HomeDaily Newsलखनऊ के सरोजनीनगर में राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ :...

लखनऊ के सरोजनीनगर में राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ : विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं को दिया अनुशासन और टीमवर्क का संदेश

लखनऊ : सरोजनीनगर क्षेत्र में सैनिक वॉलीबॉल क्लब द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सरोजनीनगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों और उपस्थित युवाओं को संबोधित किया तथा खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान हमें जीवन की कई महत्वपूर्ण सीख देता है। यहां यह समझ में आता है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि नियमित अभ्यास, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प के माध्यम से ही जीत हासिल की जा सकती है।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “नियमित अभ्यास, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प से ही जीत मिलती है। खेल हमें यह भी सिखाते हैं कि कोई व्यक्ति अकेले नहीं जीतता, बल्कि पूरी टीम मिलकर जीत हासिल करती है। जीवन में भी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और कठोर परिश्रम से ही बड़ी उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं।” उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर उनमें सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक श्यामेंद्र सिंह चौहान एवं विष्णु प्रताप सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का प्रेरणादायक मंच प्रदान करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के रूप में ₹1 लाख की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान सरोजनीनगर के अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी और सैनिक वॉलीबॉल क्लब के प्रिय सदस्य स्वर्गीय अर्पित त्रिवेदी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डॉ. राजेश्वर सिंह ने उनकी स्मृति को नमन करते हुए उनके परिवार को ₹1 लाख की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस दौरान उनके पिता श्री अवधेश त्रिवेदी की उपस्थिति ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और सभी ने अर्पित की स्मृतियों को याद किया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि भारत के महान खिलाड़ियों जैसे मेजर ध्यानचंद, मिल्खा सिंह और नीरज चोपड़ा ने दुनिया को यह दिखाया है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर भारतीय युवा विश्व मंच पर अपना परचम लहरा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल को केवल जीत या हार के दृष्टिकोण से न देखें, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और देश के गौरव के लिए खेलें।

उन्होंने कहा कि यदि युवा खेल को अपने जीवन का हिस्सा बना लें तो इससे न केवल उनका शारीरिक और मानसिक विकास होगा, बल्कि एक स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान शिव शंकर सिंह “शंकरी”, पार्षद गीता देवी, पार्षद प्रतिनिधि संजय गुप्ता, शिव कुमार सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह “मोनू”, अवधेश त्रिवेदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बक्श सिंह, अंकित त्रिवेदी, अमन शुक्ला, अतुल यादव, अनुराग सिंह तथा राहुल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments