतक 326 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए आया है।

जो रूट ने दिखाया दम

जो रूट उस वक्त बल्लेबाजी करने आए जब इंग्लैंड के 2 विकेट 6.1 ओवरों में 30 रन के भीतर गिर चुके थे। इसके बाद रूट ने एक छोर पर मोर्चा संभालते हुए हैरी ब्रूक और फिर जोस बटलर के साथ मिलकर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। इस दौरान एक छोर से इंग्लैंड के विकेट गिरते रहे लेकिन रूट ने अपना विकेट बचाए रखा और 42वें ओवर में राशिद खान की गेंद पर सिंगल चुराते हुए 98 गेंदों पर सैकड़ा जड़ दिया।

इंजमाम उल हक को पछाड़ा

इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक सिर्फ 9 ही बल्लेबाजों ने 50 से ज्यादा शतक लगाने का कारनामा किया है। उनमें रूट भी शामिल हैं। रूट का इंटरनेशनल क्रिकेट में ये 53वां शतक है। उन्होंने सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने के मामलें में ब्रायन लारा की बराबरी की। इसके अलावा रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामलें में पाकिस्तान के इंजमाम उल हक (20580 रन) को पछाड़ा। इस शतक के बाद रूट के नाम 360 मैचों में 20667 रन हो गए हैं।