HomeDaily Newsसरोजनीनगर में 11 मार्च को मनाया जाएगा “आभार दिवस”: डॉ.राजेश्वर सिंह की...

सरोजनीनगर में 11 मार्च को मनाया जाएगा “आभार दिवस”: डॉ.राजेश्वर सिंह की जनसेवा के 4 वर्ष पूरा होने पर होगा विशेष कार्यक्रम

  • सरोजनीनगर में जनसेवा के 4 वर्ष पूर्ण होने पर 11 मार्च को विधायक आवास आशियाना में “आभार दिवस” कार्यक्रम आयोजित होगा।
  • कार्यक्रम में RBS Digital Education Centres, Smart Classes और Digital Libraries जैसी शिक्षा से जुड़ी पहल का विस्तार किया जाएगा।
  • महिला सशक्तिकरण के तहत 10 नए तारा शक्ति सिलाई केंद्र स्थापित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल होगी।
  • मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और साइकिल वितरण के साथ “Safe Sarojini Nagar” अभियान के तहत 1000 हेलमेट भी दिए जाएंगे।
  • युवा क्लब, खेल प्रोत्साहन, वृक्षारोपण और जनसंवाद के माध्यम से सरोजनीनगर के विकास का नया रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा।

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 11 मार्च 2026 को “आभार दिवस” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम क्षेत्र की जनता के विश्वास, सहयोग और सहभागिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन 11 मार्च को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विधायक आवास, सेक्टर-K, 950, आशियाना, लखनऊ में किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की शुरुआत तथा विस्तार किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत Ran Bahadur Singh (RBS) Digital Education & Youth Empowerment Centres की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए तीन नए आरबीएस डिजिटल सेंटरों का लोकार्पण किया जाएगा। इन केंद्रों में कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षण और रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सरोजनीनगर क्षेत्र में अब तक 14 आरबीएस डिजिटल सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए “तारा शक्ति सिलाई केंद्र” के अंतर्गत 10 नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इससे पहले स्थापित 162 केंद्रों के माध्यम से 1700 से अधिक सिलाई मशीनें महिलाओं को प्रदान की जा चुकी हैं, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों का विस्तार भी इस कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा होगा। सरोजनीनगर के 43 विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस पहले ही स्थापित की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त अब तक 450 से अधिक कंप्यूटर प्रदान कर 36 कॉलेजों और विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और डिजिटल संसाधनों तक बेहतर पहुंच मिल रही है।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इस अवसर पर 25 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप और 50 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की जाएगी। अब तक सरोजनीनगर क्षेत्र में 1700 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जा चुका है।

सामुदायिक पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) में लाइब्रेरी का विस्तार भी किया जाएगा। इस क्रम में 5 आरडब्ल्यूए को कम्युनिटी लाइब्रेरी प्रदान की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि सरोजनीनगर में अब तक 42 आरडब्ल्यूए में लाइब्रेरी स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे बच्चों, युवाओं और नागरिकों को अध्ययन सामग्री और ज्ञान संसाधनों तक आसान पहुंच मिल रही है।

सड़क सुरक्षा को लेकर “सेफ सरोजनीनगर” अभियान की शुरुआत भी इसी कार्यक्रम के दौरान की जाएगी। इस अभियान के तहत सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए 1000 हेलमेट वितरित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षित यातायात संस्कृति को प्रोत्साहित करना और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 100 वृक्षों का वृक्षारोपण किया जाएगा। यह पहल “नेट जीरो सरोजनीनगर” के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

युवाओं को खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए 10 नए यूथ क्लब भी स्थापित किए जाएंगे और उन्हें खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सरोजनीनगर क्षेत्र में अब तक 282 स्पोर्ट्स क्लबों को खेल सामग्री प्रदान की जा चुकी है, जिससे युवाओं को खेलकूद के माध्यम से सकारात्मक दिशा मिल रही है।

इसके साथ ही कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्र के नागरिकों के साथ जनसंवाद भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सरोजनीनगर के भविष्य के विकास रोडमैप पर चर्चा की जाएगी।

चार वर्षों की यह यात्रा केवल विकास कार्यों की उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के विश्वास, सहयोग और सहभागिता की कहानी भी है। इसी भावना के साथ सरोजनीनगर में शिक्षा को सशक्त, युवाओं को सक्षम, समाज को सुरक्षित और पर्यावरण को संरक्षित बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का लक्ष्य रखा गया है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से सरोजनीनगर को उत्तर प्रदेश का एक आदर्श, विकसित और सशक्त विधानसभा क्षेत्र बनाने के संकल्प को और मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments