HomeDaily Newsमतदान से दूरी लोकतंत्र में आपकी आवाज़ को कमजोर करती है: डॉ....

मतदान से दूरी लोकतंत्र में आपकी आवाज़ को कमजोर करती है: डॉ. राजेश्वर सिंह

  • सरोजनीनगर में 100 से अधिक RWA अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक
  • सभी 150 आरडब्ल्यूए को स्पोर्ट्स किट देने की घोषणा
  • ओपन जिम, लाइब्रेरी और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर जोर

लखनऊ : सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने शहरी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील की। उनके द्वारा आयोजित बैठक में 100 से अधिक रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि मतदान से दूरी लोकतंत्र और नीति-निर्माण में अपनी आवाज को कमजोर करने के समान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।

बैठक में शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर की सभी 150 आरडब्ल्यूए को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने की घोषणा की।

सभी 150 आरडब्ल्यूए को स्पोर्ट्स किट, खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक जीवन को बेहतर बनाने और नागरिकों को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने के लिए खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष अंतर-आरडब्ल्यूए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विभिन्न सोसाइटियों के निवासियों को खेलों में सहभागिता करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक आरडब्ल्यूए में ओपन जिम, लाइब्रेरी और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। इन सुविधाओं से शहरी क्षेत्रों में नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर होगी और सामुदायिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

पर्यावरण संरक्षण के लिए वर्षा जल संचयन और सोलर पैनल लगाने की अपील

बैठक में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ शहरी विकास पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपनी-अपनी सोसाइटियों में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था अपनाने तथा सोलर पैनल स्थापित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। शहरी नागरिकों और आवासीय सोसाइटियों की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है। सौर ऊर्जा के उपयोग से ऊर्जा की बचत के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।

शहरी मतदाताओं की भागीदारी नीति-निर्माण के लिए जरूरी

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मतदान केवल सरकार चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को देश की नीतियों और भविष्य की दिशा निर्धारित करने में भागीदारी का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण, शहरी विकास, रक्षा एवं विदेश नीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी दूरगामी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहरी मतदाताओं को इन विषयों पर अपनी लोकतांत्रिक राय व्यक्त करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), पेंशन और सब्सिडी जैसे मुद्दे अधिक प्रमुख हो सकते हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की प्राथमिकताएं अलग हो सकती हैं। ऐसे में बजट और नीति-निर्माण की प्रक्रिया में शहरों सहित सभी क्षेत्रों की आवाज का उचित प्रतिनिधित्व आवश्यक है।

RWA परिसरों में लगेगी ‘I Voted’ सेल्फी वॉल

मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए डॉ. राजेश्वर सिंह ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपने-अपने परिसरों में “I Voted” सेल्फी वॉल लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से निवासियों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा सकता है और मतदान दिवस को केवल छुट्टी मनाने के दिन के बजाय लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने के अवसर के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

उन्होंने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करें।

भारत में सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार लोकतंत्र की मजबूत नींव

मताधिकार के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ब्रिटेन में महिलाओं को पुरुषों के समान मताधिकार वर्ष 1928 में प्राप्त हुआ, जबकि भारत ने संविधान लागू होने के साथ ही सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की व्यवस्था अपनाई। देश में पहले आम चुनाव 1951-52 में आयोजित हुए।

उन्होंने कहा, “भारत ने प्रत्येक वयस्क नागरिक को लोकतंत्र में भागीदारी का अधिकार दिया। हमारा कर्तव्य है कि हम उस अधिकार का सम्मान करें और मतदान अवश्य करें।”

डॉ. सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति नागरिकों की सक्रिय भागीदारी में निहित है। मतदान के माध्यम से ही नागरिक अपनी प्राथमिकताओं, अपेक्षाओं और विचारों को लोकतांत्रिक व्यवस्था तक पहुंचाते हैं।

बैठक के समापन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी आरडब्ल्यूए अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों से लोकतांत्रिक जागरूकता अभियान को व्यापक बनाने, नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने और शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सहयोग देने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments