
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मानवता और जनसेवा का परिचय देते हुए मल्टीपल मायलोमा कैंसर से जूझ रही एक महिला के इलाज के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की है। विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में गंभीर बीमारी से पीड़ित महिला के उपचार हेतु मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से मदद दिलाने का अनुरोध किया गया है।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने पत्र में बताया कि इंदिरा नगर, लखनऊ निवासी social media influencer मनीष चंद्र की माता श्रीमती राजेश्वरी मल्टीपल मायलोमा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उनका उपचार लखनऊ स्थित मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा है। चिकित्सकों द्वारा इलाज में लगभग 16 लाख 44 हजार 300 रुपये खर्च आने का अनुमान बताया गया है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह इस भारी भरकम खर्च को वहन कर सके।
पत्र में विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मरीज के उपचार को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से आर्थिक सहायता स्वीकृत की जाए, ताकि समय पर इलाज संभव हो सके और पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।
डॉ. राजेश्वर सिंह लगातार अपने क्षेत्र में जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पहले भी वे गरीब, बीमार और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए शासन स्तर तक पैरवी करते रहे हैं। विधायक की इस पहल को मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा बड़ा कदम माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे परिवारों के लिए जनप्रतिनिधियों का इस तरह आगे आना समाज में सकारात्मक संदेश देता है। अब पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री स्तर से शीघ्र सहायता मिल सकेगी और मरीज का बेहतर इलाज जारी रह पाएगा।


































