
लखनऊ। सरोजनीनगर की धरती आगामी दिसंबर में हनुमंत भक्ति, प्रभु श्रीराम के जयघोष और आध्यात्मिक चेतना से गुंजायमान होने जा रही है। बालाजी की असीम कृपा और प्रभु श्रीराम की भक्ति से सराबोर पांच दिवसीय भव्य श्रीहनुमंत कथा का आयोजन आगामी 21 से 25 दिसंबर 2026 तक लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में किया जाएगा। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों तथा हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पूज्य संत श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी अपने श्रीमुख से श्रीहनुमान जी की महिमा, उनके अद्भुत पराक्रम और प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी अनन्य भक्ति का वर्णन करेंगे। पांचों दिन कथा का आयोजन दोपहर 2 बजे से होगा।
यह आयोजन सरोजनीनगर ही नहीं, बल्कि लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए भी आध्यात्मिक आस्था का एक विशेष अवसर बनने जा रहा है। पांच दिनों तक डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में हनुमंत भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित होगी। बालाजी की महिमा का गुणगान होगा और श्रीराम नाम की गूंज के बीच श्रद्धालुओं को पूज्य संत के सान्निध्य में कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होगा।
हनुमंत चरित्र से मिलेगा सेवा, समर्पण और साहस का संदेश
श्रीहनुमंत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन के उच्च आदर्शों और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर भी होगी। भगवान श्रीहनुमान का जीवन अद्वितीय भक्ति, निःस्वार्थ सेवा, अटूट निष्ठा, अदम्य साहस, विनम्रता और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण है। प्रभु श्रीराम के प्रति हनुमान जी का समर्पण यह संदेश देता है कि सच्ची शक्ति अहंकार में नहीं, बल्कि सेवा, विश्वास और कर्तव्यनिष्ठा में निहित होती है।
कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को हनुमान जी के चरित्र के विभिन्न आध्यात्मिक और प्रेरणादायी प्रसंगों को सुनने का अवसर मिलेगा। आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक चेतना, सकारात्मकता और सामाजिक समरसता को भी नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से सरोजनीनगर को जोड़ रहे डॉ. राजेश्वर सिंह
सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व देते रहे हैं। उनका प्रयास रहा है कि क्षेत्र के लोगों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन और संतों के सान्निध्य का अवसर सुलभ हो तथा नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सनातन मूल्यों से जुड़ सके।
इसी दिशा में उनके प्रयासों से रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन का अवसर मिला है। इसके अतिरिक्त खाटू श्याम यात्रा, सिख श्रद्धालुओं के लिए विमान से स्वर्ण मंदिर, अमृतसर और पाकिस्तान स्थित करतारपुर साहिब के दर्शन की व्यवस्था तथा प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या जैसे आयोजनों के माध्यम से भी क्षेत्रवासियों को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ा गया है।
श्रीहनुमंत कथा का आयोजन इसी धार्मिक और सांस्कृतिक पहल की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को अपने ही क्षेत्र में संतों का सान्निध्य और आध्यात्मिक आयोजनों का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कथा श्रवण के लिए दूर-दराज के धार्मिक स्थलों की यात्रा न करनी पड़े।
बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सौगात बनेगी कथा
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि श्रीहनुमंत कथा का श्रवण श्रद्धालुओं के लिए केवल धार्मिक अनुभव नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा और सकारात्मक दृष्टिकोण देने वाला अवसर होगा। श्रीहनुमान जी का चरित्र हमें सिखाता है कि भक्ति के साथ साहस, शक्ति के साथ विनम्रता और सामर्थ्य के साथ सेवा का भाव होना कितना आवश्यक है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर व्यक्ति अपने भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन, समर्पण और संकल्प की भावना विकसित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को मानसिक शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से ऐसे बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन एक बड़ी सौगात होगा, जो बागेश्वर धाम जाकर पूज्य बाबा की कथा सुनने की इच्छा रखते हैं, लेकिन उम्र अथवा अन्य कारणों से वहां तक पहुंचने में असमर्थ हैं। अब उन्हें सरोजनीनगर में ही पूज्य संत श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से कथा श्रवण करने का अवसर प्राप्त होगा।
21 से 25 दिसंबर तक भक्ति के रंग में रंगेगा सरोजनीनगर
पांच दिवसीय श्रीहनुमंत कथा के आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बनने की उम्मीद है। 21 दिसंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक चलने वाला यह आयोजन सरोजनीनगर को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास के केंद्र में परिवर्तित करेगा। डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से होने वाली कथा में श्रद्धालु पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से हनुमंत चरित्र का श्रवण कर सकेंगे।
बालाजी की शक्ति, हनुमान जी की अनन्य भक्ति और प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पण का संदेश लेकर आ रहा यह आयोजन सरोजनीनगर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक परिदृश्य में एक यादगार अध्याय जोड़ने की तैयारी में है।


































