लखनऊ: मस्जिद अज़हर अली इंसाफ़ नगर इंदिरा नगर लखनऊ में आज रोज़ा अफ़्तार आयोजित किया गया।मस्जिद अज़हर अली के जनरल सेक्रेटरी जनाब मुर्तज़ा अली ने बताया कि हर साल की तरंह इस बार भी सामूहिक अफ़्तार पार्टी का आयोजन किया गया जिसमें शहर के हज़ारों लोगों ने रोज़ा खोला।
बाद नमाज़ मग़रिब आर्थिक रूप से कमज़ोर बच्चों एवं बच्चियों को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष व्यापार रोहित अग्रवाल जी द्वारा किट का वितरण किया गया, इस अवसर पर पूर्व मंत्री हरपाल सिंह जग्गी, मुरलीधर आहूजा, समाजसेवी निघत खान, खालिद इस्लाम, अफाक व शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने शिरकत की।
आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में सार्वजनिक एवं निजी स्थानों से अब तक कुल 52,64,709 प्रचार-प्रसार सामग्री हटायी गयी
वाहनों में बीकन लाइट, फ्लैग के दुरुपयोग के 645 मामलों में तथा लाउडस्पीकर एक्ट के उल्लंघन के 1248 मामलों में हुई कार्यवाही
बिना अनुमति के सभा व भाषण करने, मतदाताओं को नकदी बांटने, वाहनों में बीकन लाइट, फ्लैग के दुरुपयोग व अन्य मामलों में 24 एफआईआर दर्ज
लखनऊ: प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च, 2024 को लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 की निर्वाचन तिथियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, भयमुक्त, प्रलोभनमुक्त, समावेशी व सुरक्षित मतदान कराने के लिए पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने में अब तक सार्वजनिक एवं निजी स्थानों से कुल 52,64,709 प्रचार-प्रसार सामग्री हटायी गयी। इसमें सार्वजनिक स्थानों से 31,97,936 तथा निजी स्थानों से 20,66,843 प्रचार-प्रसार सामग्री हटायी गयी। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों से वालराइटिंग के 3,47,513, पोस्टर के 14,89,805, बैनर के 9,22,797 एवं अन्य 4,37,821 मामलों में कार्यवाही की गयी। इसी प्रकार निजी स्थानों में से वालराइटिंग के 2,65,564, पोस्टर के 9,46,764, बैनर के 5,30,407 एवं अन्य 3,24,108 मामलों में कार्यवाही की गयी। इसी प्रकार अब तक वाहनों में बीकन लाइट, फ्लैग के दुरुपयोग के 645 मामलों में तथा लाउडस्पीकर एक्ट के उल्लंघन के 1,248 मामलों में कार्यवाही की गयी। बिना अनुमति के सभा व भाषण करने, मतदाताओं को लुभाने के लिए नकदी बांटने, वाहनों में बीकन लाइट, फ्लैग के दुरुपयोग एवं अन्य मामलों में 24 एफआईआर दर्ज, 02 एनसीआर सहित कुल 26 प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज की गयी है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रेल मंत्रालय के माध्यम से की जाने वाली मतदाता जागरूकता गतिविधियों की दी जानकारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार चुनावी प्रक्रिया को अधिक समावेशी, सूचनात्मक और सहभागी बनाने के लिए मतदाता शिक्षा कार्यक्रमों और पहलों को आगे बढ़ाने के लिए रेल मंत्रालय का भी सहयोग लिया जा रहा है। अधिक से अधिक मतदान के लिए आयोग ने भारतीय रेलवे के विशाल बुनियादी ढांचे का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रेल मंत्रालय के माध्यम से जो गतिविधियां संचालित की जानी हैं, उनमें मतदाता जागरूकता पर पूर्व-रिकॉर्ड की गई घोषणाओं को चलाना और पात्र मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रमुख रेलवे स्टेशनों के डिस्प्ले पर मतदाता जागरूकता टीवीसी फिल्में चलाना, प्रमुख रेलवे स्टेशनों के सभी प्रमुख स्थानों पर मतदाता जागरूकता पोस्टर का प्रदर्शन तथा महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाए जाएंगे। इसके साथ ही राजधानी, शताब्दी, दुरंतो एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में, जिनमें सार्वजनिक संबोधन प्रणाली है, ट्रेन के आरंभिक स्टेशन/मध्यवर्ती स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान और आगमन के समय पूर्व रिकॉर्डेड घोषणाएं चलाई जा सकती हैं। आईआरसीटीसी द्वारा जारी इलेक्ट्रॉनिक आरक्षण पर्ची (ईआरएस) ई-टिकटों में फ़ुटनोट स्ट्रिप बैंड के रूप में सामग्री सम्मिलित करना तथा रेलवे एवं आईआरसीटीसी वेबसाइटों पर टैगलाइन, लोगो प्रदर्शित करना भी शामिल है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और भारतीय रेलवे के बीच साझेदारी से प्रदेश भर के अधिकांश बड़े शहरों और कस्बों तक मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को पहुंचाने में मदद मिलेगी। पिछले आम चुनाव में भी भारतीय रेलवे ने सक्रिय रूप से मतदाता जागरूकता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की थी।
विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा भारत, 2023 में हुई 64 प्रतिशत की वृद्धि
डॉ०राजेश्वर सिंह ने आंकड़ों के माध्यम से बताया भारत को विश्व की नई आर्थिक ताकत, कहा– प्रवासी भारतीय दुनिया में बढ़ा रहे देश की साख
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और टूरिज्म के क्षेत्र में बढ़ रही भारतीयों की भागीदारी
लखनऊ: विदेशों में बढ़ते भारत के प्रभाव के बारे में बताते हुए सरोजनीनगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि वैश्वीकरण के केन्द्र में भारत के प्रति बढ़ता सम्मान देश के विश्वगुरू बनने का प्रतीक है। उन्होने बाकायदा आंकड़ों के साथ बताते हुए आगे कहा कि, भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को बढ़ाने में भारतीय प्रवासियों की भूमिका सबसे ज्यादा है। 18 मिलियन की ताकत और गुगल, माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों के प्रभाव के साथ जिस देश में भारतीय प्रवासी रहते हैं उसके साथ-साथ भारत के प्रति उनके समर्पण के कारण उनका सम्मान किया जाता है। भारत के बढ़ते पर्यटन उद्योग का उल्लेख करते हुए डॉ राजेश्वर सिंह ने बताया कि 2023 में विदेशी पर्यटकों के आगमन में 64% की उल्लेखनीय वृद्धि हुई और 92 लाख से अधिक पर्यटक भारत आए, जिसके पीछे प्रवासी भारतीय एक बड़े कारण है। आगे उन्होने बताया कि 3.21 करोड़ से अधिक भारतीय विदेशों में रह रहे हैं इसके अलावा 2 करोड़ से अधिक लोग विदेशों में छुट्टियां मनाने का विकल्प चुन रहे हैं, डॉ सिंह ने कहा कि हमारा प्रभाव दुनिया भर में गूंज रहा है। डॉ०राजेश्वर सिंह ने विदेशों में पढ़ाई के लिए जाने वाले भारतीय छात्रों की बढ़ती संख्या के आंकड़ों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2019 में जहां विदेशों में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या 10 लाख थी, वहीं 2023 में बढकर 13 लाख हो गई है, जो 2025 में बढ़कर छात्रों की संख्या 15 से 20 लाख के बीच होने की संभावना है। 2025 तक विदेशों में भारतीय छात्रों द्वारा अनुमानित व्यय राशि 70 बिलियन डॉलर यानी 5.8 लाख करोड़ है। डॉ०सिंह ने आगे बताया कि अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया ऐसे देश हैं जहां सबसे ज्यादा करीब 8.5 लाख भारतीय छात्रों ने दाखिला लिया। 2022 में अमेरिका और ब्रिटेन ने भारतीय छात्रों के लिए रिकॉर्ड संख्या में वीजा जारी किया। ब्रिटेन में पढ़ रहे 1.32 लाख छात्रों ने 5.9 बिलियन डॉलर खर्च किए। जिसमें 3.4 बिलियन डॉलर ट्यूशन फीस के रूप में, 1.3 बिलियन डॉलर हाउसिंग के लिए और 1.2 बिलियन डॉलर जीवन यापन के दूसरे मद में खर्च हुए। डॉ०राजेश्वर सिंह ने उन कारणों के बारे में भी बताया जिसके चलते भारतीय छात्र पढ़ाई के लिए विदेश जाते हैं। जैसे पढ़ाई और करियर के लिए बेहतर संभावनाएं। आर्थिक मदद और छात्रवृत्ति की उपलब्धता। नई टेक्नोलॉजी, रिसर्च के अवसर और शीर्ष स्तर के फैकल्टी की सुलभता। डॉ सिंह ने बताया कि लगातार यात्राओं से नए अवसरों का विस्तार हुआ है और मध्यम वर्ग का आय बढ़ी जिससे वो खर्च करने लायक हुए हैं।
चिनहट के “जारंग इन होटल” में मनाया गया कायस्थ समाज का होली मिलन कार्यक्रम
भाजपा के लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत कायस्थ महासभा के पदाधिकारी व समाज के लोग काफी संख्या में मौजूद रहे
लखनऊ: चिनहट स्थित जारंग इन होटल में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, उत्तर प्रदेश द्वारा होली मिलन समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि होली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने वाली, उज्ज्वला और उजाला योजना से गरीबों का जीवन रोशन करने वाली, आयुष्मान योजना से आरोग्यता प्रदान करने वाली और मुफ्त राशन वितरण से गरीबों का पोषण करने वाली, किसान निधि से किसानों का सम्मान करने वाली, बच्चे, बूढ़े, युवा, महिला सभी के जीवन स्तर को बेहतर करने वाली भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए कायस्थ समाज का आह्वान किया। कायस्थ समाज को परिवार की तरह आगे बढ़ते हुए उनके हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी से पहले और बाद में भी कायस्थ समाज का अहम योगदान रहा है। सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद, खुदीराम बोस, प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद, प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, लोक नायक जय प्रकाश नरायण आदि कई विद्वान और क्रांतिकारी हुए। सृष्टि की उत्पत्ति से कायस्थ समाज ने सनातन संस्कृति में अपनी अमिट छाप छोड़ने का काम किया है समाज ने अपनी संघर्षों के बदौलत यह मुकाम प्राप्त किया है अपनी मेहनत के बदौलत समाज में स्थान प्राप्त किया है। कायस्थ महासभा के उमेश कुमार श्रीवास्तव महामंत्री कायस्थ महासभा, ज्ञान प्रकाश अस्थाना, उपाध्यक्ष कायस्थ महासभा अजीत श्रीवास्तव, राष्ट्रीय महिला, उपाध्यक्ष कायस्थ महासभा डॉ० ज्योत्सना श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष, कायस्थ महासभा कुलदीप श्रीवास्तव, हरि किशन श्रीवास्तव एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।