
लखनऊ। अपनी जड़ों, इतिहास और विरासत को जानने वाली पीढ़ी ही भविष्य का सशक्त निर्माण कर सकती है। इसी विचार को केंद्र में रखकर आयोजित ‘सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट’ विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कृति और अपनी क्षेत्रीय पहचान से जोड़ने की अभिनव पहल बनकर सामने आया है। इस महोत्सव में सरोजनीनगर क्षेत्र के 150 स्कूलों और 29 कॉलेजों के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।

‘जानो उत्तर प्रदेश, जानो लखनऊ, जानो सरोजनीनगर’ के संदेश के साथ आयोजित इस महोत्सव के अंतर्गत आज क्षेत्र के विभिन्न इंटर स्कूलों एवं इंटर कॉलेजों में क्विज प्रतियोगिता के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, सामान्य ज्ञान और तार्किक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर अपने प्रदेश, शहर और विधानसभा क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों, ऐतिहासिक धरोहरों तथा विकास की उपलब्धियों से परिचित कराना है।
‘जानो उत्तर प्रदेश’ के माध्यम से विद्यार्थी प्रदेश की गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और विशिष्ट पहचान से परिचित होंगे। ‘जानो लखनऊ’ के तहत शहर की नवाबी तहजीब, ऐतिहासिक धरोहरों, साहित्य और आधुनिक विकास की जानकारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं ‘जानो सरोजनीनगर’ विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के इतिहास, प्रमुख संस्थानों, विकास परियोजनाओं और भविष्य की संभावनाओं से जोड़ेगा।
आज के डिजिटल युग में जहां सूचनाओं की उपलब्धता बढ़ी है, वहीं अपनी स्थानीय पहचान और विरासत की समझ विकसित करना भी बेहद जरूरी है। सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और नागरिक जागरूकता विकसित करने का प्रयास है।
150 स्कूलों और 29 कॉलेजों की सहभागिता इस आयोजन के व्यापक शैक्षिक महत्व को दर्शाती है। यह पहल शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम और परीक्षा तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों को अपनी जड़ों, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का संदेश दे रही है।
इसका मूल विचार है कि ज्ञान केवल तथ्यों की जानकारी नहीं, बल्कि बेहतर सोच, मजबूत पहचान और उज्ज्वल भविष्य की नींव है। अपनी विरासत को जानकर ही नई पीढ़ी अपने भविष्य का निर्माण अधिक आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ कर सकती है।


































