HomeLucknowसरोजनीनगर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नई शाखा का उद्घाटन : डॉ....

सरोजनीनगर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नई शाखा का उद्घाटन : डॉ. राजेश्वर सिंह बोले- बैंक अर्थव्यवस्था की वित्तीय रीढ़

लखनऊ : सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोमवार को वृंदावन योजना सेक्टर-4 स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नई शाखा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी देश की आर्थिक प्रगति का आधार उसकी मजबूत बैंकिंग व्यवस्था होती है और बैंक देश की अर्थव्यवस्था की वित्तीय रीढ़ हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लोगों की बचत को बैंक निवेश में परिवर्तित करते हैं, जिससे उद्योगों, व्यापार और स्वरोजगार को गति मिलती है तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। उन्होंने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1935 में स्थापित इस बैंक ने लगभग 90 वर्षों की यात्रा में अपनी पारदर्शिता, उत्कृष्ट सेवाओं और जनविश्वास के बल पर देशभर में विशिष्ट पहचान बनाई है।

उन्होंने बताया कि बैंक प्रबंधन द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार बैंक ऑफ महाराष्ट्र का एनपीए (NPA) मात्र 0.13 प्रतिशत है, जो देश में सबसे कम है। उन्होंने इसे बैंक की जिम्मेदार ऋण वितरण नीति, प्रभावी निगरानी और बेहतर रिकवरी व्यवस्था का परिणाम बताते हुए पूरी टीम को बधाई दी।

अपने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुभव साझा करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उन्हें बैंकिंग व्यवस्था को निकट से समझने का अवसर मिला है। बैंक बड़े उद्योगों और उद्यमों को वित्तीय सहायता देकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के लगभग 6.5 लाख करोड़ रुपये के व्यवसाय को उसकी विश्वसनीयता और मजबूत वित्तीय क्षमता का प्रमाण बताया।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत गोविंद सिंह, दीवाकर पांडे, अजय कुमार मौर्य, ममता यादव एवं रिद्धि पाण्डेय को स्वीकृति पत्र वितरित किए और उनके सफल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ग्रीन फाइनेंस को बढ़ावा देने की अपील

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को व्यापक जनआंदोलन बनाया जा रहा है। बढ़ते तापमान, गिरते भूजल स्तर और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने में बैंक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने बैंकों से ग्रीन फाइनेंस को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा, ग्रीन एनर्जी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा सतत विकास से जुड़े उद्योगों और कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर वित्तीय सहायता दी जानी चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश के सतत विकास को भी गति मिलेगी।

समारोह के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र की यह नई शाखा सरोजनीनगर के लिए विकास की नई उपलब्धि साबित होगी। इससे क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार होगा, स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और वित्तीय समावेशन को नई गति प्राप्त होगी।

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री वीरेंद्र तिवारी, जोनल मैनेजर अमित गोयल, डिप्टी जोनल मैनेजर संजू कुमारी, शाखा प्रबंधक माधवी मिश्रा सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी, मंडल अध्यक्ष राजन मिश्रा, पार्षद मनोज रावत, पार्षद संजीव अवस्थी, आमोद कुमार, विनय मिश्रा, शेर अली, आराधना पाण्डेय, निर्मल सिंह, शैलेंद्र सिंह तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments