Home Blog Page 764

नई दिल्ली/वाशिंगटन:भारत-पाक संघर्ष के दौरान अमेरिकी नेताओं से बातचीत में “Trade” पर नहीं हुआ कोई उल्लेख, जानें पूरी रिपोर्ट

 भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान भारत और अमेरिका के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत में व्यापार को लेकर कोई बात नहीं हुई। सरकारी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने दोनों देशों के साथ व्यापार में कटौती की धमकी देकर नई दिल्ली और इस्लामाबाद पर संघर्ष समाप्त करने का दबाव बनाया था। सूत्रों ने बताया कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने नौ मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की थी, लेकिन बातचीत में व्यापार को लेकर कोई बात नहीं हुई थी।

एक सूत्र ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के बाद उपराष्ट्रपति वेंस ने नौ मई को प्रधानमंत्री से बात की।” सूत्र के मुताबिक, “विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने आठ व 10 मई को विदेश मंत्री एस जयशंकर से और 10 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल से बात की। इनमें से किसी भी चर्चा में व्यापार का कोई संदर्भ नहीं था।” सूत्रों के आधार पर यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है, जब ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि उन्होंने व्यापार में कटौती का मुद्दा उठाकर दोनों देशों को शत्रुता समाप्त करने के लिए मजबूर किया।

ट्रंप ने क्या कहा था

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान से कहा कि यदि वे संघर्ष रोक दें, तो अमेरिका उनके साथ ‘बहुत सारा व्यापार’ करेगा। उन्होंने कहा, “हम आप लोगों के साथ बहुत सारा व्यापार करेंगे। चलो इसे रोकते हैं। अगर आप इसे रोकते हैं, तो हम व्यापार करेंगे। अगर आप इसे नहीं रोकते हैं, तो हम कोई व्यापार नहीं करने जा रहे हैं।” ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं आपको बता सकता हूं कि लोगों ने कभी भी व्यापार का उस तरह से उपयोग नहीं किया, जैसा मैंने किया। और अचानक उन्होंने (भारत और पाकिस्तान ने) कहा, ‘मुझे लगता है कि हम इसे रोकने जा रहे हैं।’’

ट्रंप ने दावा किया, ‘‘और उन्होंने ऐसा किया है तथा उन्होंने ऐसा कई कारणों से किया है, लेकिन व्यापार एक बड़ा कारण है। हम पाकिस्तान के साथ बहुत सारा व्यापार करने जा रहे हैं। हम भारत के साथ बहुत सारा व्यापार करने जा रहे हैं। हम अभी भारत के साथ बातचीत कर रहे हैं। हम जल्द ही पाकिस्तान के साथ बातचीत करने जा रहे हैं, और हमने एक परमाणु संघर्ष को रोका है।’’

संन्यास के बाद विराट कोहली ऐतिहासिक रिकॉर्ड से चूके, महज इतने रनों की थी कमी

भारत के लिए टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में 10000 रन सिर्फ दो बल्लेबाजों ने ही बनाए हैं, जिसमें सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के नाम शामिल हैं। खास बात ये है कि इसमें विराट कोहली के पास भी शामिल होने का मौका था। लेकिन वह इससे चूक गए हैं। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से अचानक संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया। उन्होंने रिटायरमेंट ऐसे समय में लिया है, जब इंग्लैंड दौरा बिल्कुल सामने था।

टेस्ट क्रिकेट में पूरे नहीं कर पाए 10000 रन

विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में अभी तक कुल 14181 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम पर 51 शतक दर्ज हैं। वहीं उन्होंने भारत के लिए 123 टेस्ट मैचों में कुल 9230 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में वह 10000 रन पूरे करने से सिर्फ 770 रन दूर थे। अगर वह टेस्ट से संन्यास नहीं लेते और टेस्ट में 10000 रन पूरे कर लेते, तो वह भारत के लिए टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में दस हजार से ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाते, लेकिन ऐसा हो ना सका।

साल 2011 में किया था डेब्यू

विराट कोहली ने साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी कप्तानी में टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में अपनी जगह बनाई और सबसे बड़े सुपर स्टार बनकर उभरे। साल 2014 में वह भारतीय टेस्ट टीम के परमानेंट कैप्टन भी बन गए थे। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने कुल 40 मैच जीते और विदेशी धरती पर अपना लोहा मनवाया। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले कप्तान रहे।

विदेशी धरती पर किया कमाल

विराट कोहली ने भारतीय टेस्ट कप्तान के तौर पर विदेशों में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट कप्तान के तौर पर दो टेस्ट जीते और इंग्लैंड में तीन मैच जीते। वह भारत के लिए विदेशों में सबसे ज्यादा 16 टेस्ट मैच जीतने वाले कप्तान रहे।

ट्रंप का बयान: “अगर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर नहीं होता, तो परमाणु युद्ध हो सकता था”

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर नहीं होता तो परमाणु युद्ध हो जाता। डोनाल्ड ट्रंप का यह संबोधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले हुआ। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों देश परमाणु युद्ध के मुहाने पर आ गए थे।

हम दोनों देशों को ट्रेड में मदद करेंगे

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व की तारीफ की कहा कि वे हालात की गंभीरता को पूरी तरह से समझ सके। उन्होंने कहा कि हम दोनों देशों के साथ ट्रेड में मदद करेंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर यह संघर्ष नहीं रुका तो हम व्यापार में मदद नहीं करेंगे।

संघर्ष बढ़ता तो बहुत बुरा होता

भारत-पाकिस्तान सीजफायर पर उन्होंने कहा कि अगर दोनों देशों के बीच अगर युद्ध बढ़ता तो यह एक बुरा परमाणु युद्ध हो सकता था। लाखों लोग मारे जा सकते थे। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भी धन्यवाद दिया।

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को वार्ता के बाद सैन्य कार्रवाई और गोलीबारी रोकने के लिए सहमति बनी। नई दिल्ली में भारत सरकार के सूत्रों का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयों को तत्काल प्रभाव से रोकने पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई तीसरा पक्ष शामिल नहीं था। ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच काफी तनाव था और ऐसा लग रहा था कि यह रुकने वाला नहीं है।

IPL 2025 के शेड्यूल में बदलाव से पंजाब किंग्स को मिली खुशखबरी! 11 साल बाद होने जा रहा है कुछ खास

बीसीसीआई ने 12 मई की रात को आईपीएल के 18वें सीजन के बचे हुए मैचों के शेड्यूल का ऐलान कर दिया। आईपीएल 2025 को भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव के कारण एक सप्ताह के लिए सस्पेंड कर दिया गया था। दोनों देशों के बीच अब सीजफायर का ऐलान हो गया है, ऐसे में अब बीसीसीआई ने टूर्नामेंट को फिर से शुरू करने का प्लान बनाया है। आईपीएल 2025 के बाकी बचे मैच फिर से 17 मई से शुरू होंगे और फाइनल तीन जून को खेला जाएगा।

पंजाब किंग्स के लिए आई अच्छी खबर

आईपीएल 2025 के शेड्यूल बदलने से पंजाब किंग्स के लिए एक अच्छी खबर आई है। दरअसल आईपीएल के इतिहास में यह तीसरा मौका है जब आईपीएल का फाइनल मैच जून में खेला जाएगा। इससे पहले 2008 में टूर्नामेंट का फाइनल जून में खेला गया था। वहीं 2014 में भी फाइनल मैच जून में खेला गया था और इस साल भी फाइनल मुकाबला जून में खेला जाएगा। इसमें पंजाब किंग्स के लिए अच्छी बात ये है कि जब-जब जून में टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया हैं, पंजाब की टीम प्लेऑफ में पहुंची है। 2008 में पंजाब किंग्स सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही थी। वहीं 2014 में पंजाब फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी। आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स की टीम जिस तरह का प्रदर्शन कर रही है, उनका प्लेऑफ में पहुंचना काफी हद तक संभव लग रहा है।

आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स कर रही है शानदार प्रदर्शन

आईपीएल 2025 में, पंजाब किंग्स ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अब तक 11 मैच खेले हैं, जिसमें से 7 में उन्हें जीत मिली है। वह 15 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर हैं। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के साथ, पंजाब उन चार टीमों में से एक है जो प्लेऑफ के लिए दावेदार हैं। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम प्लेऑफ के दौड़ से बाहर हो चुकी है। आईपीएल 2025 को जब एक हफ्ते के लिए सस्पेंड किया गया था उस वक्त धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच खेला जा रहा था। वो मैच बीच में ही रोकना पड़ा था और अब ये मुकाबला 24 मई को खेला जाएगा।

बीजिंग: चीन ने पाकिस्तान को हथियारों से लदा विमान भेजने की खबरों का खंडन करते हुए दी सफाई

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर के बाद चीन की ओर से बड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। चीन की सेना ने सोमवार को उन खबरों का खंडन किया कि उसके सबसे बड़े सैन्य मालवाहक विमान ने पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति की है। चीनी सेना ने ऐसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (पीएलएएफ) ने इस बात से इनकार किया है कि उसके शीआन वाई-20 सैन्य परिवहन विमान ने पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति की है।

झूठे हैं दावे

चीनी रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर सोमवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया कि इंटरनेट पर ‘‘वाई-20 द्वारा पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति’’ के बारे में काफी सूचनाएं देखने के बाद, वायु सेना ने एक बयान में कहा कि इस तरह के दावे झूठे हैं। पीएलएएफ ने गलत जानकारी से संबंधित कई फोटो और शब्दों के स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किए, प्रत्येक स्क्रीनशॉट को लाल रंग से ‘अफवाह’ लिख कर चिह्नित किया गया।

‘इंटरनेट कानून से परे नहीं’

रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘इंटरनेट कानून से परे नहीं है। जो लोग सैन्य संबंधी अफवाहें फैलाते हैं, उन्हें कानूनी रूप से जिम्मेदार ठहराया जाएगा।’’ पीएलए के पाकिस्तानी सेना के साथ घनिष्ठ संबंध हैं। पीएलए द्वारा किया गया यह खंडन महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि 2 दिन पहले ही भारत और पाकिस्तान के बीच सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयां रोकने पर सहमति बनी थी।

चीन देता है पाकिस्तान को हथियार

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (एसआईपीआरआई) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा हथियार आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है। रिपोर्ट के अनुसार 2020 से 2024 तक पाकिस्तान की हथियार खरीद का 81 प्रतिशत हिस्सा चीन से खरीदा गया। इस खरीद में नवीनतम लड़ाकू विमान, रडार, नौसैन्य जहाज, पनडुब्बियां और मिसाइलें शामिल हैं। दोनों देश संयुक्त रूप से जे-17 विमान बनाते हैं, जो पाकिस्तान वायु सेना (पीएएफ) का मुख्य आधार है।

पीएम शरीफ का बयान

इस बीच यहां आपको यह भी बता दें कि, भारत के साथ सीजफायर के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्र को संबंधित किया था। अपने संबोधन में उन्होंने चीन के प्रति विशेष आभार जताते हुए कहा था ”मुझे उनका जिक्र करना ही होगा। मैं तहे दिल से चीन और वहां के लोगों का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करता हूं, जो हमेशा पाकिस्तान के साथ खड़े रहे हैं।” शरीफ ने चीन को भरोसेमंद और प्रिय दोस्त करार दिया और यह भी कहा कि चीन हर मुश्किल घड़ी में पाकिस्तान के साथ खड़ा रहा है।

चीनी विदेश मंत्री ने कही थी ये बात

इससे पहले चीन के विदेश मंत्री वांग यी कहा था कि उनका देश पाकिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और आजादी की रक्षा में उसके साथ खड़ा रहेगा। चीन के विदेश मंत्री ने यह बयान पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के साथ फोन पर बातचीत के दौरान दिया था।