बॉलीवुड एक्ट्रेस Rakul Preet Singh और उनके पति Jackky Bhagnani हाल ही में अपने रिश्ते को लेकर दिए एक बयान की वजह से चर्चा में आ गए। एक इंटरव्यू के दौरान ‘सिचुएशनशिप’ शब्द के इस्तेमाल के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं और मामला तेजी से वायरल हो गया।
दरअसल, बातचीत के दौरान जैकी भगनानी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि वे शादीशुदा जरूर हैं, लेकिन उनकी केमिस्ट्री किसी “सिचुएशनशिप” जैसी लगती है। इस एक लाइन को लेकर इंटरनेट पर बहस छिड़ गई और लोगों ने इसे अलग-अलग तरीके से समझना शुरू कर दिया।
अब इस पूरे मामले पर रकुल प्रीत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि लंबी बातचीत में से सिर्फ एक लाइन को उठाकर हेडलाइन बना देना सही नहीं है। उन्होंने लिखा कि किसी भी बात को सही तरीके से समझने के लिए उसका पूरा संदर्भ और गहराई जरूरी होती है। रकुल ने यह भी कहा कि इस तरह की अधूरी प्रस्तुति कभी-कभी मजेदार लग सकती है, लेकिन हर बार ऐसा होना ठीक नहीं है।
रकुल ने इशारों-इशारों में यह भी कहा कि कंटेंट पेश करने वाले प्लेटफॉर्म्स को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए, क्योंकि उनके जरिए ही लोगों तक कहानियां और नैरेटिव पहुंचते हैं।
वहीं, जैकी भगनानी ने भी अपने बयान में साफ किया था कि वे दोनों अपने रिश्ते में पूरी तरह कमिटेड हैं। उन्होंने कहा कि उनके रिश्ते की सबसे खास बात यह है कि वे एक-दूसरे से हर बात खुलकर शेयर कर सकते हैं और एक-दूसरे को समझते हैं। दोनों का मानना है कि रिश्ते में स्पेस और समझदारी उतनी ही जरूरी है जितनी नजदीकी।
रकुल ने भी इस सोच का समर्थन करते हुए कहा कि उनका रिश्ता एक-दूसरे पर निर्भर रहने वाला नहीं है, बल्कि दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में खुश रहते हुए एक-दूसरे का साथ देते हैं। वे छोटी-छोटी बातों में उलझने के बजाय जीवन की अहम चीजों पर ध्यान देना पसंद करते हैं।
गौरतलब है कि रकुल और जैकी ने करीब तीन साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 21 फरवरी 2024 को गोवा में शादी की थी। उनकी शादी में सिख और सिंधी दोनों परंपराओं की झलक देखने को मिली थी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रकुल प्रीत सिंह अपनी आने वाली फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ को लेकर व्यस्त हैं, जो 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


































