HomeDaily Newsसरोजनी नगर विधायक की जनसेवा पहल: डॉ. राजेश्वर सिंह ने 5 मातृशक्तियों...

सरोजनी नगर विधायक की जनसेवा पहल: डॉ. राजेश्वर सिंह ने 5 मातृशक्तियों को ₹1-1 लाख की एफडी प्रदान की, महिला स्वावलंबन अभियान के तहत 5 नये सिलाई केंद्रों के साथ अब तक 180 “तारा शक्ति सिलाई केन्द्र” स्थापित

आशियाना, लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि किसी परिवार के जीवन में आत्मविश्वास, सुरक्षा और नए भविष्य का संचार करना है। इसी भावना के साथ गुरुवार को विधायक कार्यालय, पराग चौराहा, आशियाना में आयोजित जनसंवाद एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर बेहटा निवासी शांति गौतम, सहिजनपुर निवासी मंजुला रावत जी, रहीमनगर पडियाना निवासी जया पांडेय, बादेखेड़ा निवासी पंचवटी श्रीवास्तव एवं शिवरी निवासी लक्ष्मी सिंह को उनके परिवार के भरण-पोषण एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु ₹1-1 लाख की एफडी प्रदान की गई।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि समाज के जरूरतमंद परिवारों तक सम्मान और संवेदना के साथ सहयोग पहुंचाना उनका निरंतर प्रयास है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी CSR पहल के अंतर्गत दिवंगत अधिवक्ताओं की 10 धर्मपत्नियों को ₹1-1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके परिवारों को संबल देने का कार्य किया जा चुका है।

कार्यक्रम के दौरान महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में 5 नए “तारा शक्ति सिलाई केन्द्रों” का भी लोकार्पण किया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि 16 अक्टूबर 2022 को 4 “तारा शक्ति सिलाई केन्द्रों” की स्थापना के साथ प्रारंभ हुआ यह अभियान आज एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। 5 नए केन्द्रों के शुभारंभ के साथ अब तक कुल 180 “तारा शक्ति सिलाई केन्द्र” स्थापित किए जा चुके हैं, जो हजारों महिलाओं को कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं सम्मानजनक आजीविका से जोड़ रहे हैं।

आज लोकार्पित किए गए केंद्रों में खुर्रमपुर की संचालिका रेशमी रावत, आज़ादनगर अमौसी की संचालिका रेनू वर्मा, डूडा कॉलोनी की संचालिका उर्मिला सिंह, सरोसा गांव की संचालिका प्रिया लोधी एवं कल्लीपूरब की संचालिका मीना सिंह शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर 7 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इस प्रकार कुल 35 सिलाई मशीनों का वितरण किया गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मातृशक्ति को कौशल, सम्मान और स्वावलंबन से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें आत्मविश्वास एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने सभी परिवारों के सुख, सुरक्षा एवं समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों के सहयोग का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments