बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल एक बार फिर चर्चा में हैं। अभिनेता धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा पिछले करीब 25 साल से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। भले ही उन्हें अपने माता-पिता जैसी कामयाबी नहीं मिली, लेकिन उन्होंने लगातार फिल्मों में काम किया है और अब भी उनका अभिनय का सफर जारी है। जल्द ही वह फिल्म ‘प्रताप’ में नजर आने वाली हैं। इसी बीच एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने व्यक्तित्व को लेकर खुलकर बात की और उन लोगों को जवाब दिया, जो उन्हें घमंडी या एटीट्यूड वाली समझते हैं।
घमंडी कहे जाने पर ईशा देओल ने क्या कहा?
ईशा देओल ने अपनी आगामी फिल्म ‘प्रताप’ के सह-कलाकार अमित साध के साथ एक इंटरव्यू में हिस्सा लिया। बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उनके बेबाक और सीधे स्वभाव को लोगों ने कई बार एटीट्यूड की समस्या समझ लिया?
इस सवाल पर ईशा ने बताया कि उनके साथ ऐसा अक्सर हुआ है। खासकर करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें इस तरह की टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि उस समय कई मैगजीन में उनके बारे में लिखा जाता था कि वह बहुत घमंडी हैं।
ईशा के मुताबिक, जो लोग उन्हें करीब से जानते हैं, वे उनके असली स्वभाव से अच्छी तरह परिचित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कुछ लोग उन्हें घमंडी समझते हैं, तो इससे उन्हें एक तरह का फायदा ही हुआ है। ऐसे लोग उनसे बातचीत करने की कोशिश नहीं करते, जिससे उन्हें अपनी निजी जिंदगी में स्पेस मिल जाता है।
अमित साध ने भी की ईशा के स्वभाव की तारीफ
इंटरव्यू के दौरान अमित साध ने भी ईशा देओल के व्यक्तित्व पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि ईशा का स्वभाव सीधा-सादा है, लेकिन उनका व्यक्तित्व काफी जोशीला है। अमित के अनुसार, ईशा को हर बार राजनीतिक रूप से सही जवाब देने की जरूरत महसूस नहीं होती। वह अपनी बात शालीनता के साथ रखती हैं।
इस पर ईशा ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि वह जैसी हैं, वैसी ही हैं। उनके बयान से साफ है कि वह अपने स्वभाव को लेकर किसी तरह का दिखावा करना पसंद नहीं करतीं।
फिल्म ‘प्रताप’ में इस किरदार में दिखेंगी ईशा
ईशा देओल जल्द ही फिल्म ‘प्रताप’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह पूनम रानाडे का किरदार निभा रही हैं। वहीं अमित साध उनके पति प्रताप रानाडे की भूमिका में दिखाई देंगे, जो एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट है।
फिल्म में तिग्मांशु धूलिया, मिलिंद गुणाजी और सीमा बिस्वास जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी सचिन सराफ ने लिखी है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही संभाली है।
20 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘प्रताप’ एक्शन, ड्रामा और थ्रिलर से भरपूर फिल्म बताई जा रही है। फिल्म की रिलीज डेट 20 नवंबर तय की गई है। ईशा देओल और अमित साध की जोड़ी को इस फिल्म में पहली बार किस तरह के अंदाज में देखा जाएगा, इसको लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता है।


































