
लखनऊ : भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती पर राजधानी लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा में टीम राजेश्वर द्वारा व्यापक स्तर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। छह मंडलों के 20 से अधिक स्थानों पर पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में चल रहे “संविधान गौरव अभियान” के तहत क्षेत्र में विकास और जनहित के कई कार्यों की झलक भी देखने को मिली। बाबा साहब की प्रतिमाओं के संरक्षण हेतु 10 प्रमुख स्थानों पर सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए, जिनमें टीनशेड निर्माण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और परिसर विकास शामिल है। इन कार्यों का लोकार्पण अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और सम्मान की भावना और मजबूत हो।

विधायक ने घोषणा की कि आगामी एक वर्ष में 10 और स्थानों पर प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार कराया जाएगा और सभी स्थलों को स्थानीय सहभागिता से प्रेरणास्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित किया गया, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रमों के अंतर्गत खुशहालगंज, अर्जुनगंज, दक्षिण मंडल तृतीय, सरोजनीनगर, बल्दीखेड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित हुईं, जहां हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इन आयोजनों के माध्यम से न केवल बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी गई, बल्कि एक समतामूलक और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प भी मजबूत किया गया।


































