HomeDaily News26/11 की बरसी पर डॉ.राजेश्वर सिंह ने दी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि,...

26/11 की बरसी पर डॉ.राजेश्वर सिंह ने दी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, सरोजनीनगर विधायक बोले- आतंकवाद के सामने न तो पहले भारत झुका था- न ही कभी झुकेगा : अब बदल चुका है भारत का सुरक्षा सामर्थ्य ; सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर नए भारत की निर्णायक सुरक्षा नीति के प्रतीक

  • 26/11 हमले की 18वीं बरसी पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने शहीदों और निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा की खामियों को 26/11 की बड़ी विफलता बताया।
  • सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को भारत की बदली हुई सुरक्षा नीति का प्रतीक बताया।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की बात कही।
  • सरोजनीनगर विधायक बोले- आतंकवाद के सामने न भारत झुका था, न झुकेगा; शहीदों का बलिदान राष्ट्र की चेतना का अमिट हिस्सा है।

लखनऊ। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए भीषण आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों, वीर पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों के जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 26/11 केवल एक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों का भयावह उदाहरण भी था। उस समय मुंबई कई दिनों तक आतंकियों के निशाने पर रही और पूरा देश अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित था।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 26/11 ने पूरी दुनिया के सामने आतंकवादियों के दुस्साहस और तत्कालीन सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को उजागर कर दिया था। खुफिया सूचनाओं के बावजूद हमले को रोकने में विफलता, समुद्री सुरक्षा में खामियां और आतंकी हमले के दौरान प्रभावी समन्वय की चुनौतियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा कि यह सवाल आज भी प्रासंगिक है कि चेतावनियां मिलने के बावजूद इतनी बड़ी त्रासदी को रोकने के लिए पर्याप्त तैयारियां क्यों नहीं की गई थीं।

सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक बदली भारत की रणनीति

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में निर्णायक बदलाव आया है। आज भारत आतंकवादी हमलों के बाद केवल निंदा और कूटनीतिक विरोध तक सीमित रहने वाला देश नहीं है। उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा हमले के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर इस बदली हुई रणनीतिक सोच के प्रमुख उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने स्पष्ट कर दिया कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा को चुनौती देने वालों को जवाब देने की क्षमता और इच्छाशक्ति रखता है। यह केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नए भारत के आत्मविश्वास, राजनीतिक इच्छाशक्ति और सामरिक सामर्थ्य की हुंकार थी।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने समन्वय, पराक्रम और सटीकता का परिचय देकर प्रत्येक भारतीय का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। पाकिस्तान को यह संदेश मिल चुका है कि आतंकवाद को संरक्षण देकर भारत की सुरक्षा और संप्रभुता को चुनौती देने का दौर अब पहले जैसा नहीं रहा।

आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद निरोधक तंत्र हुआ मजबूत

विधायक ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आंतरिक सुरक्षा, खुफिया समन्वय, आतंकवाद निरोधक तंत्र और राज्यों के साथ सुरक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य हुआ है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के विरुद्ध बहुआयामी रणनीति, सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्रवाई और विकास की मुख्यधारा से जुड़ाव के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था किसी भी सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है। आज भारत रक्षा क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का विस्तार करने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा बजट में वृद्धि और स्वदेशी रक्षा उत्पादन को प्रोत्साहन देश की सामरिक तैयारियों को नई मजबूती प्रदान कर रहा है।

26/11 के शहीदों का बलिदान राष्ट्र की चेतना का अमिट हिस्सा

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 26/11 के शहीदों का बलिदान भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमिट हिस्सा है। उन वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की। आज उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि भारत आतंकवाद के विरुद्ध अपनी शून्य सहिष्णुता की नीति पर अडिग रहे और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए अपनी क्षमताओं को निरंतर सुदृढ़ करता रहे।

उन्होंने कहा कि भारत शांति और सद्भाव में विश्वास करता है, लेकिन देश की सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। आतंकवाद के सामने न भारत झुका था और न कभी झुकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments