HomeDaily News25 वर्षों की जनसेवा को मिला सम्मान: डॉ. राजेश्वर सिंह ने ‘स्वास्थ्य...

25 वर्षों की जनसेवा को मिला सम्मान: डॉ. राजेश्वर सिंह ने ‘स्वास्थ्य महोत्सव-2026’ का किया उद्घाटन, बोले- चिकित्सा नहीं, मानवता की सबसे बड़ी सेवा है स्वास्थ्य सेवा

लखनऊ। सरोजनीनगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर द्वारा आयोजित ‘स्वास्थ्य महोत्सव- 2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल की 25 वर्षों की जनसेवा को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की इस पहल की सराहना की।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनके पारिवारिक मित्र एवं सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के निदेशक डॉ. राजेश मेहता तथा उनका पूरा परिवार पिछले करीब 25 वर्षों से चिकित्सा को सेवा का माध्यम बनाकर निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता, उत्कृष्ट चिकित्सा व्यवस्था और मरीजों के प्रति समर्पण ने इस अस्पताल को लखनऊ के सबसे भरोसेमंद स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि डॉ. राजेश मेहता, डॉ. ज्योत्सना मेहता, डॉ. रोहित मेहता और डॉ. भाविक मेहता सहित पूरा चिकित्सक परिवार अपने ज्ञान, अनुभव और मानवीय दृष्टिकोण से हजारों परिवारों के जीवन में स्वास्थ्य, विश्वास और नई उम्मीद का संचार कर रहा है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और रोगी-केंद्रित सेवाओं के माध्यम से यह संस्थान जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

आलमबाग बस स्टैंड के निकट कानपुर रोड स्थित CHTC बिल्डिंग में आयोजित इस निःशुल्क स्वास्थ्य महोत्सव के तहत अस्थि रोग, सामान्य चिकित्सा, सामान्य शल्य चिकित्सा, हृदय रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, तंत्रिका रोग और फिजियोथेरेपी सहित अनेक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का यह प्रयास अनुकरणीय है और ऐसे आयोजन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंदों को राहत भी प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने डॉ. के.बी. गुप्ता, डॉ. विष्णु लाल, डॉ. श्याम मिश्रा, डॉ. यशपाल सिंह तथा सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर की पूरी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी टीम को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सेवा-यज्ञ भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और असंख्य लोगों के जीवन में नई मुस्कान लेकर आएगा।

अपने संबोधन के समापन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं, बल्कि एक समृद्ध, सक्षम और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। जब चिकित्सा सेवा संवेदनशीलता और समर्पण से जुड़ती है, तब समाज अधिक सशक्त, सुरक्षित और मानवीय बनता है। स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments