HomeDaily Newsकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NSA अजीत डोभाल को 'लोकमान्य तिलक...

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NSA अजीत डोभाल को ‘लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार-2026’ से किया सम्मानित, युवाओं से राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान

नई दिल्ली/लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) को ‘लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर अजीत डोभाल ने राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय सुरक्षा और युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखते हुए देशवासियों, विशेषकर युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।अपने संबोधन में अजीत डोभाल ने कहा कि हर भारतीय, विशेषकर युवाओं को लोकमान्य तिलक के राष्ट्र निर्माण के विचारों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि लोकमान्य तिलक ने देश के युवाओं और आम जनता में नई चेतना, आत्मविश्वास और पौरुष का संचार किया था।उन्होंने युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा यह निश्चय करे कि वह भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र बनाकर रहेगा। डोभाल ने कहा कि जब तक समाज में राष्ट्रभाव नहीं जागेगा, तब तक राष्ट्र निर्माण, राष्ट्र विकास और राष्ट्र सुरक्षा का लक्ष्य पूरी तरह हासिल नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, “अगर कोई रास्ता राष्ट्रहित में नहीं है, तो वह मेरे हित में भी नहीं है। चाहे उसमें मेरा निजी लाभ हो, मेरे वर्ग, गांव या जाति का फायदा हो, लेकिन यदि वह राष्ट्रहित के अनुकूल नहीं है, तो वह मेरे हित में भी नहीं हो सकता।”अजीत डोभाल ने कहा कि आज भी भारत को बाहरी और आंतरिक दोनों प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। भारत की तेज़ी से बढ़ती शक्ति और विकास कई देशों तथा विभिन्न हित समूहों के लिए चुनौती है, इसलिए इन चुनौतियों का मजबूती से सामना करना होगा।

उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि वे हर निर्णय और हर कार्य में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश को ऐसा नेतृत्व और अनुकूल वातावरण मिला है, जिसके बल पर भारत स्वयं को और अधिक शक्तिशाली बना सकता है।अपने संबोधन में डोभाल ने केंद्रीय गृह मंत्री की देशहित के प्रति प्रतिबद्धता, दृढ़ता और स्पष्ट दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अमित शाह ने देश के लिए जो कार्य किए हैं, वे भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments