Home Blog Page 1262

दीक्षान्त समारोह: राज्यपाल की अध्यक्षता में वाराणसी के सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का 42वां दीक्षान्त समारोह सम्पन्न

वाराणसी, 26 सितम्बर 2024: सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी में आज 42वां दीक्षान्त समारोह सम्पन्न हुआ। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने की। समारोह में राज्यपाल ने कुल 13,733 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, और पीएचडी की उपाधियाँ वितरित कीं। इसके साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 31 छात्रों को 56 स्वर्ण पदक भी प्रदान किए गए।

संस्कृत भाषा की महत्ता पर राज्यपाल का जोर

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संस्कृत भाषा की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा, “संस्कृति की विरासत संस्कृत भाषा में संचित और संरक्षित है। संस्कृत न केवल देववाणी है, बल्कि देशवाणी भी है।” उन्होंने विश्वविद्यालय को प्राचीन ग्रंथों का हिन्दी में अनुवाद कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इन ग्रंथों में समाहित आदर्श जीवन शैली का लाभ समाज के हर वर्ग को मिलना चाहिए।

120 आंगनवाड़ी किटों का वितरण

समारोह के दौरान, राज्यपाल ने 120 आंगनवाड़ी किटों का वितरण किया और आंगनवाड़ी केन्द्रों को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “8 वर्ष तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने से उनके भविष्य की नींव मजबूत होगी।”

प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण और डिजिटलीकरण

राज्यपाल ने सरस्वती भवन पुस्तकालय में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए कम्प्यूटरीकरण और डिजिटलीकरण पर जोर दिया। उन्होंने पांडुलिपियों के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रकाशन की भी आवश्यकता जताई, ताकि इनकी अमूल्य ज्ञानराशि से समाज लाभान्वित हो सके।

संस्कृत शिक्षा और आधुनिकता का समन्वय: मुख्य अतिथि प्रो. अनिल सहस्रबुद्धे

समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. अनिल डी. सहस्रबुद्धे ने संस्कृत परंपराओं और आधुनिक शिक्षा प्रणाली के समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान का सदुपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करें।

विशिष्ट अतिथि योगेन्द्र उपाध्याय का वक्तव्य

विशिष्ट अतिथि श्री योगेन्द्र उपाध्याय ने संस्कृत को भारतीय इतिहास और संस्कृति की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा से भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी और उत्तर प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में सुधार के लिए प्रयासरत है।

महिलाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान

सारस्वत अतिथि रजनी तिवारी ने महिलाओं की शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि संस्कृत शिक्षा महिलाओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने विश्वविद्यालय की नारी शिक्षा में अग्रणी भूमिका की सराहना की।

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का योगदान एवं उपस्थित गणमान्य

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विश्वविद्यालय के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि यह संस्थान संस्कृत भाषा और भारतीय शास्त्रीय परंपराओं के संरक्षण के प्रति समर्पित है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान का उपयोग मानवता की सेवा में करें। समारोह में आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र, जिलाधिकारी चंदौली निखिल टीफू, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव और विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चे, शिक्षकगण, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे।

श्रद्धा और संवेदनशीलता: पितृ पक्ष के मौके पर डॉ.राजेश्वर सिंह ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को पहुंचाई 10 लाख की सहयोग राशि, मिठाई और कपड़े

  • डॉ.राजेश्वर सिंह ने सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान वृद्धाश्रम, सरोजनीनगर में मल्टी एक्टिविटी हॉल निर्माण के लिए प्रदान किये CSR फंड से 10 लाख
  • डॉ.राजेश्वर सिंह द्वारा वृद्धाश्रम को प्रदान की गई 10 लाख की राशि से माँ तारा सिंह और पिता रण बहादुर सिंह की स्मृति में बनेगा मल्टी एक्टिविटी हॉल
  • डॉ०सिंह ने कहा- वृद्धजनों की सेवा और उनके प्रति श्रद्धाभाव ही पितरों की सच्ची श्राद्ध, वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का आशीर्वाद अमूल्य
  • उन्होंने बताया- वृद्धाश्रम के वृद्धजनों से मेरा विशेष स्नेह, उनके साथ हर खुशियाँ बांटू यही मेरा प्रयास – डॉ. राजेश्वर सिंह
  • इसके साथ ही भाजपा सदस्यता कैंप में पहुंचे डॉ. राजेश्वर, कार्यकर्ताओं में बढ़ाया जोश, कहा: राष्ट्र प्रथम भाजपा की विचारधारा, देश की अखंडता मूल मंत्र और भावी पीढ़ी का उज्जवल भविष्य भाजपा का संकल्प है

लखनऊ: सरोजनीनगर विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह ने वृहस्पतिवार को सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान वृद्धाश्रम, सरोजनीनगर मल्टी एक्टिविटी हॉल बनाए जाने के लिए 10 लाख की राशि का चेक प्रदान किया। डॉ. सिंह ने पितृ पक्ष के अवसर पर अपनी माता तारा सिंह और पिता रण बहादुर सिंह की स्मृति में वृद्धाश्रम में मल्टी एक्टिविटी हाल बनवाने के लिए सीएसआर फण्ड से यह धनराशि उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही विधायक ने बुजुर्गों के लिए मिठाई और नए कपड़े भी उपलब्ध करवाए।

डॉ.राजेश्वर सिंह ने बताया कि वृद्धाश्रम के वृद्धजनों से मेरा विशेष स्नेह है, उनके साथ हर खुशियाँ बांटू यही मेरा प्रयास रहता है। सरोजनीनगर स्थित इस वृद्धाश्रम में करीब 150 वृद्धजन रहते हैं, आश्रम के मुख्य व्यवस्थापक के. वी. बाजपेई ने इन वृद्धजनों के लिए एक कॉमन रूम बनाए जाने की आवश्यकता से अवगत कराया था। वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब एक विशाल मल्टी एक्टिविटी हाल का निर्माण करवाया जाएगा। इस मौके पर डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान वृद्धाश्रम, सरोजनीनगर से मेरा विशेष लगाव है। 72 वर्षीय वृद्ध महिला राम बेटी को उनके घर वालों ने त्याग दिया था, वे दर-दर भटक रही थी तब मेरी टीम ने इनका इलाज करवाया और मेरे कहने पर वृद्धाश्रम ने राम बेटी को आश्रय प्रदान किया। इसी तरह गोपाल सिंह को भी इस वृद्धाश्रम ने आश्रय प्रदान किया था, जिनकी रीढ़ की हड्डी में दिक्कत थी, जिनका समुचित इलाज करवाया गया।

बता दें कि डॉ.राजेश्वर सिंह वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों के प्रति अति संवेदनशील हैं, वे त्योहारों आदि विशेष अवसरों पर नियमित रूप से वृद्धाश्रम में जाकर वृद्धजनों के साथ समय बिताते हैं। प्रत्येक त्यौहार या ख़ुशी के मौके पर अपनी विधानसभा क्षेत्र के सभी वृद्धाश्रमों को फल, मिठाई, राशन कपडे व जरुरत की हर सुविधा-संसाधन भी उपलब्ध करवाते हैं। डॉ.सिंह ने राम रथ श्रवण अयोध्या यात्रा (बस सेवा) के माध्यम से वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को अयोध्या और नैमिषारण्य के दर्शन करवाया, उनके लिए कूलर, पंखा, वाकर, किताबें, पत्रिकाओं का सब्सक्रिप्शन दिलाया। हेल्थ कैंप लगवाया, बुजुर्गों को लोकबन्धु और एसकेडी हॉस्पिटल भेजकर उनका इलाज भी करवाया, आवश्यकता पड़ने पर विधायक की टीम बुजुर्गों को अस्पताल ले जाकर उनका उपचार भी करवाती है।

एक अवसर पर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने डॉ.सिंह को अपनी सामाजिक, आर्थिक सुरक्षा से जुडी चिंताओं से अवगत कराया तो सरोजनीनगर विधायक ने सीएम योगी को पत्र लिखकर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की सामाजिक सुरक्षा से सम्बंधित कुछ सुझाव भी दिए थे। सीएम योगी को लिखे पत्र के जबाब में समाज कल्याण विभाग ने डॉ.सिंह को कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक आश्वासन भी प्रदान किया। वृद्धाश्रमों में रह रहे प्रदेश के 5641 में से 3615 वृद्धजनों को किसी न किसी योजना से पेंशन मिल रही है, समाज कल्याण विभाग ने बाकी वृद्धजनों के लिए भी पेंशन दिलाए जाने पर सहमति व्यक्त की। वृद्धाश्रम में रह रहे 471 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बने हैं, बाकी सबके आयुष्मान कार्ड व आवश्यकता अनुसार BPL कार्ड बनवाने की सहमति ही प्रदान की। वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों के तीर्थाटन हेतु भी समाज कल्याण विभाग ने सहमति प्रदान की है।

पितृ पक्ष के अवसर पर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के बीच पहुंचे डॉ. सिंह का मानना है कि वृद्धजनों की सेवा और उनके प्रति श्रद्धाभाव ही पितरों की सच्ची श्राद्ध है, मेरे लिए वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का आशीर्वाद अमूल्य है। इस दौरान वृद्धाश्रम के संस्थापक डॉ. सुशील चंद्र त्रिवेदी, मुख्य व्यवस्थापक कीर्तिवर्धन बाजपेई, प्रबंधक शैलेंद्री देवी, व्यवस्थापक कुलदीप त्रिवेदी, ज़िला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता शिव शंकर सिंह ‘शंकरी’, मंडल अध्यक्ष के.के.श्रीवास्तव, रीना त्रिपाठी एवं आशीष सिंह सेंगर मौजूद रहे।

भाजपा सदस्यता कैंप में पहुंचे डॉ.राजेश्वर, कार्यकर्ताओं में बढ़ाया जोश

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृहस्पतिवार को भाजपा बूथ संख्या 540 के अंतर्गत डिप्टीगंज में आयोजित विशेष सदस्यता अभियान शिविर में सहभागिता कर कार्यकर्ताओं में जोश का संचार किया। इस दौरान डॉ. सिंह ने युवाओं को उज्जवल भविष्य के लिए भाजपा से जुड़ने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा को फिर से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का संकल्प लिया।

इस दौरान उपस्थित कार्यकार्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ.सिंह ने कहा कि राष्ट्र प्रथम भाजपा की विचारधारा है, देश की अखंडता भाजपा का मूल मंत्र और भावी पीढ़ी का उज्जवल भविष्य भाजपा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लागातार देश – प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए प्रयासरत हैं, जिसके परिणामस्वरुप भारत 11वीं से 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना, आज उत्तर प्रदेश में शान्ति है, लखनऊ और पूरे उत्तर प्रदेश में निवेश के नए द्वार खुले हैं। भाजपा के कारण ही हमारी पहचान है, भाजपा को अजेय-अभेद पार्टी के रूप में स्थापित करना हम सभी का लक्ष्य है।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहित तिवारी, पार्षद बृज मोहन शर्मा, कार्यक्रम संयोजक अमित कुमार, उदय प्रताप सिंह, प्रसन्नजीत कुमार, सतगुरु शरण रावत, शैलेन्द्र सिंह, मंजू सिंह, अमन सिंह चौहान, प्रमोद कुमार सिंह, अरुण कुमार द्विवेदी, अशोक सिंह, गौरव अवस्थी, राज कुमार पाल, महेश विश्वकर्मा, शिव कुमार लोधी, शिव कुमार सिंह, मुकेश सिंह, मुकेश यादव, श्यामू रावत, रमेश जायसवाल, सुमन सिंह, रबी नारायण त्रिपाठी, प्रकाश सिंह बिष्ट, नवनीत तिवारी एवं अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

स्वच्छता ही सेवा- 2024: अनुरागिनी संस्था ने कालपी में किया स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन

कालपी, जालौन: अनुरागिनी संस्था द्वारा आयोजित “स्वच्छता ही सेवा 2024” अभियान के अंतर्गत कालपी के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में एक सफल स्वच्छता अभियान संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में स्थानीय समुदाय, स्वयंसेवकों और संस्था के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।

सूर्य मंदिर में हुआ स्वच्छता अभियान

सूर्य मंदिर, जो कालपी की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के रूप में प्रतिष्ठित है, स्वच्छता अभियान के लिए चयनित स्थल था। अनुरागिनी संस्था के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सिर्फ मंदिर की सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके जरिए लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित रखने का भी प्रयास था।

डॉ. प्रवीण सिंह जादौन का संदेश

अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने इस मौके पर कहा, “स्वच्छता केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। सूर्य मंदिर जैसे पवित्र और ऐतिहासिक स्थलों की स्वच्छता न केवल पर्यावरण की रक्षा करती है, बल्कि हमारे सांस्कृतिक मूल्यों को भी संजोए रखने में मदद करती है।”

स्थानीय संगठनों का समर्थन

इस अभियान में क्रय विक्रय सहकारी समिति कालपी के उप सभापति उदय प्रताप सिंह ने संस्था की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में स्वच्छता और जागरूकता का संदेश फैलाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। वहीं, जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार जालौन के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ने इस प्रकार के अभियानों को नियमित रूप से जारी रखने पर जोर दिया।

प्रतिभागियों की सक्रिय भूमिका

स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाया। इसके साथ ही, स्वच्छता के महत्व पर चर्चा की गई और स्थानीय नागरिकों को अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। प्रमुख रूप से सुबोध द्विवेदी, सौरभ शर्मा, जितेंद्र पांडेय, हर्षित खन्ना, संदीप पाल, रमाकांत तिवारी, सचित त्रिपाठी, नितिन सैनी, प्रद्युम्न सिंह, अभिषेक परिहार, और जाहर सिंह ने इस अभियान में भाग लिया।

जितेंद्र पांडेय का धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम के अंत में, अनुरागिनी संस्था की ओर से जितेंद्र पांडेय ने सभी स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से स्वच्छता और जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

अनुरागिनी संस्था का यह स्वच्छता अभियान न केवल सूर्य मंदिर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के लिए महत्वपूर्ण था, बल्कि इसने लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी काम किया। यह पहल समाज में स्वच्छता और स्वास्थ के प्रति एक मजबूत संदेश देती है।


लखनऊ: केजीएमयू में बी.ई.एस.टी.का शुभारंभ

लखनऊ: किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ने आज KGMU B.E.S.T (प्रशिक्षण के माध्यम से आवश्यक कौशल का निर्माण) एक कौशल और कृत्रिम वास्तविक आधारित शिक्षा प्लेटफ़ॉर्म लॉन्च किया है। यह प्लेटफ़ॉर्म अत्याधुनिक सिमुलेशन (कृत्रिम वास्तविक) तकनीक को एकीकृत करके सीखने के अनुभव को बढ़ाने के लिए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य व्यावहारिक कौशल विकास, सैद्धांतिक ज्ञान और वास्तविक दुनिया के नैदानिक अभ्यास के बीच अंतर को कम करना है।

किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो०सोनिया नित्यानंद द्वारा KGMU B.E.S.T (कौशल-आधारित मूल्य-वर्धित पाठ्यक्रम) का उद्घाटन किया गया। उक्त कार्यक्रम 26-27 सितंबर 2024 को लेर्डल मेडिकल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सिमुलेशन-आधारित शिक्षा का उपयोग करके कौशल प्रशिक्षण प्रदर्शित करने के लिए एक आदर्श आधार होगा। पहली कौशल कार्यशाला के लिए एमबीबीएस अंतिम वर्ष के 40 छात्रों को नामांकित किया गया था। आयोजन समिति के प्रयास की सराहना करते हुए, माननीय कुलपति महोदया ने एक सक्षम और आत्मविश्वासी मेडिकल स्नातक के विकास के लिए कौशल और सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम की आयोजक डॉ.अंजू अग्रवाल ने कहा कि भविष्य में ऐसे और भी कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। डॉ.अमिता पांडे एचओडी मेडिकल एजुकेशन और कार्यक्रम की सम्मानित अतिथि ने कहा कि मॉडलों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण मेडिकल छात्रों के कौशल को बढ़ाने का एक अच्छा तरीका है। कार्यक्रम की आयोजन सचिव डॉ.रिदिम ने चिकित्सा शिक्षा के लिए अपना समर्थन देने के लिए लैडरल कंपनी की टीम को धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम से एमबीबीएस पाठ्यक्रम की मूल्यवृद्धि होती है। कार्यक्रम के आयोजन में प्रो अक्षय आनंद (सर्जरी विभाग) एवम प्रो शुचि त्रिपाठी (प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. हिमांशु महाजन, श्री करमवीर और डॉ. अरुण ने लार्डल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधित्व किया और छात्रों को प्रशिक्षित किया। छात्रों को चार पाठ्यक्रमों (रूट्स ऑफ ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, IV थेरेपी, यूरिनरी कैथीटेराइजेशन और नासोगैस्ट्रिक ट्यूब) में नौ प्रमाणित कौशल पर प्रशिक्षित किया जाएगा। पाठ्यक्रम शिक्षण में सॉफ्टवेयर प्रौद्योगिकी का उपयोग करके रिकॉर्ड किए गए वीडियो के माध्यम से कौशल प्रदर्शन, सहकर्मी अभ्यास और रचनात्मक मूल्यांकन को सम्मिलित किया गया।

LUCKNOW: मंडलायुक्त डॉ.रोशन जैकब की अध्यक्षता में IGRS और सीएम डैशबोर्ड से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

लखनऊ, 26 सितंबर 2024: लखनऊ मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में IGRS (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) और सीएम डैशबोर्ड से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन आयुक्त सभागार कार्यालय में किया गया। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन राधेश्याम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मंडलायुक्त ने बैठक के दौरान IGRS पोर्टल पर लंबित शिकायतों और मुख्यमंत्री संदर्भों के तहत ऑनलाइन प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।

IGRS पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

मंडलायुक्त ने कहा कि IGRS प्रकरणों में शिथिलता से जनपद की रैंकिंग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विभागों की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, निस्तारित शिकायतों के बाद शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेने की प्रक्रिया को भी अनिवार्य बताया गया है।

राजस्व वसूली पर ध्यान व प्रमुख योजनाओं की समीक्षा

मंडलायुक्त ने राजस्व वसूली के लक्ष्यों पर भी चर्चा की और अधिकारियों से कहा कि वे कार्ययोजना बनाकर लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी विभाग अपनी रैंकिंग में सुधार लाने पर ध्यान दें और जिन योजनाओं की प्रगति धीमी है, उन्हें तेजी से क्रियान्वित करें।

बैठक में मंडलायुक्त ने आवास विभाग, मुख्यमंत्री कृषक योजना, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, खाद्य एवं रसद विभाग, और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निस्तारण शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि योजनाओं की प्रगति में सुधार हो सके।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने सभी अधिकारियों को लंबित शिकायतों और प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि IGRS पोर्टल की कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।