Donald Trump ने भारत और प्रधानमंत्री Narendra Modi को लेकर बड़ा बयान दिया है। नई दिल्ली में आयोजित अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ट्रंप ने फोन पर बातचीत में कहा कि वह भारत से प्यार करते हैं और पीएम मोदी उनके अच्छे दोस्त हैं।
समारोह में मौजूद Marco Rubio और भारत में अमेरिका के राजदूत Sergio Gor के बीच कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सर्जियो गोर ने अचानक ट्रंप को कॉल लगाया और फोन को स्पीकर पर रख दिया। इसके बाद ट्रंप की आवाज सुनते ही समारोह में मौजूद लोग उत्साहित हो गए।
ट्रंप ने भारत और पीएम मोदी की तारीफ की
फोन पर बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “मैं भारत से प्यार करता हूं। मैं सभी को हैलो कहना चाहता हूं। पीएम मोदी महान हैं। वह मेरे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और भारत के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुए हैं। ट्रंप ने भरोसा जताते हुए कहा कि भारत अमेरिका पर पूरी तरह भरोसा कर सकता है और जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क कर सकता है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर पर हैं और भारत जो चाहे हासिल कर सकता है।
मार्को रुबियो की भी की जमकर तारीफ
अमेरिकी राष्ट्रपति ने Marco Rubio की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मार्को रुबियो को अमेरिका के इतिहास के सबसे बेहतरीन विदेश मंत्रियों में याद किया जाएगा।
समारोह में रुबियो ने क्या कहा?
कार्यक्रम के दौरान मार्को रुबियो ने भारत का धन्यवाद करते हुए कहा कि यहां मौजूद होना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कुछ कॉन्ट्रैक्ट संबंधी कारणों की वजह से वह समारोह में प्रस्तुति नहीं दे सकते, लेकिन भविष्य में ऐसा संभव हो सकता है।
नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों की गर्मजोशी एक बार फिर खुलकर देखने को मिली।


































