
अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस का 9 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर भगवान रामलला के दर्शन-पूजन करेगा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय करेंगे।

कांग्रेस के इस प्रतिनिधिमंडल में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज सांसद उज्जवल रमण सिंह और बाराबंकी सांसद तनुज पूनिया समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अयोध्या पहुंचेगा और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेगा।
राजनीतिक दृष्टि से कांग्रेस नेताओं का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी राजनीतिक गतिविधियों के बीच अयोध्या में कांग्रेस के इस कार्यक्रम पर सभी दलों की नजर बनी हुई है।


































