
लखनऊ । सरोजनीनगर स्थित यूपी सैनिक स्कूल में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर रिकॉर्ड समय में निर्मित लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे का भी लोकार्पण किया गया। समारोह में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहभागिता करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे सरोजनीनगर को औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में टेक्सटाइल हब, औद्योगिक इकाइयों और अन्य निवेश परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार तक बेहतर एवं तेज़ पहुंच उपलब्ध होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एक्सप्रेस-वे सरोजनीनगर को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगा।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधुनिक अवसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति दे रही है तथा लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के विकास का महत्वपूर्ण आधार बनेगा। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सुदृढ़ कानून व्यवस्था और आधुनिक सड़क नेटवर्क उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख निवेश केंद्र बना रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने बताया कि प्रदेश के लिए ₹50,000-60,000 करोड़ की नई सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे औद्योगिक विकास और कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।

समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन देते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय नितिन गडकरी सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर परिवार विकास की इस यात्रा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ता रहेगा।

































