HomeDaily Newsराज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना सहकारिता क्षेत्र में उत्तरप्रदेश के लिए मील...

राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना सहकारिता क्षेत्र में उत्तरप्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगी : डॉ. प्रवीण सिंह जादौन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रदेश के पहले राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति प्रदान किए जाने पर उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ, लखनऊ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने हर्ष व्यक्त किया है।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना उत्तर प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र के विकास, विस्तार एवं आधुनिकीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह संस्थान प्रदेश के सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा तथा सहकारिता व्यवस्था को अधिक सक्षम, आधुनिक और रोजगारपरक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डॉ. जादौन ने कहा कि लखनऊ के रहमान खेड़ा में स्थापित होने वाला यह संस्थान युवाओं को सहकारिता के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर क्राइम, कंप्यूटर मार्केटिंग एवं बैंकिंग जैसे आधुनिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का संचालन युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं एवं रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि गुजरात स्थित त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय से संबद्धता के माध्यम से संस्थान को उच्च स्तरीय शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं सहकारिता क्षेत्र की विशेषज्ञता का लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश के सहकारी बैंकों, सहकारी समितियों एवं अन्य सहकारी संस्थाओं को प्रशिक्षित, तकनीकी रूप से दक्ष एवं कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि वर्तमान समय में सहकारिता क्षेत्र में तकनीकी दक्षता, प्रबंधन कौशल एवं आधुनिक कार्यप्रणाली की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना युवाओं को सहकारिता क्षेत्र से जोड़ने के साथ-साथ इस क्षेत्र में नई प्रतिभाओं और नवाचार को प्रोत्साहित करेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महाविद्यालय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगा तथा सहकारिता को शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त सहकारी व्यवस्था के निर्माण में अहम योगदान देगा।

डॉ. जादौन ने कहा कि राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना उत्तर प्रदेश में सहकारिता के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। यह पहल प्रदेश के सहकारी आंदोलन को नई पहचान देने के साथ-साथ सहकारिता के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास, आर्थिक सशक्तीकरण और रोजगार सृजन के नए रास्ते खोलेगी। आने वाले समय में यह संस्थान उत्तर प्रदेश के सहकारी क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments