
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है और सरोजनीनगर विधानसभा भी इस विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, एक्सप्रेस-वे, रेलवे और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य कर रही हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि लगभग ₹5,000 करोड़ की लागत से बनने वाला 50 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेस-वे आगरा एक्सप्रेस-वे को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ेगा, जिससे आवागमन तेज होने के साथ औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वहीं ₹4,700 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड रोड के पूरा होने के बाद अमौसी एयरपोर्ट से कानपुर की यात्रा लगभग 40 मिनट में पूरी हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ₹499.51 करोड़ की लागत से छह पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि ₹492.34 करोड़ से विभिन्न नहरों की 11 क्षतिग्रस्त पटरियों का जीर्णोद्धार कराया गया है। इसके अलावा ₹144 करोड़ की लागत से नगर निगम, नगर पंचायत एवं विभिन्न जनप्रतिनिधि निधियों के माध्यम से 1,900 से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया है।
डॉ. सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, यूपीसीडा, पंचायतीराज विभाग, नियोजन विभाग, एलडीए, मंडी परिषद तथा सांसद-विधायक निधि के माध्यम से सैकड़ों नई सड़कें, चौड़ीकरण कार्य और सुदृढ़ीकरण परियोजनाएं तेजी से संचालित हैं। बनी-मोहनलालगंज फोरलेन सड़क, चन्द्रावल चौराहा चौड़ीकरण, शांति नगर और दरोगा खेड़ा में फुट ओवर ब्रिज, हरौनी रेल ओवर ब्रिज, नगवा नाला पुल, लखनऊ-मोहन रोड चौड़ीकरण तथा अर्जुनगंज क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। लखनऊ-कानपुर के बीच फास्ट ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है, हरौनी-कानपुर मेमू सेवा पुनः प्रारंभ की गई है तथा उत्तरेठिया, अमौसी और ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं बनी तक नगरीय बस सेवा का विस्तार भी आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना केवल आवागमन को आसान नहीं बनाती, बल्कि निवेश, उद्योग, रोजगार और समग्र आर्थिक विकास का मार्ग भी प्रशस्त करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में सरोजनीनगर का प्रत्येक गांव, मोहल्ला और सड़क आधुनिक सुविधाओं से जुड़कर विकास की नई पहचान बनेगा तथा यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक विकसित विधानसभा क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।


































