
आशियाना स्थित विधायक आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन
हजारों क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा
करीब तीन घंटे तक लोगों के साथ रंग-गुलाल में रमे डॉ. राजेश्वर सिंह
भारत को विश्व की अग्रणी महाशक्ति बनाने का लिया संकल्प
सरोजनीनगर की एकता, विश्वास और अपनापन हमारी सबसे बड़ी ताकत : विधायक

लखनऊ (आशियाना)। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आशियाना स्थित आवास पर आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में क्षेत्रवासियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का उत्साहपूर्ण और स्नेहपूर्ण आगमन हुआ। समारोह में हजारों लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित रहे और करीब तीन घंटे तक क्षेत्रवासियों के साथ होली के रंगों में सराबोर रहे। उन्होंने सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि सरोजनीनगर परिवार आपसी विश्वास और प्रेम की मजबूत डोर से जुड़ा हुआ है। यही सामाजिक एकता इस क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
होली हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक

डॉ. राजेश्वर सिंह ने होली के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और विविधता में एकता का प्रतीक है। जिस प्रकार अलग-अलग रंग मिलकर होली के उत्सव को सुंदर बनाते हैं, उसी प्रकार भारत की विविधता ही इसकी असली शक्ति है।
उन्होंने कहा कि भारत की यही सांस्कृतिक शक्ति और सामाजिक एकता देश को विश्व में विशिष्ट पहचान दिलाती है।
विश्व में शांति और सौहार्द का संदेश देता भारत

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और असुरक्षा का वातावरण दिखाई देता है, लेकिन भारत में उत्सव, सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का माहौल हमारे मजबूत सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को दर्शाता है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशियों के नए रंग लेकर आए और देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
राष्ट्र निर्माण का संकल्प भी है होली

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि होली का यह पावन पर्व केवल उत्सव का ही नहीं बल्कि संकल्प का भी दिन है। हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सभी मिलकर अपने राष्ट्र को और अधिक मजबूत बनाएंगे और भारत को विश्व की अग्रणी महाशक्ति बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर क्षेत्र के लोगों का आपसी अपनापन, विश्वास और मुस्कुराहट ही इस क्षेत्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जो समाज को जोड़ने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
“भारत माता की जय” के जयघोष से गूंजा समारोह

कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में “भारत माता की जय” और “हर हर महादेव” के जयघोष लगाए और राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


































