
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने त्रिवेणी संगम में पावन डुबकी लगाई और मां गंगे की पूजा अर्चना की।
- भगवान महादेव का दूध एवं गंगा जल से अभिषेक किया।
- बड़े हनुमान जी मंदिर में दर्शन किए।
- महाकुम्भ के कुशल संचालन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी।
- मुख्यमंत्री ने राजस्थान मंडप का अवलोकन किया और श्रद्धालुओं से भेंट की।

महाकुम्भनगर, 19 जनवरी— राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार सुबह महाकुम्भ 2025 में त्रिवेणी संगम में स्नान कर पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार देर रात महाकुम्भ मेला क्षेत्र में सेक्टर 7 स्थित राजस्थान पवेलियन पहुंचे। सुबह उन्होंने बोट से त्रिवेणी संगम का अवलोकन किया और त्रिवेणी संगम घाट पर पावन डुबकी लगाई। इसके बाद उन्होंने मां गंगे की पूजा अर्चना की और भगवान महादेव का दूध एवं गंगा जल से अभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने मां गंगे की आरती की और बड़े हनुमान जी के दर्शन भी किए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महाकुम्भ के महाआयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उन्हें इस आयोजन के कुशल संचालन के लिए बधाई दी।
स्वागत और राजस्थान मंडप का अवलोकन
इससे पहले, मुख्यमंत्री शर्मा का शनिवार देर रात प्रयागराज एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ में बने राजस्थान मंडप का अवलोकन किया और राजस्थान के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं से भेंट की।
व्यवस्थाओं पर ध्यान
महाकुम्भ में मुख्यमंत्री के आगमन पर विशेष सुरक्षा और स्वागत की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी।