
सिद्धार्थनगर/लखनऊ : गुणवत्तापूर्ण एवं समान शिक्षा को प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित भारत सरकार के महत्वाकांक्षी पीएम ई-विद्या अभियान के प्रचार-प्रसार में सिद्धार्थनगर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एससीईआरटी, उत्तर प्रदेश द्वारा एनसीईआरटी के केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (CIET) एवं BISAG-N के सहयोग से आयोजित पाँच दिवसीय प्रशिक्षण के बाद जनपद में पीएम ई-विद्या की एडवोकेसी को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है।
जनपद से धर्मेंद्र सिंह, असिस्टेंट टीचर (गणित), शिवपति इंटर कॉलेज, शोहरतगढ़ तथा प्रियंका वर्मा, सहायक अध्यापिका, प्राथमिक विद्यालय फूलपुर, बांसी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में डिजिटल कंटेंट, शैक्षिक वीडियो निर्माण, स्टूडियो प्रस्तुतीकरण, गुणवत्ता मूल्यांकन तथा डिजिटल शिक्षण के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल डिजिटल कंटेंट तैयार करना ही नहीं, बल्कि उसकी पहुँच विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों तक सुनिश्चित करना भी है। पीएम ई-विद्या के माध्यम से विद्यार्थी निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री डीटीएच चैनलों, यूट्यूब और अन्य डिजिटल माध्यमों से प्राप्त कर सकते हैं। इससे कठिन विषयों को समझने, छूटे हुए पाठों की भरपाई और स्व-अध्ययन में विशेष सहायता मिलती है।
अब सिद्धार्थनगर में विद्यालय स्तर पर शिक्षक अभिमुखीकरण, अभिभावक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पीएम ई-विद्या के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस राष्ट्रीय डिजिटल शिक्षा अभियान से लाभान्वित हो सकें।


































