Home Blog Page 833

लेटेस्ट स्पोर्ट्स न्यूज़ :मुंबई की हार का सबसे बड़ा जिम्मेदार बना ये खिलाड़ी, लगातार दो मैचों में किया बेहद निराशाजनक प्रदर्शन

मुंबई इंडियंस को अपने घर यानी वानखेड़े स्टेडियम में एक और हार का सामना करना पड़ा है। रोमांचक मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों मात दे दी है। इससे मुंबई की हालत और भी पतली हो गई है। इस बीच हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के अलावा तिलक वर्मा ने तो जीत के लिए अपनी जान लगा दी, लेकिन एक खिलाड़ी की वजह से टीम को लगातार हार मिल रही है। ये​ खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ही हैं, जो लगातार फ्लॉप पर फ्लॉप चल रहे हैं, अब तक एक भी मैच में उनका बल्ला उस तरह से नहीं चला, जिसके लिए वे जाने और पहचाने जाते हैं।

रोहित शर्मा फिर से 17 ही रन बनाकर हो गए आउट

जब आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन बनाए और मुंबई की टीम के सामने जीत के लिए 222 रनों का लक्ष्य रखा तो टीम को एक अच्छी शुरुआत की जरूरत थी, जो टीम को नहीं मिली। ओपनिंग करने उतरे पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और रियान ​रिकल्टन। मुंबई इंडियंस का पहला विकेट उसी वक्त गिर गया, जब टीम का स्कोर केवल 21 रन ही था। रोहित शर्मा आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 9 बॉल पर 17 रन तो बनाए, लेकिन टीम वे बड़ी शुरुआत नहीं दे पाए। टीम को दूसरा झटका उस वक्त लगा, जब टीम के केवल 38 रन ही बने थे। इस तरह दो विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम पर काफी प्रेशर आ गया और उसके बाद भले ही तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने रन बनाए, फिर भी टीम काफी पीछे रह गई।

अब तक ऐसा रहा है रोहित शर्मा का इस साल के आईपीएल में खेल

रोहित शर्मा अब तक टीम के लिए चार मैच खेल चुके हैं, लेकिन अब तक उनका स्कोर 20 के पास नहीं जा सका है। पहले ही मैच में सीएसके के​ खिलाफ रोहित शर्मा चार बॉल पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने दूसरे मैच में चार बॉल पर आठ रन बनाए और चलते बने। तीसरे मैच में केकेआर के खिलाफ तो वे तेजी से रन ही नहीं बना सके। इसमें उन्होंने 12 बॉल का सामना किया और 13 ही रन उनके बल्ले से निकले। आज यानी सोमवार को आरसीबी के खिलाफ उन्होंने भले ही 9 बॉल पर 17 रन ठोके, लेकिन जब टीम को 222 रन बनाने होते हैं तो इससे कुछ ज्यादा करने की जरूरत होती है। रोहित शर्मा एक मैच में रेस्ट भी कर चुके हैं, लेकिन इसके बाद वापसी पर भी उनकी बल्लेबाज में वो बात नजर नहीं आई, जो कि होनी चाहिए।

हार्दिक पांड्या ने खेली अपनी टीम के लिए तूफानी पारी

मुंबई इंडियंस के लिए तो मैच काफी पहले ही खत्म हो जाता, अगर हार्दिक पांड्या तूफानी पारी नहीं खेलते। हार्दिक पांड्या ने केवल 15 बॉल पर 42 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और चार छक्के जड़े। पिछले मैच में रिटायर्ड आउट होकर वापस लौटने वाले तिलक वर्मा ने भी इस मैच में रन बनाए। उन्होंने 29 बॉल पर 56 रन की पारी खेली। लेकिन टीम को रोहित शर्मा की वजह से शुरुआत में ही जो डेंट लगा था, उसकी वजह से टीम वापसी नहीं कर पाई। अब मुंबई इंडियंस को यहां से वापसी करनी होगी, नहीं तो टीम काफी पीछे रह जाएगी और उसके टॉप 4 में जाने की संभावनाएं भी और कम हो जाएंगी।

बॉलीवुड के तीनों खानों संग कर चुकी हैं काम , कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात देकर रची नई कहानी

90 के दशक की टॉप एक्ट्रेस में से एक सोनाली बेंद्रे आज भी अपनी खूबसूरती और फिटनेस के लिए जानी जाती हैं। सोनाली इंडस्ट्री की उन अभिनेत्रियों में से रही हैं जो एक वक्त पर फिल्म मेकर्स की पहली पसंद होती थीं। उनकी मासूमियत पर भी लाखों लोग फिदा थे। इनमें से एक पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेटर भी शामिल थे। वह हिंदी सिनेमा की उन चंद एक्ट्रेस में से एक हैं, जिन्होंने तीनों खानों के साथ फिल्मों में काम किया। इसके अलावा वह रियल लाइफ फाइटर हैं क्योंकि उन्होंने कैंसर से जिंदगी की जंग जीती है। अपनी खूबसूरती और एक्टिंग के लिए मशहूर सोनाली बेंद्रे ने ‘हम हम साथ हैं’ और ‘सरफरोश’ जैसी फिल्मों से बड़े पर्दे पर चार चांद लगा दिया था। उन्होंने 1994 में ‘आग’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘दिलजले’, ‘मेजर साब’, ‘हमारा दिल आपके पास है’ जैसी फिल्मों में काम किया।

कैंसर को दी मात

सोनाली बेंद्रे अपने करियर से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर खूब लाइमलाइट में रही हैं। साल 2002 में उन्होंने अपने दोस्त गोल्डी बहल से शादी की। उनकी जिंदगी में सब कुछ अच्छा चल रहा था, लेकिन सोनाली को साल 2018 में कैंसर हो गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और कैंसर से साल 2021 में जंग जीत ली। आज एक्ट्रेस अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में रहती हैं।

सोनाली बेंद्रे-शोएब अख्तर के रिश्ते का सच

सोनाली का नाम पाकिस्तानी क्रिकेटर और तेज गेंदबाज शोएब अख्तर से नाम जोड़ा गया। जी हां, शोएब अख्तर, सोनाली बेंद्रे के प्यार में पड़ गए थे और एक समय पर दोनों इन खबरों के वजह से खूब सुर्खियों में थे। वहीं कुछ सालों पहले इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ते हुए शोएब ने बताया था कि उनका सोनाली से कोई रिश्ता नहीं था और ना वो कभी एक्ट्रेस से मिले। इतना ही नहीं, अफवाहों के बाद शोएब अख्तर ने इसके पहले खुद बताया था कि उनका एक्ट्रेस पर क्रश है। हालांकि, पाकिस्तानी क्रिकेटर ने 2019 में अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के माध्यम से कहा था कि वह हमेशा के लिए इन अफवाहों पर रोक लगाना चाहते हैं और कहा कि वह सोनाली बेंद्रे से प्यार नहीं करते हैं ये सारी फर्जी खबर है।

तीनों खान संग दी हिट फिल्में

काम की बात करें तो सोनाली बेंद्रे इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज, इंडियाज बेस्ट डांसर 3 और डीआईडी ​​​​लिटिल मास्टर्स सीजन 5 जैसे रियलिटी शो में जज के रूप में भी दिखाई दीं। उन्होंने जी 5 की ड्रामा सीरीज ‘द ब्रोकन न्यूज’ से अपना डिजिटल डेब्यू किया था। सोनाली बेंद्रे ने बॉलीवुड के तीनों खान – सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान के साथ काम किया है, जिसमें उन्होंने ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘डुप्लिकेट’ और ‘सरफरोश’ जैसी फिल्मों शामिल है।

MI vs RCB: हार्दिक और तिलक की धमाकेदार पारियां रहीं नाकाम, मुंबई को 10 साल बाद अपने घर में RCB के हाथों हार का सामना

 IPL 2025 में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रोमांचक मैच खेला गया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हार का सामना करना पड़ा।आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 221 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी। इस तरह तिलक वर्मा का ताबड़तोड़ अर्धशतक और हार्दिक पांड्या की धुआंधार पारी बेकार चली गई। वहीं, आरसीबी की टीम मुंबई को वानखेड़े में 10 साल बाद हराने में कामयाब हुई। इससे पहले आरसीबी को 2015 में मुंबई के खिलाफ जीत मिली थी।

क्रुणाल पांड्या ने आखिरी ओवर में किया कमाल

तिलक वर्मा ने 29 गेंदों पर 56 रन बनाए जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या ने 15 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 42 रनों की पारी खेली। दोनों ने एक वक्त मुंबई के फैंस को जीत उम्मीद जगा दी थी लेकिन जोश हेजलवुड ने हार्दिक को आउट करते हुए आरसीबी की मैच में वापसी करा दी। इसके बाद आखिरी ओवर में क्रुणाल पांड्या ने 3 विकेट झटकते हुए आरसीबी की जीत पक्की कर दी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए क्रुणाल पांड्या ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। वहीं, यश दयाल और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। भुवनेश्वर कुमार के हाथ एक सफलता लगी।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लग गया। ट्रेंट बोल्ट ने सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट को 4 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर पारी को संभाला और स्कोर को 95 रन तक ले गए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 91 रनों की कमाल की साझेदारी हुई।

कोहली-पाटीदार ने बल्ले से दिखाया दम

विराट कोहली 15वें ओवर में 67 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लियम लिविंगस्टन भी कोहली के तुंरत बाद डक पर आउट हो गए। एक ओवर में 2 बड़े झटके लगने के बाद कप्तान  रजत पाटीदार ने जितेश शर्मा के साथ तेजी से रन बटोरने चालू किए और टीम का स्कोर 200 के पार ले गए। इस दौरान रजत पाटीदार अपना अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे। पाटीदार के अर्धशतक के दम पर आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 221 रनों का स्कोर खड़ा किया। पाटीदार ने 64 रनों की पारी खेली। जितेश ने नाबाद 40 रन बनाए। मुंबई की ओर से हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए। बोल्ट की झोली में 2 विकेट गए।

दुबई:यमन में हूतियों पर जारी हैं घातक हमले, अमेरिकी एयरस्ट्राइक का वीडियो आया सामने

 अमेरिका यमन में हूती विद्रोहियों को लगातार निशाना बना रहा है। अमेरिका की ओर से ताजा किए गए हमलों में राजधानी सना में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। हूतियों के जरिए संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई है। मंत्रालय ने बताया कि सना में एक मकान को निशाना बनाया गया और इस हमले में 16 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

हूती व्रिदोहियों ने क्या कहा

इससे पहले रविवार को ईरान समर्थित हूती व्रिदोहियों ने कहा था अमेरिकी हवाई हमलों में उनके गढ़ सादा में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है और नौ अन्य घायल हुए हैं। हूती नियंत्रित समाचार चैनल ‘अल-मसीरा’ ने एक वीडियो भी प्रसारित किया है। इस वीडियो में दो मंजिला इमारत ढहती हुई नजर आ रही है।

हूती विद्रोहियों ने पोतों पर किए हमले

इजरायल और हमास के बीच जंग के दौरान हूती विद्रोहियों ने समुद्र में मालवाहक जहाजों पर कई हमले किए हैं। इन हमलों के जवाब में ही अमेरिका हूतियों को टारगेट कर हवाई हमले कर रहा है। हूती विद्रोहियों की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिकी हमलों में अब तक कम से कम 69 लोग मारे जा चुके हैं। हूती विद्रोहियों ने कहा है कि अमेरिकी हमलों में उनके सैन्य नेतृत्व का कोई भी सदस्य हताहत नहीं हुआ है।

अमेरिका यमन में हूती विद्रोहियों को बना रहा है निशाना

हूतियों के दावे पर उठ रहे सवाल

भले ही हूती कुछ भी कह रहे हों लेकिन हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से साझा किए गए वीडियो के बाद हूतियों के दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ट्रंप की ओर से एक वीडियों साझा किया गया था। हमले के इस वीडियो से संकेत मिलता है कि हताहतों की संख्या हूती विद्रोहियों के दावे से अलग है।

डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर किया वीडियो

हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने 25 सेंकड का वीडियो साझा किया था जिसमें 70 से अधिक लोग एक घेरे में दिखाई दे रहे हैं। लोग घेरे में खड़े रहते हैं इसी दौरान एक जोरदार धमाका होता है। धमाके के बाद हमले वाली जगह पर एक बड़ा गड्ढा नजर आता है। हमले को लेकर ट्रंप ने अधिक तो कुछ नहीं बताया लेकिन उन्होंने कहा, ‘‘ये हूती विद्रोही हमले की तैयारी के लिए जमा हुए थे। अब ये कोई हमला नहीं करेंगे! वो हमारे पोतों को फिर कभी निशाना नहीं बनाएंगे।’’

कीव: रूस ने किया कीव पर बड़ा हमला, यूक्रेन की राजधानी पर ताबड़तोड़ मिसाइलों की बरसात

रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। जंग के बीच रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। ताजा हमलों में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाया है। कीव पर रूस की ओर से किए गए हमलों में एक शख्स की मौत हो गई है। कीव के अलावा रूस ने मध्य यूक्रेनी शहर क्रीवी रीह पर शुक्रवार को हमले किए थे। इन हमलों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

इमारतों में लगी आग

मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि कीव के डार्नित्स्की जिले में एक शख्स का शव मिला है। उन्होंने बताया कि रूस के हमलों में तीन लोग घायल हुए हैं। कई इमारतों में आग लग गई और कारों को भी नुकसान पहुंचा है। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि क्रिवी रीह पर हुए हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं।  75 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

रूस ने कीव पर किया अटैक

रूस ने किए ताबड़तोड़ हमले

सोशल मीडिया पर दिए गए एक बयान में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के बढ़ते हमले यह दिखाते हैं कि मॉस्को पर अब भी अंतरराष्ट्रीय दबाव का कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रूस ने पिछले सप्ताह ही यूक्रेन पर 1,460 से अधिक गाइडेड हवाई बम, लगभग 670 हमलावर ड्रोन और 30 से अधिक मिसाइलें दागी हैं।

क्या है रूस का इरादा

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, “ये हमले सभी अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक कोशिशों को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का जवाब है। हमारे हर साथी – अमेरिका, पूरा यूरोप, पूरी दुनिया – ने देखा है कि रूस जंग और हत्या जारी रखने का इरादा रखता है।” रूस के हमले तेज हुए हैं।