HomeDaily News171 सप्ताह से जनसेवा का संकल्प: "आपका विधायक-आपके द्वार" अभियान के तहत...

171 सप्ताह से जनसेवा का संकल्प: “आपका विधायक-आपके द्वार” अभियान के तहत सरोजनीनगर विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह लगातार सुन रहे ग्रामीणों की समस्याएं; गांव-गांव पहुंच रही जनसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं के सशक्तिकरण पर विशेष फोकस

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विधायक द्वारा संचालित लोकप्रिय जनसंपर्क अभियान “आपका विधायक, आपके द्वार” का 171वां संस्करण अर्जुनगंज मंडल के ग्राम घुसवल कलां में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें विधायक के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान उनके घर और गांव में ही सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास उनकी जनसेवा का प्रमुख आधार है।

31 जनआवेदन प्राप्त, 6 मामलों का मौके पर हुआ समाधान

कार्यक्रम के दौरान कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, हैंडपंप, सड़क एवं नाली निर्माण, पार्क निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण, स्कूल सौंदर्यीकरण तथा कॉलोनी की सफाई जैसी जनहित की मांगें शामिल थीं।

प्राप्त आवेदनों में 5 वृद्धा पेंशन, 6 विधवा पेंशन, 6 आयुष्मान कार्ड, 3 राशन कार्ड, 2 सड़क एवं नाली निर्माण, 2 स्कूल सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्यों से संबंधित मांगें शामिल रहीं। इनमें से 6 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनवाकर आवेदनों का तत्काल निस्तारण किया गया, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास देखने को मिला।

स्वास्थ्य सेवाओं को गांव तक पहुंचाने की पहल, 88 लोगों का नेत्र परीक्षण

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विज़न प्लस के सहयोग से एक विशेष नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की आंखों की जांच की गई और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।

इस शिविर का लाभ कुल 88 नागरिकों ने प्राप्त किया। जांच के बाद 54 जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की गई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए गठित हुए नए यूथ क्लब

युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें नशे व सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से कार्यक्रम में 185वें बॉयज यूथ क्लब तथा 120वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। बॉयज यूथ क्लब को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट प्रदान की गई, जबकि गर्ल्स यूथ क्लब की बालिकाओं को बैडमिंटन, कैरम और वॉलीबॉल किट वितरित की गईं।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, साइकिल पाकर खिले चेहरे

शिक्षा को प्रोत्साहित करने और प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कक्षा 10 में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अर्थांश साहू, कक्षा 12 में 89 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली अनुष्का यादव, कक्षा 10 में 87 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अथर्व जायसवाल तथा कक्षा 12 में 70.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सुहानी कनौजिया को साइकिल प्रदान की गई।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

तारा शक्ति रसोई के माध्यम से निःशुल्क भोजन की व्यवस्था

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह की महत्वाकांक्षी सामाजिक पहल तारा शक्ति रसोई के तहत जरूरतमंदों एवं आमजन के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने इस सेवा का लाभ उठाया।

विकास और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध है अभियान

कार्यक्रम के अंत में सभी प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। कुल 31 आवेदनों में से 6 का मौके पर समाधान किया गया जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान केवल समस्याएं सुनने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास और संवाद का एक मजबूत माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments