HomeDaily Newsयूपीएसआरटीसी के कर्मचारियों को मिलेगा ₹1 करोड़ तक का बीमा कवर: परिवहन...

यूपीएसआरटीसी के कर्मचारियों को मिलेगा ₹1 करोड़ तक का बीमा कवर: परिवहन निगम बेहतर, सुलभ एवं सुरक्षित यात्रा मुहैया कराने के लिए कटिबद्ध- दयाशंकर सिंह

transport department
  • यूपीएसआरटीसी और इंडियन बैंक ने ₹1 करोड़ के बीमा कवर के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
  • दुर्घटना की स्थिति में बेटी की शादी और बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए ₹10 लाख की सहायता।
  • परिवहन मंत्री ने व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन का शुभारंभ किया।
  • चालकों और परिचालकों को वर्दी के लिए ₹1800 का चेक प्रदान किया गया।
  • कार्यक्रम में परिवहन और बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

लखनऊ, 30 नवंबर 2024: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) और इंडियन बैंक ने आज एक ऐतिहासिक समझौता (एमओयू) किया। इस समझौते के तहत परिवहन निगम के कर्मचारियों को ₹1 करोड़ तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया, जिसमें परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

परिवहन मंत्री ने इस समझौते को परिवहन निगम के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि परिवहन सेवा जोखिमपूर्ण होती है। ऐसे में कर्मचारियों और उनके परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में मृतक कर्मचारी के परिजनों को ₹1 करोड़ तक का बीमा कवर मिलेगा।

कर्मचारियों के लिए बीमा योजना का लाभ

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि इंडियन बैंक द्वारा उपलब्ध कराई गई यह योजना कर्मचारियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाएगी। दुर्घटनाओं के मामलों में बैंक द्वारा टर्म लाइफ पॉलिसी के तहत अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।

  • बेटी की शादी के लिए ₹10 लाख तक की आर्थिक सहायता।
  • बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए ₹10 लाख तक की सहायता।
  • मृत्यु होने पर परिजनों को ₹1 करोड़ तक का बीमा कवर।

मंत्री ने कहा कि यह पहल कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ-साथ उनकी कार्य क्षमता को भी बढ़ाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इंडियन बैंक से जुड़ें और इस योजना का लाभ उठाएं।

व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग और पैनिक बटन की शुरुआत

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री ने व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) और पैनिक बटन की शुरुआत की। इस नई सुविधा के तहत यात्री अब घर बैठे बसों की लोकेशन जान सकेंगे। यह तकनीक यात्रियों को समय पर बस तक पहुंचने में मदद करेगी। इसके अलावा, आकस्मिक स्थिति में पैनिक बटन दबाकर आपातकालीन सेवाएं तुरंत उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

मंत्री ने कहा, “प्रदेश सरकार का प्रयास है कि यात्रियों को सुलभ, बेहतर और सुरक्षित परिवहन सेवाएं मिलें। इस तकनीकी पहल से लोगों को एक सुरक्षित यात्रा का अनुभव होगा।”

चालकों और परिचालकों को वर्दी के लिए आर्थिक सहायता

कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री ने चालकों और परिचालकों को वर्दी के लिए ₹1800 का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वर्दी न केवल कर्मचारियों की पहचान है, बल्कि यह निगम की सकारात्मक छवि को भी मजबूत करती है। उन्होंने यूपीएसआरटीसी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

अत्याधुनिक सेवाओं का विस्तार

परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अत्याधुनिक तकनीक और सेवाओं को अपनाकर परिवहन निगम को बेहतर बनाने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि निगम इतना मजबूत हो जाए कि ब्याज से ही इसके संचालन की व्यवस्था हो सके।”

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपर मुख्य सचिव परिवह एल. वेंकटेश्वर लू, विशेष सचिव परिवहन के.पी.सिंह, प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर, और इंडियन बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments